करोड़ों का राजस्व देने वाली लालापुर मंडी की सड़कों पर जलजमाव

डेढ़ करोड़ की लागत से बना नाला हुआ फेल, जलजमाव से नासूर बनीं सड़कें
डेढ़ करोड़ की लागत से बना नाला हुआ फेल, जलजमाव से नासूर बनीं सड़कें सड़क व नाले के गलत लेवल ने बढ़ायी मुसीबत, आये दिन हो रही हैं दुर्घटनाएं कुदरा. शहर का आर्थिक जोन कहे जाने वाली लालापुर व्यवसायिक मंडी की सड़कों पर हल्की बारिश होने पर भी जलजमाव हो जाता है. सरकार को करोड़ों का राजस्व देने वाले व्यवसायिक बाजार की यह सड़क लोगों के लिए नासूर बन गयी है. इधर, चार वर्ष पूर्व लालापुर में सड़क के किनारे पीडब्ल्यूडी द्वारा डेढ़ करोड़ रुपये खर्च कर नाले का निर्माण कराया गया था. फिर भी बारिश का पानी नाले से नहीं निकलता है, जिससे आवागमन बाधित हो जाता है. इन दिनों बेमौसम हो रही बारिश से सड़क पर जलजमाव हो गया है. बारिश से सड़क पर जमा पानी में आने-जाने वाले वाहन फंस जाते हैं, जिससे लालापुर में हमेशा जाम लगा रहता है. स्थानीय लोगों का कहना है कि नाला निर्माण के समय सड़क व नाले का लेवल सही नहीं किया गया. इसके चलते नाले का निर्माण तो हो गया, लेकिन सड़क नाले से नीचे रह गयी. इसी वजह से बारिश होने पर सड़क पर जमा पानी नाले से नहीं निकल पाता है. लालापुर की सड़क पर अक्सर जलजमाव का ही नजारा रहता है. मालूम हो कि पीडब्ल्यूडी द्वारा पूर्व में जलनिकासी के लिए लगभग डेढ़ करोड़ की लागत से नाले का निर्माण कराया गया था. इतनी राशि खर्च होने के बावजूद लालापुर में बारिश के दिनों में जलजमाव की समस्या बनी रहती है. स्थानीय लोगों का कहना है कि इसके कारण अक्सर सड़क दुर्घटनाएं होती रहती हैं. लालापुर वासियों के अनुसार जलजमाव के चलते बारिश के दिनों में तीन से चार माह तक व्यवसाय बाधित रहता है, जिससे व्यवसायियों को भारी नुकसान उठाना पड़ता है. सिस्टम की इस लापरवाही का दंश अब आम लोगों को भुगतना पड़ रहा है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










