कैमूर SP ने देर रात पकड़ीं दुर्गावती थाने की खामियां, जांच में मिले 10 गुना अधिक पेंडिंग केस; अधिकारियों को लगाई फटकार

पुलिस अधीक्षक (एसपी) ने दुर्गावती थाने का किया औचक निरीक्षण
Kaimur SP Action : कैमूर के एसपी शिखर चौधरी ने दुर्गावती थाने के औचक निरीक्षण में कई खामियां उजागर कीं. शराब बरामदगी कम मिलने पर नाराजगी जताते हुए सख्त निर्देश दिए. लंबित मामलों, खराब वायरलेस और शिकायत रजिस्टर में गड़बड़ी पर भी कार्रवाई के आदेश दिए गए. पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया.
Kaimur SP Action : कैमूर जिले में पदभार संभालते ही एसपी शिखर चौधरी एक्शन मोड में नजर आ रहे हैं. रविवार देर रात उन्होंने दुर्गावती थाने का औचक निरीक्षण किया, जहां कई गंभीर कमियां सामने आईं. निरीक्षण के दौरान सबसे बड़ी बात यह रही कि बॉर्डर थाना होने के बावजूद यहां शराब की रिकवरी उम्मीद से काफी कम पाई गई, जिस पर एसपी ने कड़ी नाराजगी जताई और तुरंत सुधार के निर्देश दिए.
एसपी ने साफ कहा कि दुर्गावती थाना उत्तर प्रदेश से सटा हुआ है और इसी रास्ते से बिहार में अवैध शराब की एंट्री होती है. ऐसे में यहां शराब की बरामदगी सबसे अधिक होनी चाहिए, लेकिन आंकड़े इसके उलट हैं. उन्होंने थानेदार को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि हर हाल में शराब के खिलाफ अभियान तेज किया जाए और अधिक से अधिक बरामदगी सुनिश्चित की जाए.

Kaimur Police : लंबित मामलों पर भी सख्ती
निरीक्षण के दौरान एसपी ने केस रजिस्टर और अनुसंधान की स्थिति की भी गहन समीक्षा की. इसमें सामने आया कि जितने मामले दर्ज किए जा रहे हैं, उससे करीब 10 गुना ज्यादा केस लंबित पड़े हैं. यानी मामलों के निष्पादन की रफ्तार बेहद धीमी है. इस पर एसपी ने नाराजगी जाहिर करते हुए थानेदार और अनुसंधानकर्ताओं को निर्देश दिया कि अगले 6 महीने के अंदर लंबित मामलों को घटाकर 3 से 4 गुना तक लाया जाए. इसके लिए युद्ध स्तर पर जांच तेज करने और मामलों का जल्द निष्पादन करने का आदेश दिया गया है.
Kaimur News : शिकायतों पर कार्रवाई का रिकॉर्ड गायब
एसपी शिखर चौधरी ने जब आम लोगों द्वारा दिए गए आवेदन और शिकायतों पर की गई कार्रवाई की जानकारी मांगी, तो संबंधित रजिस्टर में कोई स्पष्ट विवरण दर्ज नहीं पाया गया. कई आवेदन मौजूद थे, लेकिन उन पर क्या कार्रवाई हुई, इसका कोई रिकॉर्ड नहीं था. इसके अलावा आगंतुक पंजी में भी गड़बड़ियां मिलीं. एसपी ने इसे गंभीर लापरवाही मानते हुए तत्काल सुधार के निर्देश दिए और कहा कि हर आवेदन पर पारदर्शी कार्रवाई दर्ज होना जरूरी है.

SP Action : वायरलेस सिस्टम भी मिला खराब
निरीक्षण के दौरान थाने का वायरलेस सिस्टम भी सही तरीके से काम नहीं कर रहा था. इस पर एसपी ने कड़ी आपत्ति जताई और कहा कि वायरलेस ठीक नहीं रहने से गश्ती वाहनों की स्थिति की जानकारी नहीं मिल पाएगी, जो सुरक्षा के लिहाज से बेहद खतरनाक है. उन्होंने वायरलेस प्रभारी और थानेदार को निर्देश दिया कि सभी उपकरणों को तुरंत दुरुस्त कर चालू स्थिति में लाया जाए.
एक हफ्ते में ही दिखा सख्त संदेश
गौरतलब है कि एसपी शिखर चौधरी को पदभार संभाले अभी एक सप्ताह ही हुआ है, लेकिन इस दौरान उन्होंने लगातार औचक निरीक्षण और सख्त कार्रवाई से पुलिस महकमे को स्पष्ट संदेश दे दिया है. हाल ही में जब्त ट्रक से बालू उतारने के मामले में दुर्गावती थानेदार को निलंबित कर उन्होंने अनुशासन का उदाहरण भी पेश किया है. इतना ही नहीं, छुट्टी के दिन भी वह गंभीर मामलों की समीक्षा खुद कर रहे हैं और अनुसंधानकर्ताओं को बुलाकर केस की प्रगति की जानकारी ले रहे हैं. जहां भी लापरवाही मिल रही है, वहां सख्त निर्देश दिए जा रहे हैं.
कैमूर में एसपी शिखर चौधरी की सक्रियता से साफ है कि पुलिस व्यवस्था को दुरुस्त करने की दिशा में कड़े कदम उठाए जा रहे हैं. दुर्गावती थाना निरीक्षण में सामने आई खामियों के बाद अब सभी थाने अलर्ट मोड में हैं. आने वाले दिनों में पुलिस की कार्यशैली में सुधार और अपराध नियंत्रण में तेजी देखने को मिल सकती है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










