बुजुर्ग महिला को झांसे में लेकर लाखों के सोने के जेवरात उड़ा ले गये ठग

बुजुर्ग महिला को झांसे में लेकर लाखों के सोने के जेवरात उड़ा ले गये ठग
– पुलिस सीसीटीवी फुटेज के माध्यम से कर रही जांच पड़ताल कटिहार जिले में ठगी की घटनाएं लगातार बढ़ती जा रही हैं. ताजा मामला नगर थाना क्षेत्र के बड़ा बाजार इलाके का है. जहां शातिर ठगों ने एक बुजुर्ग महिला को झांसे में लेकर लाखों रुपये के सोने के जेवरात उड़ा ले गये. घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है. 58 वर्षीय शीला अग्रवाल सोमवार की सुबह घर से कचरा फेंकने के लिए निकली. कचरा फेंककर जैसे ही वह वापस लौट रही थी. तभी एक युवक ने उन्हें इशारा कर रोका और कहा कि साहब आपको बुला रहे हैं. महिला उसकी बातों में आ गयी और कुछ ही दूरी पर खड़े एक अन्य व्यक्ति के पास पहुंची. उस व्यक्ति ने खुद को पुलिसकर्मी बताते हुए महिला को समझाया कि खुले में सोने के आभूषण पहनकर चलना खतरनाक है. इससे उनकी जान को खतरा हो सकता है. ठग की बातों पर भरोसा करते हुए बुजुर्ग महिला ने अपनी सोने की चेन और दोनों हाथों के कंगन उतारकर उसे दे दिया. आरोपितों ने बड़ी चालाकी से जेवरात को कागज में लपेटकर वापस महिला को थमा दिया और वहां से फरार हो गये. घर पहुंचने के बाद जब महिला ने कागज खोला तो उनके होश उड़ गये. सोने के कंगनों की जगह लोहे के कंगन और चेन की जगह ईंट-पत्थर मिले. इसके बाद परिजनों को समझते देर नहीं लगी कि महिला ठगी का शिकार हो गई हैं. यह पूरी वारदात को तीन अपराधियों ने सुनियोजित तरीके से अंजाम दिया. ठग करीब आठ से 9 भर सोने के जेवरात लेकर फरार हो गये. घटना घर में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है. जिससे पुलिस को जांच में मदद मिलने की उम्मीद है. घटना की जानकारी मिलते ही परिजन नगर थाना पहुंचे और मामला दर्ज कराया. पीड़िता के पुत्र चंचल अग्रवाल ने बताया कि आरोपित हंटर बाइक पर सवार होकर आए थे. अररिया का है. पुलिस मामले की जांच में जुट गई है. सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपितों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है. परिजनों ने पुलिस प्रशासन से जल्द आरोपितों की गिरफ्तारी और लूटे गये जेवरात की बरामदगी की मांग कर रहे है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




