शादी कार्ड दिखाकर ही मिलेगा कॉमर्शियल गैस सिलिंडर

शादी कार्ड दिखाकर ही मिलेगा कॉमर्शियल गैस सिलिंडर
– एसडीओ को बतानी होगी मेहमानों की संख्या-वैवाहिक कार्यक्रम में गैस के उपयोग को लेकर नये नियम जारी कटिहार अब शादी व्याह के कार्यक्रम में अगर गैस की जरूरत होगी तो पहले उसकी सूचना लिखित रूप से संबंधित अनुमंडल पदाधिकारी को देनी होगी. खाद्य एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग के विशेष सचिव उपेंद्र कुमार ने जिला पदाधिकारी को वैवाहिक कार्यक्रम में गैस की उपयोग को लेकर स्पष्ट दिशा निर्देश दिया है. डीएम को लिखे पत्र में विशेष सचिव ने कहा है कि आमतौर पर वैवाहिक कार्यक्रम में व्यक्ति विशेष घरेलू एलपीजी का उपयोग करते है, जो उचित नहीं है. इससे राज्य में चल रहे एलपीजी की आपूर्ति के बैकलॉग की संख्या और बढ़ जाने की संभावना है. पश्चिम एशिया में तेल एवं प्राकृतिक गैस की उत्पन्न समस्याओं के मद्देनजर राज्य में आने वाले वैवाहिक सीजन में वाणिज्यिक गैस की पर्याप्त मात्रा में आपूर्ति न होने की स्थिति में उत्पन्न समस्याओं के आलोक में इस बिंदु पर निदान किये जाने की आवश्यकता है. डीएम को लिखे पत्र में कहा गया है कि वैवाहिक कार्यक्रम के लिए रसोईया या कैटरर्स अपने वाणिज्यिक गैस के लिए निबंधन करायेंगे और संबंधित तेल कंपनियां अगले 5-7 दिनों में निबंधन करना सुनिश्चित करेंगे. साथ ही जिस व्यक्ति विशेष के घर में वैवाहिक कार्यक्रम निर्धारित है. उस व्यक्ति विशेष के द्वारा शादी के कार्ड के साथ अपने संबंधित अनुमंडल पदाधिकारी को वाणिज्यिक गैस की आपूर्ति के लिए एक आवेदन समर्पित करेंगे. जिसमें इस बात का स्पष्ट उल्लेख हो कि उन्हें कितने वाणिज्यिक गैस सिलेंडर की आवश्यकता है तथा उनके उक्त वैवाहिक कार्यक्रम में कितने लोगों के शामिल होने की संभावना है. संबंधित अनुमंडल पदाधिकारी व्यक्ति विशेष के द्वारा समर्पित आवेदन के आलोक में लोगों की उपस्थिति के संबंध में आकलन करते हुए उसके अनुसार संबंधित तेल कंपनी को वैवाहिक कार्यक्रम के दिन वाणिज्यिक गैस की व्यक्ति विशेष द्वारा की गयी मांग एवं उक्त दिन को वाणिज्यिक गैस की उपलब्धता के आधार पर वैवाहिक कार्यक्रम के लिए व्यक्ति विशेष के लिए रसोईया या कैटरर्स को आनुपातिक रूप से वाणिज्यिक गैस की आपूर्ति सुनिश्चित करेंगे. वैवाहिक कार्यक्रम के लिए व्यक्ति विशेष के लिए उपलब्ध कराया गया वाणिज्यिक गैस मात्र वैवाहिक कार्यक्रम में ही प्रयुक्त होंगे.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




