बारसोई स्वाति गैस एजेंसी में एसडीएम की छापेमारी,700 खाली व 480 भरे सिलेंडर मिले

बारसोई स्वाति गैस एजेंसी में एसडीएम की छापेमारी,700 खाली व 480 भरे सिलेंडर मिले
-कालाबाजारी पर सख्ती के निर्देश अफवाहों से दूर रहने की अपील -जांच में व्यवस्था संतोषजनक व नियमानुकुल मिला, 3-4 दिन में घर तक मिलेगी गैस बारसोई. स्वाति गैस एजेंसी बारसोई के गैस गोदाम में गुरुवार को अनुमंडल पदाधिकारी राजू कुमार के नेतृत्व में धावादल ने छापेमारी की. इस दौरान सहायक जिला आपूर्ति पदाधिकारी मनीष कुमार एवं आपूर्ति निरीक्षक सृजन श्रीवास्तव भी मौजूद रहे. गोदाम में कुल 700 खाली गैस सिलेंडर एवं 480 भरे हुए सिलेंडर पाए गए, जांच के दौरान संपूर्ण व्यवस्था संतोषजनक एवं नियमों के अनुरूप पाई गई. एसडीएम राजू कुमार ने गैस एजेंसी को स्पष्ट निर्देश दिया कि जिन उपभोक्ताओं ने गैस बुकिंग कराई है, उन्हें निर्धारित 3 से 4 दिनों के भीतर घर पर ही निःशुल्क होम डिलीवरी सुनिश्चित की जाए. उपभोक्ताओं से अपील की गई कि वे एजेंसी परिसर में अनावश्यक भीड़ न लगाएं. गोदाम परिसर में पोस्टर चिपकाकर जानकारी देने तथा सोशल मीडिया व प्रिंट मीडिया के माध्यम से व्यापक प्रचार-प्रसार करने का भी निर्देश दिया गया. एसडीएम ने बताया कि धावा दल द्वारा गैस एजेंसियों का लगातार निरीक्षण किया जा रहा है, कालाबाजारी करने वालों एवं अफवाह फैलाने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी, उन्होंने उपभोक्ताओं से अपील की कि किसी भी तरह की अफवाह पर ध्यान न दें और अनावश्यक रूप से घर में गैस सिलेंडर का स्टॉक न करें. स्वाति गैस एजेंसी में प्रतिदिन एचपीसीएल द्वारा लगभग 1000 सिलेंडर की आपूर्ति की जा रही है, उपभोक्ताओं की सुविधा के लिए गुरुवार से आठ वाहनों के माध्यम से फ्री होम डिलीवरी सेवा भी शुरू कर दी गई है, जिससे गैस वितरण व्यवस्था और अधिक सुचारू हो सकेगी.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




