झारखंडी महादेव मंदिर में उमड़ा आस्था का सैलाब, सावन की दूसरी सोमवारी पर सुबह से हुआ जलाभिषेक

Updated:
विज्ञापन

पूजा अर्चना करते श्रद्धालु | Prabhat Khabar Network

सावन की दूसरी सोमवारी पर नन्दना गांव स्थित प्रसिद्ध झारखंडी महादेव मंदिर में आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा. अहले सुबह से ही हजारों श्रद्धालुओं ने भगवान भोलेनाथ के दर्शन कर जलाभिषेक किया और सुख-शांति की कामना की.

विज्ञापन

सावन की दूसरी सोमवारी पर भारथु पंचायत के नन्दना गांव स्थित प्रसिद्ध झारखंडी महादेव मंदिर में आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा. अहले सुबह से ही भगवान भोलेनाथ के दर्शन और जलाभिषेक के लिए श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया था. देखते ही देखते मंदिर परिसर में हजारों श्रद्धालुओं की भीड़ जमा हो गयी. श्रद्धालुओं ने भगवान झारखंडी महादेव पर जलाभिषेक कर सुख, शांति और समृद्धि की कामना की.

सोमवारी को लेकर सुबह से ही मंदिर परिसर भक्तिमय माहौल में डूबा रहा. श्रद्धालु हाथों में पूजा की थाली, बेलपत्र, फूल, दूध और गंगाजल लेकर मंदिर पहुंचे. कतार में खड़े होकर श्रद्धालुओं ने अपनी बारी का इंतजार किया और शिवलिंग पर जल एवं दूध अर्पित कर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की. इस दौरान पूरा मंदिर परिसर हर-हर महादेव और बोल बम के जयकारों से गूंजता रहा. महिलाओं और युवतियों में भी सोमवारी को लेकर खासा उत्साह देखने को मिला. बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपवास रखकर मंदिर पहुंचे थे.

नन्दना के अलावा भारथु पंचायत और आसपास के गांवों से भी बड़ी संख्या में लोग झारखंडी महादेव का जलाभिषेक करने पहुंचे. कई श्रद्धालु पैदल ही मंदिर तक पहुंचे. स्थानीय लोगों ने बताया कि झारखंडी महादेव मंदिर के प्रति आसपास के ग्रामीणों की गहरी आस्था है. सावन के महीने में यहां प्रत्येक सोमवार को बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं.

मान्यता है कि सावन में भगवान शिव का जलाभिषेक करने से मनोकामनाएं पूर्ण होती हैं. श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए मंदिर परिसर में स्थानीय स्तर पर व्यवस्था की गयी थी. स्वयंसेवकों ने श्रद्धालुओं को कतारबद्ध तरीके से पूजा कराने में सहयोग किया. सुबह से दोपहर तक मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की भीड़ बनी रही. सावन की दूसरी सोमवारी पर पूरा नन्दना गांव शिवमय नजर आया.


विज्ञापन
Sunil Kumar

लेखक के बारे में

By Sunil Kumar

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन