कैमूर में तस्कर पर पुलिस का शिकंजा, दुर्गावती में कंटेनर से 28 पशु बरामद, चार दिनों में चौथी बड़ी कार्रवाई

दुर्गावती थाना
कैमूर जिले के दुर्गावती में पुलिस ने पशु तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एनएच-19 पर एक कंटेनर से 28 भैंस बरामद की हैं. पुलिस ने कंटेनर जब्त कर पशुओं को स्थानीय पशु मेला में सुपुर्द कर दिया है.
कैमूर जिले के दुर्गावती थाना क्षेत्र में पुलिस ने पशु तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एनएच-19 पर एक कंटेनर से 28 भैंस बरामद की हैं. हालांकि पुलिस की घेराबंदी के दौरान तस्कर अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए. पुलिस ने कंटेनर जब्त कर पशुओं को स्थानीय पशु मेला में सुपुर्द कर दिया है और मामले में प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
गुप्त सूचना पर एनएच-19 पर बिछाया जाल
पुलिस को शुक्रवार की आधी रात सूचना मिली कि मोहनियां की ओर से एक कंटेनर में पशुओं को लादकर उत्तर प्रदेश ले जाया जा रहा है. पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर दुर्गावती थानाध्यक्ष गिरीश कुमार के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई. टीम ने खजुरा के पास एनएच-19 पर वाहन जांच अभियान शुरू किया.
कंटेनर छोड़कर भागे तस्कर, 28 भैंस मिलीं
जांच के दौरान बिहार की ओर से आ रहे कंटेनर को पुलिस ने रोकने का प्रयास किया. पुलिस को देखते ही चालक वाहन छोड़कर अंधेरे का फायदा उठाते हुए फरार हो गया. तलाशी लेने पर कंटेनर में 28 भैंसों को बेरहमी से बांधकर ले जाया जा रहा था. पुलिस ने सभी भैंसों और कंटेनर को जब्त कर लिया.
पशु क्रूरता अधिनियम के तहत केस दर्ज
बरामद सभी भैंसों को स्थानीय पशु मेला, नुआंव में सुपुर्दगी पर सौंप दिया गया है. दुर्गावती थानाध्यक्ष गिरीश कुमार ने बताया कि कंटेनर मालिक और चालक के खिलाफ पशु क्रूरता अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है.
चार दिनों में चौथी बड़ी कार्रवाई
कैमूर एसपी के निर्देश पर दुर्गावती पुलिस लगातार पशु तस्करी के खिलाफ अभियान चला रही है. पिछले चार दिनों में पुलिस दो बड़े वाहनों और दो पिकअप वाहनों से पशुओं को बरामद कर चुकी है. सोमवार को ट्रक से 21 भैंस बरामद कर चार तस्करों को गिरफ्तार किया गया था. मंगलवार को स्कॉर्पियो से चार मवेशी और बुधवार को पिकअप से आठ पशु बरामद किए गए थे. शुक्रवार की कार्रवाई के साथ पुलिस ने पशु तस्करी के खिलाफ अभियान और तेज कर दिया है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










