बाइक की टक्कर से बच्चे की मौत, सड़क जाम कर जताया विरोध

बाइक की टक्कर से बच्चे की मौत, सड़क जाम कर जताया विरोध
बलिया बेलौन सालमारी थाना क्षेत्र के गोविंदपुर चौक पर शनिवार शाम दर्दनाक सड़क हादसे में 10 वर्षीय बच्चे की मौत हो गयी. मृतक की पहचान किशन कुमार के रूप में हुई है. जो कि समस्तीपुर का है. रिश्तेदारी में आया हुआ था. सड़क किनारे खड़ा था. इसी दौरान नारायणपुर की ओर से तेज रफ्तार में आ रही बाइक ने उसे जोरदार टक्कर मार दी और चालक मौके से फरार हो गया. हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और आसपास के लोग तुरंत बच्चे को संभालने पहुंचे. लेकिन तब तक उसकी हालत गंभीर हो चुकी थी. इस घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया. गुस्साए लोगों ने एसएच-98 मार्ग स्थित गोविंदपुर चौक पर बांस-बल्ला लगाकर सड़क जाम कर दिया और टायर जलाकर प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करने लगे. सूचना मिलते ही सालमारी थाना अध्यक्ष कुमारी जूली पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचीं. उन्होंने ग्रामीणों से बातचीत कर उन्हें शांत कराया और उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया. काफी समझाने-बुझाने के बाद ग्रामीणों ने जाम हटाया और आवागमन बहाल हो सका. पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव का पंचनामा तैयार किया और उसे अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. फरार बाइक चालक की तलाश के लिए पुलिस द्वारा कार्रवाई शुरू कर दी गई है. ग्रामीणों का कहना है कि गोविंदपुर चौक पर पिछले तीन वर्षों में कई सड़क हादसे हो चुके हैं. लेकिन प्रशासन की ओर से कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया. लोगों की मांग है कि सड़क के दोनों ओर स्पीड ब्रेकर बनाए जाये. ताकि वाहनों की रफ्तार नियंत्रित हो सके और भविष्य में इस तरह की घटनाओं पर रोक लगाई जा सके. थाना अध्यक्ष कुमारी जूली ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और आरोपित वाहन चालक की पहचान कर जल्द ही उसे गिरफ्तार किया जायेगा.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




