अतिक्रमण से केवढ़ी पुल पर घंटों लगा भीषण जाम, एंबुलेंस फंसी

Published by : VIKASH KUMAR Updated At : 24 Feb 2026 4:00 PM

विज्ञापन

अतिक्रमण व धान लदे वाहनों के दबाव से बिगड़ी व्यवस्था,मरीज व राहगीर रहे परेशान

विज्ञापन

अतिक्रमण व धान लदे वाहनों के दबाव से बिगड़ी व्यवस्था,मरीज व राहगीर रहे परेशान कुदरा. प्रखंड मुख्यालय से रोहतास जिले के परसथुआ तक जाने वाली कुदरा-परसथुआ मुख्य सड़क पर मंगलवार को केवढ़ी पुल के पास घंटों भीषण जाम लगा रहा. जाम में मरीज को ले जा रही एंबंलेंस भी फंसी रही, जिससे बीमार मरीज सहित राहगीरों व आने-जाने वाले वाहन चालकों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा. बताया जाता है कि कुदरा-परसथुआ मुख्य सड़क पर केवढ़ी पुल के पास टेंपो व इ-रिक्शा के साथ ठेला व अन्य छोटी दुकानों द्वारा अतिक्रमण कर सड़क को संकीर्ण कर दिया गया है. इसके कारण पुल पर अक्सर जाम की समस्या बनी रहती है. इन दिनों अधिक संख्या में धान लदे वाहनों के लालापुर मंडी आने से सड़क पर दबाव और बढ़ गया है, जो जाम का मुख्य कारण बना हुआ है. पुल संकीर्ण होने से स्थिति और गंभीर हो जाती है. स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि सड़क निर्माण के समय पुल की चौड़ाई पर्याप्त बनायी गयी होती, तो केवढ़ी पुल पर जाम की समस्या उत्पन्न नहीं होती. जाम लगने के बाद स्थानीय लोग व फंसे वाहन चालक स्वयं पहल करते हुए वाहनों को निकालने में जुटे रहे, तब जाकर स्थिति कुछ सामान्य हो सकी. इस दौरान जाम में फंसे यात्री काफी देर तक परेशान रहे. दरअसल, इन दिनों लालापुर मंडी में धान की आवक तेज है. रोहतास जिले के कई प्रखंडों के किसान व व्यापारी अपना धान यहां लेकर आ रहे हैं. साथ ही लालापुर की ओर से भूसी व चावल लेकर व्यापारी इसी मुख्य सड़क से राज्य के अन्य जगहों पर बड़े वाहनों से माल भेज रहे हैं. वाहनों के अधिक दबाव व संकीर्ण व घुमावदार पुलिया के कारण यहां अक्सर जाम लग रहा है, जो यात्रियों के लिए भारी मुसीबत बना हुआ है.

विज्ञापन
VIKASH KUMAR

लेखक के बारे में

By VIKASH KUMAR

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन