अरवल सदर अस्पताल में अब 31 तरह के ऑपरेशन, मरीजों को निजी अस्पताल जाने की जरूरत नहीं

Updated:
विज्ञापन

सदर अस्पताल | Prabhat Khabar Network

अरवल सदर अस्पताल में अब मरीजों को 31 प्रकार के ऑपरेशन की सुविधा निशुल्क मिलेगी। अब इलाज के लिए बाहर जाने की जरूरत नहीं, सभी जरूरी उपकरण उपलब्ध हैं।

विज्ञापन

Arwal Sadar Hospital : अरवल सदर अस्पताल में मरीजों को अब पहले से बेहतर चिकित्सा सुविधा मिलने लगी है. अस्पताल में दो सर्जन की उपलब्धता के साथ ऑपरेशन के लिए जरूरी उपकरण भी उपलब्ध कराये गये हैं. उपकरणों को व्यवस्थित करने के बाद इसी महीने से सदर अस्पताल में 31 प्रकार के ऑपरेशन शुरू करने की तैयारी है. अस्पताल प्रशासन के अनुसार, ये सभी ऑपरेशन निशुल्क किये जाएंगे और मरीजों को जरूरी दवाएं भी अस्पताल से उपलब्ध करायी जाएंगी.

पहले सिर्फ दो तरह के होते थे ऑपरेशन

सदर अस्पताल में पहले केवल दो प्रकार के ऑपरेशन किये जाते थे. अब विभिन्न विभागों के लिए जरूरी उपकरण और चिकित्सकों की उपलब्धता के बाद ऑपरेशन की संख्या बढ़ायी जा रही है. इससे छोटे और सामान्य ऑपरेशन के लिए मरीजों को निजी क्लिनिक या दूसरे शहरों में जाने की जरूरत नहीं पड़ेगी.

हड्डी से लेकर आंख और जनरल सर्जरी तक सुविधा

अस्पताल प्रबंधन के अनुसार हड्डी से संबंधित पांच प्रकार के ऑपरेशन, गायनी के चार, एपेंडिक्स के दो, ईएनटी के ऑपरेशन, आंख के सात और जनरल सर्जरी के नौ प्रकार के ऑपरेशन किये जाएंगे. इस तरह कुल 31 प्रकार की सर्जरी की सुविधा मरीजों को मिलेगी.

अस्पताल में सर्जन डॉ. मुकेश रंजन और डॉ. निखिल कुमार के अलावा महिला रोग विशेषज्ञ डॉ. गरिमा गोयल, डॉ. प्रियंका रानी और डॉ. प्रियंका सिन्हा तथा डॉ. सुशील कुमार सिन्हा की उपलब्धता है. आंख विभाग में डॉ. नवीन प्रभात नीरज और ईएनटी विभाग में डॉ. रागिनी रैना मरीजों को सेवा दे रही हैं.

सिजेरियन ऑपरेशन फिर शुरू

सदर अस्पताल में ऑपरेशन के दौरान एक महिला की मौत के बाद करीब 15 दिनों तक सिजेरियन ऑपरेशन बंद रहा था. इसके बाद पिछले बुधवार से सिजेरियन ऑपरेशन फिर शुरू कर दिया गया है. पटना जिले के दुल्हिन बाजार निवासी नीतू कुमारी और करपी की स्वाति कुमारी का सिजेरियन ऑपरेशन सफलतापूर्वक किया गया. अस्पताल के अनुसार दोनों महिलाएं और उनके नवजात बच्चे स्वस्थ हैं.

सदर अस्पताल में हुआ एपेंडिक्स का ऑपरेशन

सदर अस्पताल के उपाधीक्षक डॉ. उमेश प्रसाद ने बताया कि अस्पताल में एपेंडिक्स का ऑपरेशन सफलतापूर्वक किया गया है. उन्होंने कहा कि अब किसी प्रकार की परेशानी नहीं है. ऑपरेशन की जरूरत वाले मरीजों को उनकी स्थिति के अनुसार सदर अस्पताल में ही सर्जरी की सलाह दी जा रही है.

क्या कहते हैं पदाधिकारी

सदर अस्पताल प्रबंधक शशांक शेखर ने बताया कि एपेंडिक्स, हर्निया, हड्डी सहित 31 प्रकार के ऑपरेशन की सुविधा इसी महीने से मिलने लगेगी. अस्पताल के बाहर बोर्ड लगाकर उपलब्ध सर्जरी की जानकारी भी दी जा रही है. उन्होंने कहा कि जिले के मरीजों को केवल मेजर सर्जरी के लिए ही बाहर रेफर किया जाएगा. बाकी सभी तरह की सर्जरी सदर अस्पताल में ही कराने की व्यवस्था की जा रही है.


विज्ञापन
Nishikant Kumr

लेखक के बारे में

By Nishikant Kumr

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन