ऑनलाइन दवा बिक्री के खिलाफ केमिस्ट की हड़ताल, बंद रहीं दुकानें
Published by : RAJKISHOR K Updated At : 20 May 2026 6:32 PM
ऑनलाइन दवा बिक्री के खिलाफ केमिस्ट की हड़ताल, बंद रहीं दुकानें
– कटिहार जिले की 2800 मेडिकल दुकानें रहीं बंद डिजिटल पर खबर लग चुकी है. – केमिस्टों ने कहा दवा व्यापार नहीं, लोगों की जिंदगी का सवाल – सदर अस्पताल के सामने धरना देकर सरकार से लगाई रोक की मांग कटिहार ऑनलाइन दवा बिक्री के विरोध में बुधवार को कटिहार जिले के दवा कारोबारियों ने एकजुट होकर बड़ा आंदोलन किया. ऑल इंडिया ऑर्गेनाइजेशन ऑफ केमिस्ट एंड ड्रगिस्ट के आह्वान पर जिले की करीब 2800 मेडिकल दुकानों पर पूरे दिन ताला लटका रहा. कटिहार डिस्ट्रिक्ट केमिस्ट एसोसिएशन के नेतृत्व में दवा विक्रेताओं ने सदर अस्पताल गेट के सामने धरना-प्रदर्शन कर केंद्र सरकार से ऑनलाइन दवाओं की बिक्री पर तत्काल रोक लगाने की मांग उठायी. प्रदर्शन के दौरान ऑनलाइन दवा बिक्री बंद करो, नकली दवाइयों से देश को बचाओ, दवा व्यापार बचाओ जैसे नारों से माहौल गूंजता रहा. वक्ताओं ने कहा कि बिना पर्याप्त निगरानी के ऑनलाइन दवाओं की बिक्री मरीजों की सेहत के लिए गंभीर खतरा बनती जा रही है. उनका आरोप था कि कई ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर बिना डॉक्टर की पर्ची के भी दवाइयां उपलब्ध कराई जा रही हैं. जिससे गलत दवा सेवन और नकली दवाओं का खतरा बढ़ रहा है. जिला अध्यक्ष मधु अग्रवाल ने कहा कि मेडिकल दुकानों पर मौजूद प्रशिक्षित फार्मासिस्ट मरीजों को सही सलाह और दवा संबंधी जरूरी जानकारी देते हैं. जबकि ऑनलाइन व्यवस्था में ऐसी सुविधा नहीं मिलती. जिला सचिव पंकज कुमार साह ने कहा कि दवा कोई सामान्य वस्तु नहीं, बल्कि लोगों के जीवन से जुड़ा संवेदनशील विषय है. पूर्व जिला अध्यक्ष गोपी तंबाखुवाला व पूर्व सचिव वीरेंद्र उपाध्याय ने चेतावनी दी कि मांगें नहीं मानी गईं तो आंदोलन और तेज किया जायेगा. हालांकि हड़ताल के दौरान गंभीर मरीजों को राहत देने के लिए कुछ चुनिंदा मेडिकल दुकानों को इमरजेंसी सेवा के लिए खुला रखा गया. धरना में किशोर कुमार, शाहबाज हसन, सलाउद्दीन, मधुकर कुमार, लक्ष्मीकांत अग्रवाल, इंद्रभूषण प्रसाद, सच्चिदानंद महतो, संजय कुमार चौधरी, श्रवण मध्ययनी, शंकर प्रसाद गुप्ता, शशि कसवानी, विमल कुमार, विजय भगत, विनोद भगत, संजय कुमार झा, प्रशांत गिरी, अंकित आहूजा, प्रेमजीत चौधरी सहित बड़ी संख्या में दवा व्यवसायी मौजूद रहे.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










