जहानाबाद में करंट लगने से युवक की मौत, कई लिखित शिकायतों के बावजूद नहीं चेता बिजली विभाग
सांकेतिक तस्वीर
Jahanabad News: जहानाबाद के घोसी थाना क्षेत्र के डेढ़साईं बिगहा गांव में 440 वोल्ट के गिरे बिजली तार की चपेट में आने से एक युवक की मौत हो गई. मृतक सत्येंद्र यादव सुबह शौच के लिए घर से निकले थे, तभी करंट की चपेट में आ गए. ग्रामीणों ने बिजली विभाग की लापरवाही को हादसे का कारण बताते हुए जर्जर तारों को लेकर पहले भी शिकायत करने का दावा किया है.
Jahanabad News: (अशोक कुमार की रिपोर्ट)
जहानाबाद घोसी थाना क्षेत्र अंतर्गत डेढ़साईं बिगहा गांव में मंगलवार (आज) की सुबह हाई वोल्टेज बिजली तार की चपेट में आने से एक युवक की मौत हो गई. घटना के बाद पूरे गांव में शोक और मातम का माहौल है. ग्रामीणों ने बिजली विभाग की लापरवाही को हादसे का मुख्य कारण बताया है.
मृतक की पहचान डेढ़साईं बिगहा गांव निवासी सत्येंद्र यादव के रूप में की गई है. जानकारी के अनुसार सत्येंद्र मंगलवार सुबह शौच के लिए घर से निकले थे. इसी दौरान वे गली में पहले से गिरे 440 वोल्ट के बिजली तार की चपेट में आ गए. करंट लगने से वे गंभीर रूप से झुलस गए और घटनास्थल पर ही उनकी मौत हो गई.
घरवालों की नींद खुली तो गली में पड़ा मिला युवक
बताया जाता है कि कुछ देर बाद परिजनों की नींद खुली तो वे घर से बाहर निकले. इस दौरान उन्होंने सत्येंद्र को गली में अचेत अवस्था में पड़ा देखा. परिजनों ने शोर मचाकर आसपास के लोगों को बुलाया, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी और युवक दम तोड़ चुका था. घटना की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.
जर्जर तारों की शिकायत के बावजूद नहीं हुई कार्रवाई
हादसे के बाद ग्रामीणों ने बिजली विभाग के खिलाफ नाराजगी जताई. ग्रामीणों का कहना है कि गांव में जर्जर बिजली तारों की शिकायत कई बार मौखिक और लिखित रूप से विभागीय अधिकारियों को दी गई थी, लेकिन समस्या के समाधान के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया. ग्रामीणों ने विभागीय लापरवाही को युवक की मौत के लिए जिम्मेदार ठहराया है.
पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा
घटना की सूचना मिलते ही घोसी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, जहानाबाद भेज दिया. पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में
By करुणा तिवारी
करुणा तिवारी पिछले 8 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं. इनके पास टीवी और डिजिटल मीडिया दोनों में अनुभव हैं. वर्तमान में करुणा तिवारी प्रभात खबर डिजिटल की बिहार टीम में कंटेंट राइटर के रूप में कार्यरत हैं.
डिजिटल पत्रकारिता में SEO-फ्रेंडली कंटेंट के अनुरूप समाचार लेखन और पाठकों की रुचि को ध्यान में रखते हुए आकर्षक एवं उपयोगी कंटेंट लिखती है. वे समाचारों के लिए प्रभावशाली हेडलाइन, सटीक सबहेडिंग और पाठकों की जरूरत के अनुरूप सरल एवं स्पष्ट भाषा का उपयोग करती हैं. समयबद्धता, तथ्यों की पुष्टि और निष्पक्षता उनके कार्य की प्रमुख विशेषताएं हैं.
इन्हें बिहार की राजनीति, ग्राउंड रिपोर्टिंग और सामाजिक मुद्दों पर काम करना पसंद है. चुनावी गतिविधियों, सरकारी योजनाओं, स्थानीय समस्याओं और आम लोगों से जुड़े विषयों पर उनकी गहरी नजर रहती है. उनका मानना है कि पत्रकारिता का उद्देश्य केवल खबर देना नहीं, बल्कि समाज को सही, संतुलित और भरोसेमंद जानकारी उपलब्ध कराना भी है.
लगातार सीखने और खुद को बेहतर बनाने की सोच के साथ करुणा तिवारी आधुनिक डिजिटल पत्रकारिता की नई तकनीकों और ट्रेंड्स को अपनाते हुए पाठकों तक गुणवत्तापूर्ण और विश्वसनीय कंटेंट पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध हैं.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










