जहानाबाद समीक्षा बैठक में प्रभारी मंत्री सख्त, कहा- कार्य में लापरवाही बरतने वाले पदाधिकारियों व कर्मियों पर करें कार्रवाई

Updated:
विज्ञापन
Jehanabad News

मीटिंग करते प्रभारी मंत्री मो. जमा खान

Jehanabad News : जहानाबाद में प्रभारी मंत्री मो. जमा खान ने जिला स्तरीय समीक्षा बैठक में विकास योजनाओं की प्रगति का जायजा लिया. उन्होंने कार्य में लापरवाही बरतने वाले पदाधिकारियों और कर्मियों पर कार्रवाई के निर्देश दिए तथा स्वास्थ्य, शिक्षा, मनरेगा, कृषि और बिजली विभाग को कई महत्वपूर्ण निर्देश जारी किए.

विज्ञापन

जहानाबाद से मृत्युंजय कुमार की रिपोर्ट
Jehanabad News : जिला अतिथि गृह के सभागार में जिले के प्रभारी मंत्री सह बिहार सरकार के अल्पसंख्यक कल्याण मंत्री मो. जमा खान की अध्यक्षता में विभिन्न विभागों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई. बैठक में जिला पदाधिकारी छिरिड़ वाई भूटिया, पुलिस अधीक्षक कोटा किरण कुमार तथा सभी विभागों के पदाधिकारी उपस्थित रहे. प्रभारी मंत्री ने जिले में संचालित योजनाओं एवं विकास कार्यों की समीक्षा करते हुए कार्य में लापरवाही बरतने वाले पदाधिकारियों एवं कर्मियों के विरुद्ध कार्रवाई करने का निर्देश दिया.

लापरवाह अधिकारियों पर कार्रवाई के निर्देश

बैठक में प्रभारी मंत्री ने जिला पदाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक से कहा कि जो भी पदाधिकारी अथवा कर्मी अपने कार्यों में उदासीनता बरतते हैं, उनके विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाए तथा इसकी जानकारी उन्हें भी उपलब्ध कराई जाए. बैठक की शुरुआत सभी विभागीय पदाधिकारियों के परिचय से हुई.

मनरेगा में राज्य में दूसरे स्थान पर जहानाबाद

मनरेगा की समीक्षा के दौरान जिला कार्यक्रम पदाधिकारी ने बताया कि कार्य निष्पादन के मामले में जहानाबाद जिला राज्य में दूसरे स्थान पर है. अगले माह से व्यापक स्तर पर वृक्षारोपण अभियान शुरू किया जाएगा.

स्वास्थ्य सेवाओं और सफाई व्यवस्था की समीक्षा

स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा में बताया गया कि नए सदर अस्पताल भवन का निर्माण कार्य जारी है, जिसे दिसंबर 2026 तक हैंडओवर करने का लक्ष्य है. सफाई व्यवस्था सदर अस्पताल में जीविका समूह तथा अन्य स्वास्थ्य संस्थानों में आउटसोर्सिंग एजेंसियों के माध्यम से कराई जा रही है. प्रभारी मंत्री ने डीपीएम स्वास्थ्य को नियमित निरीक्षण कर सभी स्वास्थ्य केंद्रों को सुव्यवस्थित ढंग से संचालित कराने का निर्देश दिया.

शिक्षा और आंगनबाड़ी व्यवस्था पर जोर

मध्याह्न भोजन योजना की समीक्षा के दौरान जिला कार्यक्रम पदाधिकारी ने बताया कि सभी विद्यालयों में नियमित रूप से बच्चों को भोजन उपलब्ध कराया जा रहा है. इसकी निगरानी के लिए व्हाट्सएप ग्रुप बनाया गया है, जिसमें प्रतिदिन भोजन और बच्चों के भोजन ग्रहण करने की तस्वीरें साझा की जाती हैं. प्रभारी मंत्री ने इसकी भौतिक जांच कराने का निर्देश दिया.

आईसीडीएस की समीक्षा के दौरान बताया गया कि सभी आंगनबाड़ी केंद्र नियमित रूप से संचालित हो रहे हैं तथा गर्भवती एवं धात्री महिलाओं को पोषाहार उपलब्ध कराया जा रहा है. मंत्री ने प्रत्येक माह सभी प्रखंडों में बैठक आयोजित कर आंगनबाड़ी सेविकाओं और सहायिकाओं की समस्याओं की समीक्षा करने का निर्देश दिया.

किसानों और महिलाओं के हित में दिए निर्देश

बैठक में विद्युत विभाग को किसानों के लिए पर्याप्त बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया. जीविका की समीक्षा के दौरान अधिक से अधिक महिलाओं को स्वरोजगार से जोड़ने पर बल दिया गया. पथ निर्माण विभाग को गुणवत्ता के साथ समय पर सड़क निर्माण कार्य पूरा करने के निर्देश दिए गए.

कृषि और छात्रावास निर्माण की भी हुई समीक्षा

कृषि विभाग की समीक्षा में जिला कृषि पदाधिकारी को किसानों को उचित मूल्य पर यूरिया उपलब्ध कराने तथा किसान पंजीकरण (फार्मर रजिस्ट्रेशन) का कार्य तेज करने का निर्देश दिया गया. वहीं अल्पसंख्यक कल्याण विभाग की समीक्षा के दौरान छात्रावास निर्माण कार्य की प्रगति पर भी चर्चा की गई.

इसे भी पढ़ें: किसान पिता के संघर्षों का परिणाम, बेटा SDO बन पहली बार पहुंचा घर, ग्रामीणों ने फूल-मालाओं से किया भव्य स्वागत

विज्ञापन
निखिल अनुराग

लेखक के बारे में

By निखिल अनुराग

मूलतः निखिल अनुराग. पेशे से पत्रकार. बुद्ध की धरती पर जन्म. बिहार का सबसे नवीनतम जिला (अरवल) से ताल्लुक. पढ़ाई की शुरूआत गांव से ही. फिर गंगा के तट पटना पहुंचा. ज्ञान की धरती से कुछ तालीम हासिल कर राष्ट्रीय राजधानी की ओर कूच. पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएट ( माखनलाल पत्रकारिता विश्वविद्यालय). नोएडा की धरती पर विद्वतजन से कुछ न कुछ सीखा. करंट अफ़ेयर्स, राजनीति, खेल, अंतरराष्ट्रीय संबंध, गाँव, खेत-किसान पसंदीदा टॉपिक. स्कूल, कॉलेज युनिवर्सिटी में यूथ से गपशप करना एनर्जी का अतिरिक्त स्रोत. साल 2020 में नोएडा से शुरू हुई इस लेखन यात्रा कलम, डेस्कटॉप, लैपटॉप के की-बोर्ड से होते हुए स्मार्ट फोन तक पहुंच गयी. ज्यों-ज्यों उम्र बढ़ रही है, सीखने, पढ़ने, लिखने की भूख भी बढ़ रही है. नोएडा में टीवी न्यूज में काम करने के बाद हिंदुस्तान ग्रूप होते हुए बिहार, झारखंड की सबसे पसंदीदा अखबार प्रभात खबर में कार्यरत. हां एक बात और... पढ़ने-लिखने की जिज्ञासा कभी खत्म नहीं होगी. साहित्य में बेहद दिलचस्पी.

Loading Review Hub...

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन