जहानाबाद में अभया ब्रिगेड का जागरूकता अभियान, छात्रों को साइबर अपराध और महिला सुरक्षा की दी जानकारी
सागर अपराध के खिलाफ जागरूकता अभियान में शामिल पुलिस पदाधिकारी
जहानाबाद में पुलिस की 'अभया ब्रिगेड' ने अंबेडकर छात्रावास में 'ऑपरेशन विधि पालक युवक' के तहत छात्रों को साइबर अपराध, महिला सुरक्षा और मानव तस्करी जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर जागरूक किया. संदिग्ध लिंक, सोशल मीडिया के गलत इस्तेमाल और ऑनलाइन ठगी से बचने के उपाय बताए गए.
जहानाबाद: पुलिस अधीक्षक कोटा किरण कुमार के निर्देशन में एससी-एसटी थाना की पुलिस दीदी टीम (अभया ब्रिगेड) ने अंबेडकर छात्रावास में 'ऑपरेशन विधि पालक युवक' के तहत जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया. अभियान का उद्देश्य युवाओं और विद्यार्थियों को साइबर अपराध, महिला सुरक्षा तथा कानून संबंधी जानकारी देकर उन्हें जागरूक और सुरक्षित बनाना था.
संदिग्ध लिंक और ऑनलाइन गेम से रहने की सलाह
कार्यक्रम के दौरान पुलिस दीदी टीम ने छात्र-छात्राओं को बताया कि मोबाइल पर ऑनलाइन गेम खेलते समय कई बार संदिग्ध लिंक सामने आते हैं. ऐसे लिंक पर क्लिक करने से साइबर अपराधियों तक मोबाइल और व्यक्तिगत जानकारी पहुंच सकती है. इसके बाद अपराधी फोन कर लोगों को झांसे में लेकर ठगी की घटनाओं को अंजाम देते हैं.
सोशल मीडिया पर निजी जानकारी साझा करने में बरतें सावधानी
पुलिस टीम ने विद्यार्थियों को सोशल मीडिया का जिम्मेदारी से उपयोग करने की सलाह दी. बताया गया कि निजी फोटो और व्यक्तिगत जानकारी सार्वजनिक करने से साइबर अपराधी उनका दुरुपयोग कर सकते हैं. कई मामलों में फोटो का गलत इस्तेमाल कर परिवार को धमकाकर रुपये मांगने जैसी घटनाएं भी सामने आती हैं.
महिला सुरक्षा और मानव तस्करी पर दी जानकारी
जागरूकता अभियान के दौरान 'नया सबेरा 3.0' के तहत महिला सशक्तिकरण, महिला सुरक्षा, मानव तस्करी की रोकथाम और डिजिटल सुरक्षा से जुड़े विषयों पर विस्तार से जानकारी दी गई. टीम ने छात्र-छात्राओं को अपने अधिकारों और सुरक्षा उपायों से भी अवगत कराया.
डरें नहीं, तुरंत करें पुलिस से शिकायत
पुलिस अधिकारियों ने कहा कि यदि कोई व्यक्ति डराता, धमकाता या ऑनलाइन ठगी का प्रयास करता है तो घबराने की बजाय तुरंत पुलिस के टोल-फ्री नंबर पर शिकायत करें. उन्होंने कहा कि सावधानी और सतर्कता ही साइबर अपराध से बचाव का सबसे प्रभावी उपाय है.
किशोर न्याय कानून की भी दी जानकारी
अभियान के दौरान विद्यार्थियों को किशोर न्याय कानून की जानकारी भी दी गई. पुलिस टीम ने बताया कि कई बार कानून की जानकारी नहीं होने के कारण बच्चे अनजाने में अपराध कर बैठते हैं. इसलिए सभी को कानून का पालन करते हुए किसी भी संदिग्ध गतिविधि से दूर रहना चाहिए.
ये रहे मौजूद
कार्यक्रम में महिला थानाध्यक्ष अनामिका, एससी-एसटी थानाध्यक्ष पूनम सहित पुलिस विभाग के कई अधिकारी एवं कर्मी मौजूद रहे.
इसे भी पढ़ें: Prashant Kishor: 51 हजार की बढ़त से करारी हार तक, प्रशांत किशोर ने बताया क्यों खिसकी बीजेपी की जमीन
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar News Desk
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










