युद्ध की आहट के बीच बढ़ी महंगाई की चिंता, पेट्रोल पंपों पर उमड़ी भीड़

युद्ध की आहट के बीच बढ़ी महंगाई की चिंता, पेट्रोल पंपों पर उमड़ी भीड़
कटिहार अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बढ़ते तनाव व युद्ध के आशंका के बीच आमलोगों को अब महंगाई की नई मार का डर सताने लगा है. शनिवार को घरेलू गैस सिलेंडर की कीमतों में बढ़ोतरी के बाद लोगों के बीच पेट्रोल व डीजल के दाम बढ़ने की आशंका को लेकर चिंता और भी बढ़ गई है. गैस सिलेंडर के दाम बढ़ते ही शहर के कई पेट्रोल पंपों पर बाइक व अन्य वाहनों में पेट्रोल भराने के लिए लोगों की भीड़ देखी गयी. शनिवार को घरेलू गैस सिलेंडर की कीमत में सीधे 60 रुपये की बढ़ोतरी कर दी गयी. कमर्शियल गैस सिलेंडर के दामों में 115 रुपये का इजाफा हुआ. लोगों को आशंका है कि आने वाले दिनों में पेट्रोल और डीजल की कीमतों में भी बढ़ोतरी हो सकती है. गैस सिलेंडर की कीमत बढ़ने की खबर फैलते ही कई लोग एहतियातन अपने वाहनों में पेट्रोल भरवाने के लिए पेट्रोल पंपों की ओर दौड़ पड़े. शहर के कई पेट्रोल पंपों पर सुबह से ही वाहनों की लंबी कतारें देखने को मिली. बाइक चालक, ऑटो चालक और अन्य वाहन मालिक जल्द से जल्द पेट्रोल भरवाने में जुटे नजर आये. एक पेट्रोल पंप कर्मचारी ने नाम नहीं छापने की शर्त पर बताया कि पिछले कुछ दिनों से पेट्रोल की बिक्री में काफी बढ़ोतरी देखी जा रही है. आमदिनों की तुलना में अधिक संख्या में लोग पेट्रोल भरवाने के लिए आ रहे हैं. उन्होंने बताया कि कई लोग एक बार में ही ज्यादा पेट्रोल भरवा रहे हैं. पेट्रोल पंप पर मौजूद एक बाइक चालक अनिल कुमार ने बताया कि अंतरराष्ट्रीय हालात को देखते हुए लोगों में यह डर है कि पेट्रोल और डीजल की कीमतें जल्द ही बढ़ सकती है. कहा, गैस सिलेंडर के दाम बढ़ने के बाद अब पेट्रोल-डीजल महंगा होने की आशंका और भी बढ़ गई है. लोग पहले से ही अपने वाहनों में पेट्रोल भरवा रहे हैं. स्थानीय लोगों का कहना है कि लगातार बढ़ती महंगाई ने पहले ही आम आदमी की कमर तोड़ दी है. रसोई गैस से लेकर खाने-पीने की चीजों और ईंधन तक के दाम बढ़ने से घरेलू बजट पर सीधा असर पड़ेगा. अगर पेट्रोल और डीजल की कीमतों में भी बढ़ोतरी होती है तो इसका असर परिवहन, सब्जियों और अन्य आवश्यक वस्तुओं की कीमतों पर भी पड़ेगा. लेकिन आमलोगों में आशंका और चिंता का माहौल बना हुआ है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




