हम और आप बेहतर समन्वय स्थापित कर बच्चों के समग्र विकास करने का संकल्प

Published by : VIKASH KUMAR Updated At : 31 Jan 2026 5:09 PM

विज्ञापन

जिले के सरकारी प्रारंभिक विद्यालयों में शिक्षक–अभिभावक संगोष्ठी का हुआ आयोजन

विज्ञापन

=जिले के सरकारी प्रारंभिक विद्यालयों में शिक्षक–अभिभावक संगोष्ठी का हुआ आयोजन पढ़ाई, स्वास्थ्य व पोषण को लेकर अभिभावकों से हुई विस्तृत चर्चा भभुआ नगर. जिले के सभी सरकारी प्रारंभिक विद्यालयों में शनिवार को शिक्षक–अभिभावक संगोष्ठी का आयोजन किया गया. संगोष्ठी का मुख्य उद्देश्य विद्यालय व अभिभावकों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर बच्चों के शैक्षणिक, शारीरिक, मानसिक व नैतिक विकास को गति देना रहा. विभाग स्तर से निर्धारित थीम “हम और आप मिलकर करेंगे, बच्चों का समग्र विकास” के अनुरूप विद्यालयों में विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से बैठक आयोजित की गयी, जिसमें बड़ी संख्या में अभिभावकों की सहभागिता देखने को मिली. संगोष्ठी के दौरान शिक्षकों ने बच्चों की पढ़ाई की प्रगति, नियमित उपस्थिति, गृहकार्य, पठन-पाठन की आदतों व सीखने में आ रही कठिनाइयों पर अभिभावकों से विस्तार से चर्चा की. साथ ही बच्चों के स्वास्थ्य व पोषण पर विशेष ध्यान देने की अपील की गयी. शिक्षकों ने बताया कि संतुलित आहार, स्वच्छता, नियमित स्वास्थ्य जांच व खेल-कूद बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए अत्यंत आवश्यक हैं. अभिभावकों को मध्याह्न भोजन योजना के महत्व व घर में पौष्टिक भोजन देने के तरीकों की भी जानकारी दी गयी. मोबाइल व सोशल मीडिया पर नियंत्रण की अपील बैठक में मोबाइल व सोशल मीडिया के अत्यधिक उपयोग से बच्चों पर पड़ने वाले नकारात्मक प्रभावों पर भी गंभीर चर्चा हुई. शिक्षकों ने अभिभावकों से आग्रह किया कि बच्चों के मोबाइल उपयोग पर नियंत्रण रखें और उन्हें पढ़ाई, खेल व रचनात्मक गतिविधियों की ओर प्रेरित करें. स्क्रीन टाइम सीमित रखने, ऑनलाइन सामग्री पर निगरानी व बच्चों से नियमित संवाद बनाये रखने पर जोर दिया गया. सम्मानपूर्वक स्वागत व सहभागिता का संदेश कई विद्यालयों में अभिभावकों का आदरपूर्वक स्वागत किया गया. कुछ स्थानों पर पारंपरिक ढोल-नगाड़ों के साथ स्वागत कर विद्यालय व समाज के आपसी संबंध को मजबूत करने का संदेश दिया गया. शिक्षकों ने नियमित रूप से बच्चों को विद्यालय भेजने, समय पर गृहकार्य पूरा कराने व विद्यालय की गतिविधियों में सक्रिय सहयोग के लिए अभिभावकों का आभार जताया. अंत में शिक्षकों व अभिभावकों ने मिलकर यह संकल्प लिया कि वे आपसी सहयोग से बच्चों के उज्ज्वल भविष्य के लिए निरंतर प्रयास करेंगे. संगोष्ठी के माध्यम से यह स्पष्ट संदेश दिया गया कि जब विद्यालय व परिवार मिलकर कार्य करते हैं, तभी बच्चों का वास्तविक समग्र विकास संभव हो पाता है. बोले अधिकारी इस संबंध में पूछे जाने पर डीपीओ समग्र शिक्षा अभियान विकास कुमार डीएन ने बताया कि जिले के सभी प्रधानाध्यापकों को शिक्षक–अभिभावक संगोष्ठी आयोजित करने के निर्देश दिये गये थे. निर्देश के अनुसार जिले के सभी विद्यालयों में निर्धारित थीम के अनुरूप संगोष्ठी का आयोजन किया गया है. प्रत्येक विद्यालय द्वारा संगोष्ठी से संबंधित फोटोग्राफ व बैठक की विवरणी उपलब्ध करायी जा रही है, जिसे विभागीय स्तर पर संकलित कर आगे भेजा जायेगा.

विज्ञापन
VIKASH KUMAR

लेखक के बारे में

By VIKASH KUMAR

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन