ग्रामीणों के लिए नासूर बना नसेज गांव में मुख्य सड़क पर जलजमाव

Published by : VIKASH KUMAR Updated At : 02 Feb 2026 5:38 PM

विज्ञापन

प्रखंड क्षेत्र की देवराढ़ पंचायत अंतर्गत नसेज गांव की मुख्य सड़क पर जलजमाव की समस्या अब ग्रामीणों के लिए नासूर बन गयी है.

विज्ञापन

सड़क से ऊंचे बने नाले ने बढ़ायी मुसीबत, प्रशासन की उदासीनता से ग्रामीणों में आक्रोश # जलजमाव से राहगीरों के साथ स्थानीय लोगों को आने-जाने में हो रही परेशानी कुदरा. प्रखंड क्षेत्र की देवराढ़ पंचायत अंतर्गत नसेज गांव की मुख्य सड़क पर जलजमाव की समस्या अब ग्रामीणों के लिए नासूर बन गयी है. इससे स्थानीय लोगों सहित राहगीरों को भी आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है. विडंबना यह है कि जल निकासी के लिए बनाया गया नाला सड़क की सतह से काफी ऊंचा है, जिस कारण सड़क का पानी नाले में जाने के बजाय सड़क पर ही पसरा रहता है. सड़क पर हर समय पानी लगे रहने के कारण अब सड़क भी टूटने लगी है, जिससे दोपहिया वाहन चालक अक्सर फिसलकर घायल होते रहते हैं. स्थानीय ग्रामीण नीरज कुमार सिंह व मनोज गुप्ता ने बताया कि लोग वर्षों से इस नारकीय स्थिति को झेलने को मजबूर हैं. जलजमाव के चलते इन दिनों सड़क पर पैदल चलना भी दूभर हो गया है. बारिश के दिनों में तो स्थिति और भी भयावह हो जाती है. ग्रामीण अजित कुमार, पंकज कुमार व सोनू सिंह का कहना है कि सड़क के किनारे बना नाला न केवल ऊंचा है, बल्कि वह वर्षों से जाम भी पड़ा है. नाले की सफाई व मरम्मत को लेकर कई बार जनप्रतिनिधियों व प्रखंड स्तरीय अधिकारियों से गुहार लगायी गयी, लेकिन अभी तक इस दिशा में कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है. अधिकारियों की इस अनदेखी का खामियाजा पूरे गांव को भुगतना पड़ रहा है. नसेज वासियों में इस बात को लेकर गहरा आक्रोश व्याप्त है कि इसी जर्जर व जलजमाव वाली सड़क से विधायक, सांसद व जिले के बड़े अधिकारियों का काफिला अक्सर गुजरता है. बावजूद इसके, किसी ने भी इस समस्या के स्थायी समाधान के प्रति रुचि नहीं दिखायी. स्थानीय लोगों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही जल निकासी की व्यवस्था दुरुस्त नहीं की गयी, तो वे आंदोलन के लिए बाध्य होंगे. क्या कहते हैं ग्रामीण –ग्रामीण मनु कुशवाहा ने बताया कि नसेज गांव की मुख्य सड़क के किनारे पंचायत स्तर से नाला का निर्माण कराया गया, लेकिन सड़क से नाले की ऊंचाई अधिक होने के कारण जाम नाला का पानी सड़क पर गिर कर जलजमाव का रूप ले लिया है, जो राहगीरों के लिए परेशानी का सबब बना हुआ है. –ग्रामीण प्रमोद सिंह ने बताया कि नाला निर्माण के समय बरती गयी अनियमितता व विभागीय लापरवाही का नतीजा ग्रामीणों को भुगतना पड़ रहा है, जिसे देखने वाला कोई नहीं है. — ग्रामीण ओमप्रकाश मौर्य का कहना है कि अगर सड़क के सतह के बराबर नाला का निर्माण हुआ होता, तो सड़क का पानी नाले से निकल जाता और ग्रामीण परेशानी से बचे रहते. — ग्रामीण सुनील सिंह ने बताया कि नसेज गांव की मुख्य सड़क से क्षेत्र के दर्जनों गांव का संपर्क सड़क जुड़ा है. सभी लोग उक्त समस्या का जिम्मेदार प्रशासन व पंचायत के जनप्रतिनिधियों को मान रहे हैं, लेकिन फिर भी सुधार के लिए न तो प्रशासन गंभीर है ना ही पंचायत के जनप्रतिनिधि.

विज्ञापन
VIKASH KUMAR

लेखक के बारे में

By VIKASH KUMAR

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन