कैमूर के कुदरा SHO सस्पेंड, वायरल वीडियो में जब्त बालू से अवैध उठाव और पत्रकार से दुर्व्यवहार पर एसपी का एक्शन

Edited by Ragini Sharma
Updated:
विज्ञापन

जब्त बालू ट्रक से अवैध उठाव की तस्वीर

Kudra SHO Suspend News : कैमूर के कुदरा थाना प्रभारी को वायरल वीडियो के बाद सस्पेंड किया गया. जब्त ट्रक से अवैध बालू निकासी और वीडियो डिलीट कराने का आरोप. जांच में आरोप सही पाए जाने पर एसपी ने लिया सख्त एक्शन. पुलिस ने साफ कहा-भ्रष्टाचार और अनुशासनहीनता बिल्कुल बर्दाश्त नहीं.

विज्ञापन

कैमूर (मोहनिया) से विनोद कुमार सिंह
Kudra SHO Suspend News : कैमूर जिले में पुलिस महकमे में बड़ा प्रशासनिक कदम उठाया गया है. मोहनिया अनुमंडल के कुदरा थाना के थानाध्यक्ष नंदु कुमार को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है. यह कार्रवाई सोशल मीडिया पर वायरल हुए एक वीडियो और फोटो के बाद की गई, जिसमें जब्त बालू लदे ट्रक से अवैध तरीके से बालू उठाने और वीडियो बनाने वाले का मोबाइल छीनकर फुटेज डिलीट कराने का गंभीर आरोप सामने आया था.

वायरल वीडियो बना कार्रवाई की वजह

मामला ने उस वक्त तूल पकड़ लिया जब सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हुआ. वीडियो में आरोप लगाया गया कि कुदरा थाना क्षेत्र के यार्ड में खड़े जब्त ट्रक से ट्रैक्टर के जरिए बालू निकाला जा रहा है. इतना ही नहीं, वीडियो बना रहे व्यक्ति का मोबाइल छीनकर वीडियो डिलीट करवाने की भी बात सामने आई. इस घटना ने पुलिस की कार्यशैली पर सवाल खड़े कर दिए.

एसपी ने तुरंत दिए जांच के आदेश

मामले की गंभीरता को देखते हुए कैमूर पुलिस अधीक्षक (SP ) ने तुरंत संज्ञान लिया. उन्होंने अंचल पुलिस इंस्पेक्टर मोहनिया और अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी मोहनिया को जांच का जिम्मा सौंपा. अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर रिपोर्ट सौंपी जाए.

निलंबन और मुख्यालय निर्धारित

जांच रिपोर्ट के आधार पर पुलिस अधीक्षक ने कड़ा फैसला लेते हुए नंदु कुमार को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया. निलंबन अवधि के दौरान उनका मुख्यालय पुलिस केंद्र भभुआ तय किया गया है. साथ ही उन्हें सामान्य जीवन-यापन भत्ता पर रखा गया है, जो निलंबन अवधि में नियम के तहत दिया जाता है.

जांच में सामने आई सच्चाई

जांच पूरी होने के बाद एसडीपीओ मोहनिया द्वारा सौंपे गए प्रतिवेदन में थानाध्यक्ष नंदु कुमार का आचरण संदिग्ध और नियमों के खिलाफ पाया गया. रिपोर्ट में प्रथम दृष्टया आरोपों को सही माना गया, जिसके बाद विभागीय कार्रवाई का रास्ता साफ हो गया.

पुलिस की सख्त चेतावनी

पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट संदेश दिया है कि कैमूर पुलिस आम जनता के साथ शालीन व्यवहार और कानून के अनुसार कार्रवाई के लिए प्रतिबद्ध है. किसी भी स्तर पर अनुशासनहीनता, भ्रष्टाचार या संदिग्ध गतिविधियों को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. उन्होंने कहा कि भविष्य में भी इस तरह के मामलों में सख्त कार्रवाई जारी रहेगी.

इस पूरे मामले ने एक बार फिर यह साफ कर दिया है कि सोशल मीडिया पर सामने आने वाले मामलों को प्रशासन गंभीरता से ले रहा है. कैमूर पुलिस की इस कार्रवाई से साफ संकेत मिला है कि नियमों से समझौता करने वालों पर सख्ती तय है. आने वाले दिनों में इस मामले में विभागीय जांच और आगे की कार्रवाई भी देखने को मिल सकती है, जिस पर सभी की नजर बनी हुई है.

Also Read : सरकारी जमीन पर पेड़ों की कटाई में चार गिरफ्तार, कोचस थाना ने FIR से किया इंकार

विज्ञापन
Ragini Sharma

लेखक के बारे में

By Ragini Sharma

मैं रागिनी शर्मा वर्तमान में पटना स्थित प्रभात खबर डिजिटल की टीम के साथ कंटेंट राइटर के रूप में कार्यरत हूं. यहां मैं बिहार के विभिन्न जिलों से जुड़ी अहम खबरों, राजनीतिक-सामाजिक मुद्दों और ट्रेंडिंग विषयों पर काम कर रही हूं. मेरा उद्देश्य हर खबर को सरल, सटीक और प्रभावी तरीके से प्रस्तुत करना है, ताकि पाठक न सिर्फ जानकारी प्राप्त करें बल्कि उससे जुड़ाव भी महसूस करें और डिजिटल पत्रकारिता को और अधिक सार्थक बनाया जा सके. पत्रकारिता की पढ़ाई के दौरान ही मैंने प्रिंट और डिजिटल मीडिया की बारीकियों को समझना शुरू कर दिया था. अपने कॉलेज के समय में हिंदुस्तान के साथ इंटर्नशिप के दौरान मुझे पहली बार वेब पोर्टल पर खबर लिखने और डिजिटल न्यूज राइटिंग का व्यावहारिक अनुभव मिला. इसी दौरान मैंने न्यूज़ लेखन, हेडलाइन स्ट्रक्चर और डिजिटल स्टोरी प्रेजेंटेशन की बुनियादी समझ विकसित की. इसके बाद वर्ष 2025 में पत्रकारिता में ग्रेजुएशन पूरा करने के साथ ही मैंने अपने प्रोफेशनल करियर की शुरुआत की. डिजिटल मीडिया में मेरी पहली भूमिका फर्स्ट बिहार झारखंड के साथ रही, जहाँ मैंने एंकरिंग और ग्राउंड रिपोर्टिंग के माध्यम से बिहार के जमीनी मुद्दों को कवर किया. इस दौरान मैंने राज्य की राजनीति, सामाजिक सरोकारों और आम जनता से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर सक्रिय रूप से रिपोर्टिंग की.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन