मुहर्रम को लेकर आकर्षक व भव्य ताजिया का कराया जा रहा निर्माण

ग्रामीण क्षेत्रों से लेकर शहर तक मुहर्रम की तैयारी जोरों पर है, इसको लेकर शहर के कई मुहल्लों में ताजिया का निर्माण भी युद्ध स्तर पर चल रहा है.
कटिहार. ग्रामीण क्षेत्रों से लेकर शहर तक मुहर्रम की तैयारी जोरों पर है, इसको लेकर शहर के कई मुहल्लों में ताजिया का निर्माण भी युद्ध स्तर पर चल रहा है. छह जुलाई को शहर में ताजिया जुलूस निकाला जायेगा. सभी कमेटियों के द्वारा एक से बढ़कर एक ताजिया का निर्माण करने में लगे हुए है. रंग बिरंगे कागज, शीशे प्लाईवुड, थर्माकोल आदि सामग्रियों से मनमोहक ताजिया का निर्माण किया जा रहा है. कहीं ताजमहल का प्रारूप दिया जा रहा है, तो कहीं पर शीश महल, तो कहीं काल्पनिक बेहद खूबसूरत ताजिया का निर्माण किया जा रहा है. कमेटी के लोगों कि माने तो बड़े ही भव्य रूप से ताजिया जुलूस शहर में निकाला जायेगा. शहर के दुर्गापुर में पिछले पांच दशक से ताजिया का निर्माण कराया जाता है. हर बार ताजमहल का ही रूप दिया जाता है. इस वर्ष भी ताजमहल के प्रारूप का निर्माण कर यहां से ताजिया निकाला जायेगा. शहर में रामपाड़ा ताजिया निकलने पर लोगों के लिए आकर्षण केंद्र रहता है. चूंकि रामपड़ा का ताजिया सबसे बड़ा और ताजिया में शामिल लोगों की हुजूम काफी उमड़ती है. इस बार रामपाड़ा में एक खूबसूरत ताजिया का निर्माण किया जा रहा है. ड्राइवर टोला में भी एक बेहतरीन ताजिया का निर्माण कराया जा रहा है. इस ताजिया में सनमाइका और प्लाईवुड से तैयार किया जा रहा है. लड़कनिया टोला में भी ताजिया का निर्माण किया जा रहा है. इस बार इस ताजिया के फर्मे के साथ थरमोकोल, रंगीन कागज एवं अन्य चीजों से सजाया जा रहा है जो लोगों को बेहद पसंद आयेगा. शहर के मिरचाईबाड़ी में इस बार एक खूबसूरत ताजिया का निर्माण कराया जा रहा है. यह ताजिया एक काल्पनिक ताजिया के रूप में है. इस ताजिया में इस बार लकड़ी के बीट का फरमा बनाकर थरमोकोल और रंगीन कागज लगाए जा रहे है. कमेटी द्वारा बेहद ही खूबसूरत तरीके से ताजिया बनाने में लगे हुए हैं. सदस्यों ने बताया कि इस दिन का बेसब्री से इंतजार रहता है. सभी कमेटी द्वारा बेहतर ताजिया प्रदर्शन करने को लेकर होड़ लगी रहती है. दूसरी तरफ शहर के अड़गड़ा चौक पर अखाड़ा खेलने के लिए सभी अस्थाई दुकानों को वहां से हटा कर मैदान को पूरी तरह से साफ सफाई कराई जा रही है. शहर के जितने भी मुहल्लों से ताजिया जुलूस निकलते हैं. सभी एक एक कर अड़गड़ा चौक के इस मैदान में पहुंचकर अपने लाठी डंडे का कर्तव्य दिखाते हैं. इसको लेकर अड़गड़ा चौक के मैदान में तैयारियां भी चल रही है. मैदान की साफ सफाई के बाद यहां पर सामाजिक कार्यकर्ता एवं जिला प्रशासन के पदाधिकारी भी मौजूद रहेंगे. जहां हर मोहल्ले अखाड़ा खलीफा को सम्मानित किया जायेगा. बड़ी संख्या में महिला व पुरुष के ताजिया जुलूस देखने के लिए भारी भीड़ उमड़ेगी.
लाठी का करतब दिखाने के लिए युवा व बच्चे कर रहे अभ्यास
मुहर्रम को लेकर 15 दिन पूर्व से ही मुहल्लों में ढोल बजने शुरू हो गये हैं. खासकर युवा और बच्चे मुहर्रम के आगमन को लेकर पूरे जोश में है. शहर में निकाले जाने वाले ताजिया जुलूस में अपना कर्तव्य दिखाने के लिए युवा व बच्चे इन दिनों पूरी जोर-शोर से अभ्यास में भी लगे हुए हैं. दशमी से पूर्व संध्या शहर में कई मुहल्लों से जुलूस निकाली जायेगी. शहर के बरमना स्थित इमामबाड़ा में अपना करतब दिखायेंगे, जबकि छह जुलाई को सुबह पूरे शहर में ताजिया जुलूस निकाला जायेगा. जहा सभी लाठी-डंडे खेल कर अपना करतब दिखायेंगे. इसको लेकर मुहल्ले में तैयारी की जा रही है. मुहल्ले के अखाड़ों में कर्तव्य को लेकर जोर शोर से अभ्यास भी किया जा रहा है. इसको लेकर युवा और छोटे-छोटे बच्चे काफी उत्साहित नजर आ रहे हैं. अभ्यास सुबह और शाम अपने अपने अखाड़ों में कर रहे है.डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




