बारसोई में चरमराई बिजली व्यवस्था, 6-7 घंटे गुल रही बिजली
Author Rajkishor k
Updated:
विज्ञापन

आपूर्ति प्रभावित होने पर उपभोक्ताओं में भारी आक्रोश देखा जा रहा है. वहीं कार्यपालक अभियंता, सहायक अभियंता व कनीय अभियंता की कार्यशैली पर उपभोक्ताओं ने सवाल उठाते हुए कहा जल्द आपूर्ति को दुरुस्त करें साथ ही उच्चस्तरीय हस्तक्षेप की भी मांग की है.
विज्ञापन
कटिहार के बारसोई से रिपोर्ट,
बारसोई में बिजली व्यवस्था लगातार बदहाल होती जा रही है. रविवार को दोपहर से लेकर देर शाम तक करीब 6-7 घंटे बिजली आपूर्ति बाधित रहने से उपभोक्ताओं का आक्रोश फूट पड़ा. बिजली बहाल होने के बाद भी लगातार ट्रिपिंग और अनियमित आपूर्ति ने लोगों की परेशानी और बढ़ा दी. भीषण गर्मी और उमस के बीच लोगों को अंधेरे में समय बिताने को मजबूर होना पड़ा. स्थानीय लोगों का कहना है कि बारसोई में अब बिजली कटौती अपवाद नहीं बल्कि नियमित समस्या बन चुकी है. कभी मामूली हवा चलने पर तो कभी बिना किसी स्पष्ट कारण के घंटों बिजली बाधित हो जाती है. हाल के दिनों में 10 एमवीए ट्रांसफार्मर बदलने के दौरान भी विभाग द्वारा घोषित समय से लगभग चार घंटे देर से बिजली बहाल की गई थी. जिसके बाद भी पूरी रात आपूर्ति अनियमित बनी रही. इसके बावजूद स्थिति में कोई उल्लेखनीय सुधार नहीं दिख रहा है. उपभोक्ताओं का आरोप है कि बारसोई में कार्यरत विद्युत विभाग के अधिकारियों की निगरानी और मॉनिटरिंग व्यवस्था कमजोर होने के कारण बिजली संकट लगातार गहराता जा रहा है. लोगों का कहना है कि कार्यपालक अभियंता, सहायक अभियंता एवं कनीय अभियंता के स्तर पर यदि प्रभावी मॉनिटरिंग और त्वरित कार्रवाई होती तो इतनी लंबी अवधि तक बिजली बाधित नहीं रहती. जनता के बीच यह चर्चा आम हो गई है कि आखिर बारसोई की बिजली व्यवस्था संभालने में विभागीय तंत्र क्यों विफल साबित हो रहा है. बिजली संकट का असर आम जनजीवन पर साफ दिखाई दे रहा है. पेयजल आपूर्ति प्रभावित हो रही है. छोटे कारोबारियों को नुकसान उठाना पड़ रहा है. विद्यार्थियों की पढ़ाई बाधित हो रही है. मरीजों और बुजुर्गों को भारी परेशानी झेलनी पड़ रही है.इनवर्टर भी दे रहा जवाब
कई उपभोक्ताओं ने बताया कि लगातार हो रही कटौती के कारण इनवर्टर और अन्य विद्युत उपकरण भी जवाब देने लगे हैं. स्थानीय उपभोक्ताओं ने बिहार स्टेट पावर होल्डिंग कंपनी लिमिटेड के उच्च अधिकारियों, ऊर्जा विभाग तथा जिला प्रशासन से मामले में तत्काल हस्तक्षेप करने की मांग की है. लोगों का कहना है कि यदि बारसोई की बिजली व्यवस्था में जल्द सुधार नहीं किया गया तो आमलोग आंदोलन करने को विवश होगी. उपभोक्ताओं ने मांग की है कि बारसोई विद्युत प्रमंडल की कार्यप्रणाली की समीक्षा कर निर्बाध एवं नियमित बिजली आपूर्ति सुनिश्चित की जाय. ताकि लोगों को बार-बार इस परेशानी का सामना न करना पड़े.प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
विज्ञापन

लेखक के बारे में
By राजकिशोर
राजकिशोर प्रिंट माध्यम में 20 और डिजिटल माध्यम में पिछले 5 वर्षों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. करियर की शुरुआत दैनिक जागरण से की. अभी प्रभात खबर के कटिहार कार्यालय में काम कर रहे हैं. शिक्षा, अनुसंधान, कला-संस्कृति व सिनेमा में रुचि रखते हैं.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए
विज्ञापन










