कैमूर में प्रखंड कार्यालय की चहारदीवारी के पास कचरे का अंबार, दुर्गंध से राहगीर परेशान
कूड़ा गिराते सफाई कर्मी | Prabhat Khabar Network
Kaimur News : कुदरा नगर पंचायत में प्रखंड कार्यालय के पास कचरा डंप करने से लोग परेशान हैं. गंदगी और दुर्गंध से बीमारियों का खतरा बढ़ गया है, प्रशासन मौन है.
Kaimur News : कुदरा नगर पंचायत में शहर की सफाई व्यवस्था पर सवाल खड़े होने लगे हैं. प्रखंड मुख्यालय की चहारदीवारी से सटे सर्विस लेन में कई दिनों से शहर का कचरा खुलेआम डंप किया जा रहा है. कचरे के जमा होने से यहां गंदगी का अंबार लग गया है और आसपास दुर्गंध फैल रही है. इसका सीधा असर प्रखंड कार्यालय, बस स्टैंड और इस रास्ते से आने-जाने वाले लोगों पर पड़ रहा है.
आपके शहर में
सर्विस लेन में कई दिनों से जमा हो रहा कचरा
एनएच-19 से सटे प्रखंड कार्यालय की चहारदीवारी के समीप सर्विस लेन में नगर पंचायत के विभिन्न वार्डों से कचरा लाकर डंप किया जा रहा है. स्थानीय लोगों के अनुसार, ट्रैक्टर और ठेले के माध्यम से प्रतिदिन कचरा लाकर इसी स्थान पर जमा किया जाता है. लगातार कचरा गिराये जाने से यहां कचरे का बड़ा ढेर बन गया है.
बस स्टैंड और प्रखंड कार्यालय आने वाले लोग परेशान
कचरे के कारण आसपास गंदगी और दुर्गंध की स्थिति बनी हुई है. पास में ही बस स्टैंड होने के कारण यात्रियों के साथ-साथ बस और ऑटो से आने-जाने वाले लोगों को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. प्रखंड कार्यालय आने वाले लोगों को भी इसी रास्ते से गुजरना पड़ता है. स्थानीय लोगों का कहना है कि दुर्गंध के कारण कई बार लोगों को रास्ता बदलकर जाना पड़ता है.
Also Read : बक्सर में 23 सितंबर को निकलेगी भगवान वामन की भव्य रथयात्रा, गांव-गांव चल रहा संपर्क अभियान
कई दिनों से प्रतिदिन कचरा गिराने का आरोप
स्थानीय निवासी महेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि पिछले कई दिनों से प्रतिदिन यहां कचरा लाकर गिराया जा रहा है. उन्होंने कहा कि इसी रास्ते से नगर अध्यक्ष, कार्यपालक पदाधिकारी, प्रखंड विकास पदाधिकारी समेत कई वरीय अधिकारी भी आते-जाते हैं, लेकिन अब तक इस समस्या पर ध्यान नहीं दिया गया है.
किसके आदेश पर हो रहा कचरा डंप, उठे सवाल
स्थानीय लोगों ने सवाल उठाया है कि आखिर किसके आदेश पर सार्वजनिक स्थल के समीप कचरा डंप किया जा रहा है. लोगों का कहना है कि कचरे के उचित निस्तारण की व्यवस्था नहीं होने के कारण आसपास संक्रमण और बीमारियों का खतरा बढ़ रहा है. लंबे समय तक कचरा जमा रहने से स्थिति और गंभीर होने की आशंका है.
Also Read : चौसा-सरेंजा संपर्क सड़क बदहाल, जगह-जगह बने गड्ढे; बारिश में जान जोखिम में डालकर चल रहे राहगीर
सफाई के नाम पर हर माह लाखों रुपये खर्च
शहर की सफाई व्यवस्था एक एनजीओ के जिम्मे है और इसके लिए प्रत्येक माह लाखों रुपये खर्च किये जाने की बात कही जा रही है. स्थानीय लोगों का आरोप है कि सफाई व्यवस्था की जिम्मेदारी संभालने वाली एजेंसी की लापरवाही के कारण शहर का कचरा सार्वजनिक स्थल पर डंप किया जा रहा है. इससे नगर की सफाई व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं.
कचरा हटाकर स्थायी व्यवस्था की मांग
स्थानीय लोगों ने नगर पंचायत प्रशासन से तत्काल कचरे को हटाने और कचरा निस्तारण के लिए स्थायी व्यवस्था करने की मांग की है. लोगों का कहना है कि सार्वजनिक स्थानों पर कचरा डंप करने के बजाय उसके उचित निस्तारण की व्यवस्था होनी चाहिए. फिलहाल, प्रखंड कार्यालय और बस स्टैंड के समीप कचरे के अंबार ने नगर पंचायत की सफाई व्यवस्था की पोल खोल दी है.
Also Read : बक्सर में मस्जिद-दुकान विवाद पर टाउन थाने में आधी रात तक चली पंचायत, अफवाह फैलाने वालों पर FIR की चेतावनी
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए