जहानाबाद: काशी विश्वनाथ से जल चढ़ाकर लौट रहे दो युवकों की सड़क हादसे में मौत, तीन गंभीर

Updated:
विज्ञापन

घटना की जानकारी मिलने के बाद रोते बिलखते परिजन | Prabhat Khabar Network

बाबा विश्वनाथ के जलाभिषेक से लौट रहे टेरी गांव के पांच युवकों की कार को भभुआ हाईवे पर एक तेज रफ्तार ट्रक ने पीछे से टक्कर मार दी. इस दर्दनाक हादसे में कार सवार दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन गंभीर रूप से घायल हो गए.

विज्ञापन

Road Accident : कलेर में श्रावण माह में बाबा विश्वनाथ का जलाभिषेक कर लौट रहे मेहंदिया थाना क्षेत्र के टेरी गांव के पांच युवकों की कार को भभुआ हाईवे पर तेज रफ्तार ट्रक ने पीछे से जोरदार टक्कर मार दी. हादसे में कार सवार दो युवकों की मौत हो गयी, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गये. सभी घायलों का इलाज वाराणसी स्थित बीएचयू अस्पताल में चल रहा है. हादसे के बाद टेरी गांव में मातम पसर गया है.

जलाभिषेक कर लौटने के दौरान हुआ हादसा

ग्रामीणों के अनुसार, शुक्रवार रात टेरी गांव के पांच युवक स्विफ्ट कार से काशी विश्वनाथ धाम जल चढ़ाने गये थे. शनिवार दोपहर जलाभिषेक करने के बाद सभी कार से वापस लौट रहे थे. इसी दौरान भभुआ हाईवे स्थित जीटी रोड पर तेज रफ्तार अज्ञात ट्रक ने उनकी कार में पीछे से जोरदार टक्कर मार दी.

टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार सड़क से नीचे उतरकर पलट गयी. हादसे में कार सवार सभी युवक गंभीर रूप से घायल हो गये.

अस्पताल पहुंचने पर दो युवकों की मौत

घटना की सूचना मिलते ही भभुआ थाने की पुलिस मौके पर पहुंची. स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को भभुआ अनुमंडलीय अस्पताल पहुंचाया गया. यहां चिकित्सकों ने टेरी गांव निवासी 34 वर्षीय रंजीत कुमार, पिता निर्मल सिंह और 18 वर्षीय अभिषेक कुमार पांडेय, पिता धनंजय पांडेय को मृत घोषित कर दिया.

हादसे में आदित्य कुमार, उम्र 24 वर्ष, पिता शिवलखन सिंह, अक्षय कुमार, उम्र 18 वर्ष, पिता विमलेश कुमार और कार चालक गंभीर रूप से घायल हुए हैं. चालक अयोध्या बीघा का निवासी बताया जा रहा है. घायलों की नाजुक स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने सभी को बेहतर इलाज के लिए वाराणसी स्थित बीएचयू अस्पताल रेफर कर दिया. बताया जा रहा है कि दो घायलों की स्थिति गंभीर बनी हुई है.

ट्रक चालक टक्कर के बाद फरार

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया. पुलिस ट्रक और चालक की पहचान के लिए सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है. साथ ही प्रत्यक्षदर्शियों से भी जानकारी जुटायी जा रही है. दोनों मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भभुआ भेज दिया गया है.

दो छोटी बच्चियों के सिर से उठा पिता का साया

हादसे में रंजीत कुमार की मौत से उसके परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है. रंजीत के पिता निर्मल सिंह सूरत में रहकर मजदूरी करते हैं. रंजीत की दो छोटी बच्चियां हैं. पिता की मौत के बाद दोनों मासूम बच्चियों के सिर से पिता का साया उठ गया. घटना की खबर मिलते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गयी.

दोनों मृतक एक ही गांव के रहने वाले थे और श्रद्धा भाव से बाबा विश्वनाथ का जलाभिषेक करने गये थे. धार्मिक यात्रा से लौटते समय हुए इस दर्दनाक हादसे ने पूरे गांव को झकझोर दिया है.


विज्ञापन
Anjani Kumar

लेखक के बारे में

By Anjani Kumar

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन