अनुमंडलीय अस्पताल में इलाज कराने गयी महिला की संदिग्ध स्थिति में मौत

स्थानीय अनुमंडलीय अस्पताल में मंगलवार को इलाज कराने आयी एक महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गयी.
# अस्पताल के बाथरूम में जमीन पर पड़ी थी महिला मोहनिया शहर. स्थानीय अनुमंडलीय अस्पताल में मंगलवार को इलाज कराने आयी एक महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गयी. मृतक महिला डाड़वास गांव निवासी शंकर यादव की पत्नी विमला देवी बतायी जाती है. अस्पताल से मिली जानकारी के अनुसार, विमला देवी मंगलवार की सुबह करीब छह बजे पेट में दर्द की शिकायत लेकर अनुमंडलीय अस्पताल पहुंची थी. इसी दौरान वह अस्पताल के बाथरूम में गयी, जहां गिर पड़ीं. बताया जाता है कि वह गलती से पुरुष शौचालय की ओर चली गयी थी, उसी समय एक आयुष चिकित्सक बाथरूम की ओर जा रहे थे. जमीन पर महिला को गिरा देख उन्होंने तुरंत पीसीआर (प्राथमिक उपचार) दिया, जिसके बाद महिला की स्थिति में थोड़ा सुधार दिखायी दिया. इसके बाद उन्हें सहारा देकर वार्ड में भर्ती कराया गया, जहां इमरजेंसी में तैनात डाक्टर ने इलाज शुरू किया, जिस दौरान महिला की मौत हो गयी. घटना के बाद अस्पताल परिसर में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बना रहा. इस संबंध में अस्पताल के उपाधीक्षक डॉ विजय कुमार ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला अचानक हृदय गति रुकने का प्रतीत होता है. महिला का इसीजी कराया गया, जिसमें मृत्यु की पुष्टि हुई. आवश्यक प्रक्रिया पूरी कर शव परिजनों को सौंप दिया गया है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




