जहानाबाद में सड़क किनारे मिला अधेड़ का शव, पहचान नहीं होने से पुलिस ने सुरक्षित रखा, पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार

रतनी के मचला लरसा गांव के पास एक अज्ञात अधेड़ का शव बरामद हुआ है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और पहचान की कोशिशें जारी हैं।
Jehanabad News: परसबिगहा थाना क्षेत्र के मचला-लरसा गांव के समीप पीपीएम स्कूल से आगे गुरुवार को एक अज्ञात अधेड़ व्यक्ति का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई. शव मिलने की सूचना के बाद आसपास के ग्रामीणों की मौके पर भारी भीड़ जुट गई. मृतक की उम्र करीब 50 वर्ष बताई जा रही है, हालांकि उसकी पहचान अब तक नहीं हो सकी है.
स्थानीय लोगों ने सड़क किनारे एक व्यक्ति का शव पड़ा देखा, जिसके बाद तत्काल इसकी सूचना डायल-112 पुलिस को दी गई. सूचना मिलते ही डायल-112 की पुलिस मौके पर पहुंची और परसबिगहा थाना को इसकी जानकारी दी.
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा
सूचना मिलने के बाद थानाध्यक्ष सर्वनारायण पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू करते हुए शव को अपने कब्जे में ले लिया. आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, जहानाबाद भेज दिया गया. पुलिस मृतक की पहचान के लिए आसपास के गांवों और संबंधित थानों से संपर्क कर रही है. हुलिए के आधार पर उसकी शिनाख्त कराने का प्रयास किया जा रहा है.
दो-तीन दिनों से इलाके में देखा जा रहा था मृतक
ग्रामीणों से पूछताछ में जानकारी मिली है कि उक्त अधेड़ व्यक्ति गांव में भिक्षा मांगकर अपना भरण-पोषण कर रहा था. बीते दो-तीन दिनों से उसे इसी इलाके में देखा जा रहा था. पुलिस और स्थानीय लोगों ने आशंका जताई है कि अत्यधिक गर्मी के कारण भी उसकी मौत हुई हो सकती है. हालांकि मौत के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा.
72 घंटे तक सुरक्षित रखा जाएगा शव
पुलिस ने बताया कि पोस्टमार्टम के बाद शव को पहचान के लिए 72 घंटे तक सुरक्षित रखा जाएगा. यदि इस दौरान उसकी पहचान हो जाती है तो नियमानुसार परिजनों को शव सौंप दिया जाएगा. फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की गहन जांच में जुटी हुई है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










