परियोजनाओं का क्रियान्वयन गुणवत्ता के साथ समय पर पूरा करें: डॉ प्रमोद
Published by : RAJKISHOR K Updated At : 01 Jun 2026 6:50 PM
परियोजनाओं का क्रियान्वयन गुणवत्ता के साथ समय पर पूरा करें: डॉ प्रमोद
– जिला 20 सूत्री की बैठक में प्रभारी मंत्री ने की योजनाओं की समीक्षा
कटिहारविकास भवन सभागार कक्ष में सोमवार को खान एवं भूतत्व व कला संस्कृति विभाग के मंत्री सह प्रभारी मंत्री डॉ प्रमोद कुमार की अध्यक्षता में जिला कार्यक्रम कार्यान्वयन समिति (जिला 20 सूत्री) की समीक्षात्मक बैठक एवं जिला आपदा बाढ़ व सुखाड़ राहत अनुश्रवण सह- निगरानी समिति की बैठक आहूत की गयी. बैठक में सरकार की ओर से संचालित विभिन्न विकासात्मक एवं जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गयी. बैठक में खासकर शिक्षा, ग्रामीण विकास, नगर विकास, पेयजल, सड़क निर्माण, खाद्य एवं उपभोक्ता संरक्षण, सामाजिक सुरक्षा, महिला एवं बाल विकास सहित विभिन्न विभागों की उपलब्धियों एवं कार्य प्रगति पर विस्तृत चर्चा की गयी. समीक्षा के दौरान बताया गया कि जिले में कुल 1965 विद्यालय संचालित है. जिनमें 581145 छात्र-छात्राएं अध्ययनरत है तथा छात्र-शिक्षक अनुपात 37.78 है. शिक्षक उपस्थिति प्रतिशत 90.63 दर्ज किया गया है. साथ ही विद्यालयों में पाठ्यपुस्तकों का शत-प्रतिशत वितरण सुनिश्चित किया गया है. खाद्य एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग के अंतर्गत मई 2026 तक कुल 6,28,086 राशन कार्डधारियों को खाद्यान्न उपलब्ध कराया गया, जो कुल लाभार्थियों का 83.36 प्रतिशत है. वहीं मध्याह्न भोजन योजना के अंतर्गत अधिकांश विद्यालयों में खाद्यान्न आपूर्ति की प्रक्रिया सुचारू रूप से संचालित है. जल-जीवन-हरियाली एवं पेयजल योजनाओं के अंतर्गत जिले के सभी लक्षित घरों तक नल-जल सुविधा उपलब्ध कराने की दिशा में कार्य पूर्णता की ओर है. कुल 5,23,889 घरों को पेयजल सुविधा उपलब्ध करायी गयी है. मुख्यमंत्री ग्रामीण सोलर स्ट्रीट लाइट योजना के अंतर्गत जिले में 33,580 सोलर स्ट्रीट लाइट अधिष्ठापन का लक्ष्य निर्धारित था. जिसमें 98.95 प्रतिशत उपलब्धि हासिल की गयी है.
इन योजनाओं की हुई समीक्षा
समीक्षा के क्रम में बताया गया है कि ग्रामीण कार्य विभाग द्वारा प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना एवं अन्य योजनाओं के अंतर्गत विभिन्न सड़कों एवं पुलों का निर्माण कार्य प्रगति पर है. कई योजनाएं पूर्ण हो चुकी हैं तथा शेष कार्यों को निर्धारित समयावधि में पूर्ण कराने का निर्देश दिया गया. मनरेगा अंतर्गत वित्तीय वर्ष 2025-26 में 71.82 लाख मानव दिवस सृजित किये गये, जो लक्ष्य का 93.87 प्रतिशत है. प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) अंतर्गत 90.20 प्रतिशत आवासों का निर्माण कार्य पूर्ण किया जा चुका है..नगर निगम, कटिहार क्षेत्र में स्टॉर्म वाटर ड्रेनेज योजना, अमृत 2.0 जलापूर्ति योजना एवं शवदाह गृह निर्माण कार्यों की भी समीक्षा की गयी. संबंधित कार्य एजेंसियों को योजनाओं को समयबद्ध तरीके से पूर्ण करने का निर्देश दिया गया. बैठक में अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि सभी योजनाओं का लाभ पात्र लाभुकों तक पारदर्शी एवं समयबद्ध तरीके से पहुंचाना सुनिश्चित करें तथा लंबित मामलों का शीघ्र निष्पादन करें.बाढ़ पूर्व तैयारी की समीक्षा
बैठक के दूसरे सत्र में प्रभारी मंत्री ने जिला आपदा बाढ़ व सुखाड़ राहत अनुश्रवण सह निगरानी समिति की बैठक में संभावित बाढ़-2026 को लेकर की जा रही तैयारी की समीक्षा की गयी. जिला प्रशासन द्वारा संभावित बाढ़ से निपटने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां पर पूर्ण कर ली गयी है. प्रभारी मंत्री की अध्यक्षता में आयोजित समीक्षा बैठक में विभिन्न विभागों द्वारा की गयी तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की गयी. जिले में राहत एवं बचाव कार्य के लिए सरकारी एवं गैर-सरकारी नावों की उपलब्धता सुनिश्चित की गयी है. कुल 197 सरकारी तथा 317 गैर-सरकारी नावों की व्यवस्था की गयी है तथा नाव परिचालन के लिए कम्युनिकेशन प्लान भी तैयार कर लिया गया है. जिला प्रशासन की ओर से बाढ़ प्रभावित परिवारों के लिए राहत सामग्री, खाद्यान्न एवं अन्य आवश्यक सामग्रियों की खरीद को लेकर निविदा प्रक्रिया पूर्ण कर ली गयी है. बाढ़ राहत के लिए जिले में कुल 49,338 पॉलीथीन शीट उपलब्ध हैं. इसके अतिरिक्त 73,400 अतिरिक्त पॉलीथीन शीट की मांग की गयी है. जिससे कुल उपलब्धता 1,22,738 हो जायेगी. जिले में कुल 417 बाढ़ आश्रय स्थलों का चयन किया गया है. जहां पेयजल, शौचालय एवं बिजली जैसी बुनियादी सुविधाओं की व्यवस्था सुनिश्चित की जा रही है. साथ ही 627 सामुदायिक रसोई केंद्र भी चिन्हित किये गये है. स्वास्थ्य विभाग द्वारा बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों हेतु 61 प्रकार की आवश्यक दवाइयों की उपलब्धता सुनिश्चित की गयी है.बाढ़ को लेकर 171 मेडिकल टीम गठित
जिले के सभी प्रखंडों में कुल 171 मेडिकल टीमों का गठन किया गया है तथा पंचायत स्तर तक स्वास्थ्यकर्मियों की प्रतिनियुक्ति कर महामारी नियंत्रण की कार्ययोजना तैयार की गयी है. संभावित बाढ़ प्रभावित परिवारों का डेटा आपदा सम्पूर्ति पोर्टल पर अद्यतन किया जा रहा है. जिले में कुल 5,89,941 लाभुकों का विवरण अपलोड किया गया है. जिनमें से 5,27,907 लाभुकों का पीएफएमएस द्वारा सत्यापन किया जा चुका है. कृषि विभाग द्वारा संभावित फसल क्षति को देखते हुए वैकल्पिक फसल योजना तैयार की गयी है. किसानों को आवश्यकतानुसार बीज उपलब्ध कराने की व्यवस्था की जा रही है. पशुपालन विभाग द्वारा सभी 16 प्रखंडों में पशु चिकित्सा दल का गठन किया गया है तथा 61 पशु शिविर स्थलों का चयन किया गया है. जिले में 24 घंटे जिला आपातकालीन संचालन केंद्र कार्यरत है. आपदा संबंधी सहायता के लिए दूरभाष संख्या 06452-239025, 239026 एवं 242400 तथा मोबाइल संख्या 9470432005 जारी किया गया है.
बैठक में विधायक, एमएलसी, मेयर व जिप अध्यक्ष शामिल
बैठक में प्रभारी मंत्री द्वारा संबधित सभी विभागों के पदाधिकारियों समय पर सारे कार्य करने का का निर्देश दिया गया. साथ ही नैतिकता एवं मौलिकता के साथ लोगों के कार्यों को करने को निर्देशित किया. बैठक में प्रभारी मंत्री के साथ-साथ बिहार के पूर्व उप मुख्यमंत्री सह विधायक तारकिशोए प्रसाद, विधान परिषद सदस्य अशोक कुमार अग्रवाल, विधायक कदवा दुलालचंद गोस्वामी, विधायक मनिहारी मनोहर प्रसाद सिंह, विधायक बरारी विजय सिंह, विधायक प्राणपुर निशा सिंह, विधायक कोढ़ा कविता देवी, विधायक बलरामपुर संगीता कुमारी, महापौर उषा देवी अग्रवाल; जिला परिषद की अध्यक्ष रश्मि सिंह के साथ प्रभारी जिला पदाधिकारी डॉ विनोद कुमार, पुलिस अधीक्षक शिखर चौधरी के अतिरिक्त जिले के सभी मुख्य पार्षद एवं 20 सूत्री के सभी सदस्य एवं जिला के सभी संबंधित पदाधिकारी मौजूद थे.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










