कैमूर: भभुआ रेलवे आरक्षण काउंटर पर दलालों का कब्जा, यात्रियों की पर्चियां फाड़कर बेच रहे महंगे टिकट

Author Amit Sinha|Edited by Ragini Sharma
Updated:
विज्ञापन

फोटो.भभुआ रिजर्वेशन काउंटर पर जानकारी लेती पुलिस | Prabhat Khabar Network

भभुआ जिले के भभुआ शहर में रेलवे आरक्षण काउंटर पर दलालों की बढ़ती सक्रियता ने आम यात्रियों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं. घंटों लाइन में लगने के बाद भी टिकट नहीं मिल पा रहा, वहीं दलालों के जरिए ऊंचे दाम पर टिकट उपलब्ध होने की शिकायतें हैं. यात्री प्रशासन से सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं.

विज्ञापन

Kaimur Blcak Ticket Marketing : कैमूर जिले के भभुआ शहर में रिक्रिएशन क्लब स्थित रेलवे आरक्षण काउंटर पर दलालों की बढ़ती सक्रियता ने आम यात्रियों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं. हालत यह है कि लंबी लाइन में घंटों खड़े रहने के बावजूद लोगों को टिकट नहीं मिल पा रहा, जबकि कुछ ही देर बाद वही टिकट ज्यादा कीमत पर उपलब्ध होने की शिकायतें सामने आ रही हैं. इसको लेकर यात्रियों में भारी नाराजगी है और वे व्यवस्था पर सवाल उठा रहे हैं.

आपके शहर में

विज्ञापन

सबसे चिंताजनक बात यह है कि यह स्थिति उस समय बनी हुई है जब जिले के पुलिस अधीक्षक शिखर चौधरी लगातार थानों और सार्वजनिक जगहों से दलालों को दूर रखने के निर्देश दे रहे हैं. इसके बावजूद आरक्षण काउंटर पर खुलेआम दलालों की मौजूदगी व्यवस्था पर सवाल खड़े कर रही है.

Bhabhua Railway : तत्काल टिकट के नाम पर दबंगई और मारपीट के आरोप

यात्रियों का आरोप है कि तत्काल टिकट के लिए लाइन में लगे लोगों की पर्चियां तक फाड़ दी जाती हैं और दलाल अपने लोगों को आगे कर देते हैं. अगर कोई इसका विरोध करता है तो उससे बहस और मारपीट तक की नौबत आ जाती है. इससे खासकर महिलाएं, बुजुर्ग और बाहर से आए यात्री खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं.

लोगों का कहना है कि सुबह से लाइन में लगने के बावजूद जब उनकी बारी आती है, तब तक टिकट खत्म हो जाती है. वहीं, कुछ ही समय बाद वही टिकट दलालों के जरिए ऊंचे दाम पर उपलब्ध हो जाती है, जिससे साफ तौर पर गड़बड़ी की आशंका जताई जा रही है.

Railway Ticket : त्योहार और शादी के मौसम में और बिगड़ती है स्थिति

स्थानीय लोगों और यात्रियों का कहना है कि त्योहार, छुट्टियों और विवाह के मौसम में हालात और भी खराब हो जाते हैं. इन दिनों यात्रियों की संख्या बढ़ने के साथ ही दलालों की सक्रियता भी तेज हो जाती है. मजबूरी में कई लोगों को महंगे दाम पर टिकट खरीदना पड़ता है, जिससे आर्थिक बोझ भी बढ़ता है.

निगरानी बढ़ाने और सख्त कार्रवाई की मांग

लोगों ने रेलवे प्रशासन और जिला प्रशासन से मांग की है कि आरक्षण काउंटर की व्यवस्था को पारदर्शी बनाया जाए. साथ ही परिसर में सीसीटीवी कैमरों की संख्या बढ़ाकर उनकी निगरानी को प्रभावी किया जाए. नियमित जांच अभियान चलाकर दलालों पर सख्त कार्रवाई की भी मांग उठ रही है.

Kaimur Police : पुलिस ने कार्रवाई का दिया भरोसा

इस मामले में नगर थानाध्यक्ष मुकेश कुमार का कहना है कि यदि किसी तरह की शिकायत मिलती है तो पुलिस तुरंत कार्रवाई करती है. उन्होंने कहा कि समय-समय पर औचक जांच भी की जाएगी और जो भी अवांछित तत्व सामने आएंगे, उनके खिलाफ सख्त कदम उठाया जाएगा.

भभुआ के आरक्षण काउंटर की मौजूदा स्थिति आम यात्रियों के लिए बड़ी परेशानी बन चुकी है. अगर समय रहते सख्त निगरानी और कार्रवाई नहीं हुई, तो यह समस्या और गंभीर हो सकती है. अब देखना होगा कि प्रशासन और रेलवे मिलकर इस अव्यवस्था पर कब तक काबू पाते हैं.

अल्सों Read : कैमूर में कर्मनाशा पुल के पास बालू लदा ट्रेलर जब्त; तीन पर FIR


विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन