यूपी से बाइक पर शराब की खेप ला रहा था तस्कर, कैमूर में 180 टेट्रा पैक के साथ युवक गिरफ्तार
देसी शराब के साथ गिरफ्तार शराब तस्कर | Prabhat Khabar Network
यूपी से बिहार शराब तस्करी कर रहे एक तस्कर को पुलिस ने 180 पीस देसी शराब के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस मामले की जांच और अन्य आरोपियों की तलाश कर रही है।
Kaimur News : कैमूर जिला के चैनपुर थाना क्षेत्र के मेढ़-लखमणपुर मार्ग पर पुलिस ने छापेमारी कर उत्तर प्रदेश से शराब की खेप लेकर आ रहे एक तस्कर को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने उसके पास से चार कार्टून में रखे 180 पीस देसी मसालेदार शराब के टेट्रा पैक बरामद किये हैं. गिरफ्तार तस्कर की पहचान रघुबीरगढ़ गांव निवासी पन्नालाल सिंह के पुत्र कुंदन कुमार के रूप में हुई है.
आपके शहर में
घेराबंदी के दौरान पुलिस को देखकर भागने लगा तस्कर
पुलिस को सूचना मिली थी कि एक युवक बाइक से उत्तर प्रदेश से शराब लेकर मेढ़-लखमणपुर मार्ग से गुजरने वाला है. सूचना के सत्यापन के लिए पुलिस टीम ने मार्ग पर घेराबंदी कर जांच शुरू की. इसी दौरान बाइक सवार युवक पुलिस को देखकर भागने लगा. पुलिस बल ने पीछा कर उसे पकड़ लिया.
लाल प्लास्टिक बोरे में मिले चार कार्टून, 36 लीटर शराब बरामद
तलाशी के दौरान बाइक पर लदे लाल रंग के प्लास्टिक बोरे से चार कार्टून बरामद किये गये. प्रत्येक कार्टून में 45-45 पीस ब्लू लाइम देसी शराब के टेट्रा पैक थे. इस तरह कुल 180 पीस टेट्रा पैक बरामद हुए, जिनमें करीब 36 लीटर शराब बतायी गयी है.
पूछताछ में दो लाइनरों के नाम का खुलासा
पुलिस के अनुसार पूछताछ में गिरफ्तार तस्कर ने उत्तर प्रदेश से शराब लाकर क्षेत्र में बिक्री करने की बात स्वीकार की है. उसने बताया कि पंकज कुमार और बबलू यादव लाइनर का काम करते हैं. दोनों को प्रत्येक खेप के लिए 500 रुपये दिये जाते थे.
बाइक जब्त, लाइनरों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी
थानाध्यक्ष विजय प्रसाद ने बताया कि शराब तस्करी में इस्तेमाल की गयी बाइक जब्त कर ली गयी है. मामले में नामजद दोनों लाइनरों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है. गिरफ्तार तस्कर को मेडिकल जांच के बाद न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए