कैमूर: बिजली संकट से भगवानपुर के किसानों में आक्रोश, धान रोपाई ठप, आंदोलन की चेतावनी

पानी के अभाव में रोपाई के बगैर खेत | Prabhat Khabar Network
कैमूर जिले के मकरीखोह मौजा में बिजली की लगातार कटौती से किसान भारी परेशानी में हैं. धान की रोपाई पूरी तरह ठप हो गई है, जिससे सैकड़ों एकड़ खेत प्रभावित हैं. नाराज किसानों ने आंदोलन की चेतावनी दी है.
Kaimur News : स्थानीय प्रखंड क्षेत्र के मकरीखोह मौजा में लगातार हो रही बिजली की आंख-मिचौली से किसानों की मुश्किलें बढ़ गई हैं. हनुमान घाट कृषि फीडर से होने वाली अनियमित बिजली आपूर्ति के कारण सैकड़ों एकड़ खेतों में धान की रोपाई प्रभावित हो रही है. इससे किसानों में बिजली विभाग के प्रति नाराजगी और आक्रोश बढ़ता जा रहा है.
90 फीसदी धान रोपाई अब भी बाकी. बिजली कटौती से नहीं हो पा रहा पटवन
मकरीखोह मौजा के डोहर, बभनी, बभनदेवां, रोपाढ़ समेत कई कृषि क्षेत्रों में बिजली की अनियमित आपूर्ति के कारण सिंचाई प्रभावित है. किसानों का कहना है कि थोड़ी देर बिजली आने के बाद बार-बार ट्रिपिंग होने लगती है, जिससे एक चौथाई बीघा खेत का भी पटवन नहीं हो पा रहा है. उनका दावा है कि अब तक क्षेत्र में करीब 90 प्रतिशत धान की रोपाई बाकी है.
मानसून की बेरुखी ने बढ़ाई मुश्किल. किसान बोले- बिजली विभाग भी नहीं दे रहा साथ
किसान गुड्डू सिंह, अलियार साह, जोगेंद्र चौधरी, बब्बन चौधरी, भोला यादव, भोला पनेरी, ढुंढी पनेरी और सच्चिदानंद सिंह ने बताया कि क्षेत्र की खेती मुख्य रूप से बारिश और भूजल पर निर्भर है. इस बार पर्याप्त बारिश नहीं होने से किसान पहले ही परेशान हैं, वहीं पर्याप्त बिजली नहीं मिलने से सिंचाई पूरी तरह प्रभावित हो गई है. किसानों का कहना है कि खेतों में धान के बिचड़े तैयार हैं, लेकिन पानी के अभाव में रोपाई नहीं हो पा रही है.
धरना देने की तैयारी में किसान. पीएसएस से जिला मुख्यालय तक करेंगे प्रदर्शन
बिजली संकट से नाराज किसानों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द नियमित बिजली आपूर्ति शुरू नहीं हुई तो वे प्रखंड मुख्यालय स्थित पावर सब स्टेशन (पीएसएस) से लेकर जिला मुख्यालय में विभागीय अधिकारियों के कार्यालय तक धरना-प्रदर्शन करेंगे. इसके लिए किसान आपस में बैठक कर आंदोलन की रणनीति तैयार कर रहे हैं.
जेई का दावा- फीडर की मरम्मत के बाद अब आपूर्ति सामान्य
इस मामले में भगवानपुर पावर सब स्टेशन के प्रभारी कनीय अभियंता परमेश्वर कुमार ने बताया कि शिकायत मिलने के बाद शुक्रवार को विद्युत कर्मियों के साथ हनुमान घाट कृषि फीडर पर पहुंचकर आवश्यक मरम्मत कार्य कराया गया था. उनके अनुसार, सुधार कार्य के बाद मकरीखोह क्षेत्र में बिजली आपूर्ति सामान्य रूप से की जा रही है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










