अरवल के 40 हजार से अधिक बीपीएल परिवारों को मिलेगा मुफ्त सोलर पैनल, पहले चरण में 2758 घरों पर लगेगा रूफटॉप प्लांट

Author Nishikant kumr|Edited by Nikhil Anurag
Updated:
विज्ञापन
घर के छत पर सोलर प्लांट  | Prabhat Khabar Network

घर के छत पर लग रहा सोलर प्लांट

Arwal Solar Rooftop: राज्य सरकार ने बीपीएल परिवारों के लिए महत्वाकांक्षी सोलर रूफटॉप योजना शुरू की है. इस योजना के तहत घरों की छतों पर मुफ्त सोलर पैनल लगाए जाएंगे, जिससे बिजली खर्च में कमी आएगी और 125 यूनिट बिजली भी मुफ्त मिलेगी.

विज्ञापन

Arwal Solar Rooftop: जिले के गरीबी रेखा से नीचे जीवन यापन करने वाले घरेलू उपभोक्ताओं के लिए राज्य सरकार ने महत्वाकांक्षी सोलर रूफटॉप योजना की शुरुआत की है. इस योजना के तहत बीपीएल परिवारों के घरों की छतों पर मुफ्त सोलर पैनल लगाए जाएंगे. लगाए जाने वाले सोलर पैनलों की क्षमता अधिकतम 1.5 किलोवाट तक होगी, जिससे लाभार्थी परिवार सौर ऊर्जा से बिजली का उपयोग कर सकेंगे और उनके बिजली खर्च में भी उल्लेखनीय कमी आएगी.

स्वयं की छत होना अनिवार्य, पहले आवेदन करने वालों को मिलेगी प्राथमिकता

कार्यपालक अभियंता सोमनाथ पासवान ने बताया कि योजना का लाभ लेने के लिए लाभार्थी के पास स्वयं की छत होना अनिवार्य है. उन्होंने कहा कि जो परिवार पहले आवेदन करेंगे, उन्हें प्राथमिकता के आधार पर योजना का लाभ दिया जाएगा.

आवेदन प्रक्रिया को सरल बनाया गया है. इसके लिए राज्य सरकार की ओर से सुविधा एप उपलब्ध कराया गया है. उपभोक्ता एप में सोलर रूफटॉप विकल्प का चयन कर अपनी सहमति दर्ज कर सकते हैं, ताकि उनके घर की छत पर सोलर पैनल लगाया जा सके और उसका समुचित रखरखाव सुनिश्चित किया जा सके.

सुविधा काउंटर पर भी कर सकते हैं निःशुल्क आवेदन

यदि किसी उपभोक्ता को ऑनलाइन आवेदन करने में परेशानी होती है, तो वह अपने बिजली बिल और मोबाइल नंबर के साथ नजदीकी सुविधा काउंटर पर जाकर आवेदन कर सकता है. सुविधा काउंटर पर आवेदन की पूरी प्रक्रिया निःशुल्क रखी गई है, ताकि सभी पात्र परिवार आसानी से योजना का लाभ उठा सकें.

पीएम सूर्य घर योजना के तहत संचालित हो रही है योजना

कार्यपालक अभियंता ने बताया कि यह योजना पीएम सूर्य घर योजना के अंतर्गत संचालित की जा रही है और डीएस श्रेणी के उपभोक्ताओं के लिए पहले से लागू है. जिन परिवारों के पास अपनी छत उपलब्ध नहीं है, उनके लिए निकटवर्ती सरकारी भूमि पर सोलर प्लेट स्थापित कर बिजली कनेक्शन उपलब्ध कराने की व्यवस्था भी की जा रही है.

125 यूनिट मुफ्त बिजली के साथ मिलेगा अतिरिक्त लाभ

उन्होंने बताया कि राज्य सरकार वर्तमान में सभी घरेलू उपभोक्ताओं को 125 यूनिट मुफ्त बिजली उपलब्ध करा रही है. ऐसे में सोलर पैनल योजना से लाभार्थियों को स्वच्छ और स्थायी ऊर्जा का अतिरिक्त लाभ मिलेगा. इससे बिजली के खर्च में कमी आने के साथ-साथ सौर ऊर्जा को भी बढ़ावा मिलेगा.

जिले के 40 हजार से अधिक परिवार होंगे लाभान्वित

जिले में कुल 40 हजार 132 बीपीएल परिवार हैं. इनमें से पहले चरण में 2758 परिवारों के घरों की छत पर सोलर प्लांट लगाया जाएगा. जिन उपभोक्ताओं को पहले से मुफ्त बिजली कनेक्शन उपलब्ध कराया गया है, उन्हें इस योजना में प्राथमिकता दी जाएगी.

क्या कहते हैं पदाधिकारी

कार्यपालक अभियंता सोमनाथ पासवान ने बताया कि यह गरीब परिवारों के लिए बहुआयामी योजना है. जिन परिवारों के घरों में पहले से मुफ्त बिजली कनेक्शन उपलब्ध है और वे बीपीएल श्रेणी में आते हैं, वे पोर्टल पर जाकर अपनी सहमति दर्ज कर दें. इसके बाद उनके घर की छत पर सोलर प्लांट स्थापित किया जाएगा. उन्होंने बताया कि रूफटॉप योजना के तहत भदासी में योजना का शुभारंभ भी कर दिया गया है.


विज्ञापन
Nishikant Kumr

लेखक के बारे में

By Nishikant Kumr

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन