जहानाबाद में जमीन विवाद में बुजुर्ग महिला की पिटाई, गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती; पुलिस पर लापरवाही का आरोप

इलाजरत घायल महिला | Prabhat Khabar Network
जहानाबाद के गोनवां गांव में जमीन विवाद ने गंभीर रूप ले लिया, जिसमें एक बुजुर्ग महिला पर हमला हुआ और वह गंभीर रूप से घायल हो गईं। घटना के बाद परिजनों ने पुलिस पर लापरवाही का आरोप लगाया है।
jehanabad News : परसबिगहा थाना क्षेत्र के गोनवां गांव में जमीन विवाद को लेकर हुई मारपीट में एक बुजुर्ग महिला गंभीर रूप से घायल हो गई. घायल महिला का इलाज सदर अस्पताल, जहानाबाद में चल रहा है. घटना के बाद परिजनों ने पुलिस पर समय रहते कार्रवाई नहीं करने का आरोप लगाया है.
मेड़ बांधने के विवाद में हुई मारपीट
परिजनों के अनुसार शनिवार को गांव के कुछ लोग विवादित जमीन पर मेड़ बांध रहे थे. इसी दौरान गांव की बुजुर्ग महिला फुलेसरी देवी वहां पहुंचीं और इसका विरोध किया. आरोप है कि विरोध करने पर वहां मौजूद पुरुषों के साथ आई महिलाओं ने उनके साथ मारपीट शुरू कर दी. हमले में फुलेसरी देवी गंभीर रूप से घायल हो गईं.
सदर अस्पताल में चल रहा इलाज
घटना के बाद परिजन घायल महिला को इलाज के लिए सदर अस्पताल, जहानाबाद लेकर पहुंचे. चिकित्सकों की निगरानी में उनका इलाज जारी है. परिजनों के अनुसार मारपीट में उन्हें गंभीर चोटें आई हैं.
पुलिस पर लगाया लापरवाही का आरोप
घायल महिला के पुत्र ने आरोप लगाया कि जमीन विवाद को लेकर वह पहले ही परसबिगहा थाना में आवेदन देने गया था, लेकिन पुलिस ने शिकायत दर्ज नहीं की. उनका कहना है कि पुलिस ने मामले को अंचल अधिकारी से संबंधित बताते हुए कार्रवाई करने के बजाय वापस लौटा दिया. परिजनों का आरोप है कि यदि समय रहते शिकायत पर कार्रवाई होती तो यह घटना टाली जा सकती थी.
थानाध्यक्ष बोले- आवेदन मिलने पर होगी कार्रवाई
इस संबंध में परसबिगहा थानाध्यक्ष सर्वनारायण ने बताया कि जमीन विवाद को लेकर दोनों पक्षों को शनिवार को बुलाया गया था, लेकिन एक ही पक्ष उपस्थित हुआ. उन्होंने कहा कि मारपीट की सूचना उन्हें नहीं मिली है. यदि इस संबंध में आवेदन प्राप्त होता है तो प्राथमिकी दर्ज कर नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










