प्रभात खास: तीन दशक बाद डंडखोरा प्रखंड व अंचल को होगा अपना भवन

प्रभात खास: तीन दशक बाद डंडखोरा प्रखंड व अंचल को होगा अपना भवन
– भवन निर्माण विभाग ने निकाला टेंडर – पांच जून को पूर्णिया में होगी प्रीबीड मीटिंग कटिहार प्रगति यात्रा के दौरान मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की ओर से जिले के डंडखोरा प्रखंड सह अंचल कार्यालय भवन व आवासीय परिसर के निर्माण की घोषणा जल्द ही जमीन पर उतरने वाली है. डंडखोरा प्रखंड सह आंचल कार्यालय भवन की टेंडर प्रक्रिया प्रारंभ हो गयी. प्रखंड सह अंचल कार्यालय के साथ-साथ कटिहार, आजमनगर, कोढ़ा, फलका, बरारी व प्राणपुर के प्रखंड सह अंचल कार्यालय भवन निर्माण के टेंडर प्रक्रिया शुरू हुई है. टेंडर प्रक्रिया भवन निर्माण प्रमंडल कटिहार की ओर से की गयी है. डंडखोरा प्रखंड सह अंचल कार्यालय भवन 30.74 करोड़ व शेष प्रखंड 16.62 करोड़ की राशि से निर्माण कराया जायेगा. टेंडर प्रक्रिया शुरू होने से क्षेत्र के लोगों में हर्ष व्याप्त है. डंडखोरा प्रखंड विकास मंच के प्रतिनिधियों ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार एवं जिला के प्रभारी मंत्री सह लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण मंत्री नीरज कुमार सिंह के प्रति आभार प्रकट किया है. डंडखोरा प्रखंड की स्थापना 30 सितंबर 1994 को हुई थी. तब से यह प्रखंड सह अंचल कार्यालय कभी पंचायत भवन में तो कभी ट्राइसेम भवन में संचालित होती रही है. वर्तमान में यह प्रखंड सह अंचल कार्यालय छोटे से ट्राइसेम भवन में संचालित हो रही है. जहां सरकारी कार्यों को क्रियान्वित करने में न केवल परेशानी का सामना करना पड़ता है. बल्कि आम लोगों को भी कई तरह की परेशानियों से जूझना पड़ता है. काफी जद्दोजहद के बाद जमीन को चिन्हित करते हुए सरकार से स्वीकृति मिलने के बाद रजिस्ट्री करने की प्रक्रिया 2020 में पूरी की गयी. लेकिन प्रखंड सह अंचल भवन निर्माण करने की प्रक्रिया शुरू नहीं हो सकी है. डंडखोरा प्रखंड विकास मंच ने मुख्यमंत्री, उप मुख्यमंत्री, ग्रामीण विकास मंत्री सहित संबंधित शीर्ष अधिकारियों को पत्र प्रेषित करते हुए डंडखोरा प्रखंड सह अंचल भवन निर्माण की प्रक्रिया जल्द पूरी करने की मांग की थी. वर्ष 2013 से चली थी मुहिम डंडखोरा प्रखंड सह अंचल भवन की स्थापना तत्कालीन मुख्यमंत्री लालू प्रसाद के द्वारा 30 सितंबर 1994 को किया था. भवन निर्माण की प्रक्रिया ग्रामीण विकास विभाग के दिशानिर्देश के बाद वर्ष 2013 में शुरू हुआ. इसकी भी एक अलग कहानी है. जब ग्रामीण विकास विभाग द्वारा प्रखंड सह अंचल कार्यालय भवन के लिए जिला पदाधिकारी को वर्ष 2013 में निर्देश दिया था. उस समय तत्कालीन जिला पदाधिकारी ने अधिसूचित क्षेत्र के बजाय दूसरे क्षेत्रों में प्रखंड कार्यालय बनाने की तैयारी में थे. डंडखोरा प्रखंड के लोगों ने डंडखोरा प्रखंड विकास मंच की पहल पर डंडखोरा प्रखंड सह अंचल भवन निर्माण संघर्ष समिति का गठन किया. इस समिति के द्वारा अधिसूचित क्षेत्र में प्रखंड सह अंचल भवन निर्माण को लेकर अंतर्राष्ट्रीय मानवाधिकार दिवस के दिन 10 दिसंबर 2013 को प्रखंड कार्यालय के समीप धरना प्रदर्शन किया गया. साथ ही मांग पत्र तत्कालीन जिला पदाधिकारी प्रकाश कुमार को दिया. डीएम को विभागीय दिशा निर्देश से भी अवगत कराया गया. डीएम श्री कुमार 12 जनवरी 2014 को डंडखोरा पहुंचकर प्रस्तावित भूमिका जायजा लिया. डीएम के साथ पूर्व मंत्री डॉ राम प्रकाश महतो भी साथ थे. डीएम ने प्रस्तावित भूमि को उपयुक्त बताते हुए जिला स्थल चयन समिति के सदस्यों को भी भूमि का जायजा लेने को कहा. जिला स्थल चयन समिति संतुष्ट होने के बाद अधिग्रहण के लिए प्रस्ताव सरकार को भेजा. प्रगति यात्रा के दौरान मुख्यमंत्री ने की थी घोषणा मंच के चितरंजन भारती ने बताया कि मजदूर नेता विकास सिंह के सहयोग से 25 जनवरी 2025 को जिला अतिथि गृह में प्रभारी मंत्री सह लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण मंत्री नीरज कुमार सिंह से मुलाकात कर मंच के प्रतिनिधियों ने डंडखोरा प्रखंड सह भवन निर्माण को लेकर बातचीत की थी. मंत्री को इस आशय से संबंधित एक पत्र भी दिया था. तब प्रभारी मंत्री ने मंच के प्रतिनिधिमंडल को भरोसा दिलाया था कि मुख्यमंत्री के प्रगति यात्रा के दौरान डंडखोरा प्रखंड सह अंचल कार्यालय भवन निर्माण की घोषणा जरूर की जायेगी. इसको लेकर सार्थक पहल किया जायेगा. 29 जनवरी 2025 को मुख्यमंत्री ने प्रगति यात्रा के दौरान अन्य घोषणाओं के साथ-साथ डंडखोरा प्रखंड सह अंचल कार्यालय भवन तथा आवासीय परिसर के निर्माण की घोषणा कर दी. उल्लेखनीय है कि डंडखोरा के तत्कालीन प्रमुख पूनम देवी ने प्रखंड सह अंचल भवन निर्माण के लिए भूख हड़ताल पर भी बैठी थी. इस बीच तत्कालीन जिला पदाधिकारी कंवल तनुज के पहल पर स्वीकृत भूमि अर्जित करने की प्रक्रिया में तेजी आयी तथा 25 अगस्त 2020 को ग्रामीण विकास विभाग के दिशा निर्देश के आलोक में उप विकास आयुक्त के नाम से जमीन की रजिस्ट्री प्रक्रिया पूरी की गयी. इन प्रखंड सह अंचल कार्यालय का भी होगा निर्माण प्रगति यात्रा के दौरान मुख्यमंत्री ने कटिहार, आजमनगर, कोढ़ा, फलका, बरारी एवं प्राणपुर में नये प्रखंड सह अंचल कार्यालय भवन का निर्माण की भी घोषणा की है. प्राक्कलित राशि 16.621 करोड प्रति प्रखंड 99.726 करोड़ की राशि स्वीकृति, खेल विभाग, पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग तथा मंत्री परिषद की बैठक में दी गयी है. इन सभी प्रखंड सह अंचल कार्यालय भवन निर्माण को लेकर ही टेंडर निकाला गया है.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




