जहानाबाद में आम्रपाली प्रशिक्षण केंद्र का शुभारंभ, निःशुल्क मिलेगा संगीत और नृत्य का प्रशिक्षण

Amrapali Training Centre jehanabad : जहानाबाद में कला एवं संस्कृति विभाग के आम्रपाली प्रशिक्षण केंद्र का उद्घाटन हुआ. केंद्र में कत्थक, भरतनाट्यम, तबला, हारमोनियम, ढोलक और शास्त्रीय गायन का निःशुल्क प्रशिक्षण दिया जाएगा. 6 वर्ष से अधिक आयु के इच्छुक छात्र-छात्राएं नामांकन करा सकते हैं.
Amrapali Training Centre jehanabad : कला एवं संस्कृति विभाग, बिहार सरकार के तत्वावधान में बाल्टी फैक्ट्री मोड़ स्थित तारापीठ कॉम्प्लेक्स में शनिवार को आम्रपाली प्रशिक्षण केंद्र का उद्घाटन जिला पदाधिकारी छिरिड़ी वाई भूटिया ने किया. कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुई, जिसके बाद अधिकारियों एवं अतिथियों का स्वागत किया गया.
उद्घाटन समारोह में जिला कला एवं संस्कृति पदाधिकारी चांदनी कुमारी ने स्वागत भाषण देते हुए केंद्र की स्थापना के उद्देश्य और युवाओं की कलात्मक प्रतिभा को निखारने में इसकी भूमिका पर प्रकाश डाला.
निःशुल्क मिलेगा प्रशिक्षण
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला पदाधिकारी ने कहा कि कला और संस्कृति किसी भी समाज की आत्मा होती है. उन्होंने कहा कि यह प्रशिक्षण केंद्र जहानाबाद और आसपास के क्षेत्रों के प्रतिभाशाली बच्चों एवं युवाओं को अपनी छिपी हुई प्रतिभा को निखारने का बेहतर मंच उपलब्ध कराएगा. उन्होंने बताया कि केंद्र में शास्त्रीय नृत्य (कथक एवं भरतनाट्यम), शास्त्रीय गायन तथा वादन (तबला, हारमोनियम एवं ढोलक) की चार प्रमुख विधाओं में विशेषज्ञ प्रशिक्षकों द्वारा निःशुल्क प्रशिक्षण दिया जाएगा.
‘पहले आओ, पहले पाओ’ के आधार पर नामांकन
केंद्र में नामांकन ‘पहले आओ, पहले पाओ’ के आधार पर किया जा रहा है. प्रत्येक विषय में अधिकतम 40 छात्र-छात्राओं के प्रवेश की व्यवस्था की गई है. प्रशिक्षण के लिए न्यूनतम आयु सीमा 6 वर्ष निर्धारित की गई है. प्रशिक्षण केंद्र दोपहर 12 बजे से शाम 6 बजे तक दो सत्रों में संचालित होगा. पहला सत्र दोपहर 2 बजे से 4 बजे तक और दूसरा सत्र शाम 4 बजे से 6 बजे तक चलेगा. प्रत्येक सोमवार को साप्ताहिक अवकाश रहेगा.
आवेदन के लिए आवश्यक दस्तावेज
इच्छुक छात्र-छात्राएं जिला कला एवं संस्कृति कार्यालय अथवा आम्रपाली प्रशिक्षण केंद्र कार्यालय से आवेदन पत्र प्राप्त कर उसे भरकर जमा कर सकते हैं. नामांकन के लिए जन्मतिथि प्रमाण पत्र अथवा आधार कार्ड तथा तीन पासपोर्ट आकार के फोटो अनिवार्य होंगे.
कार्यक्रम में अपर समाहर्ता (राजस्व) अनिल कुमार सिन्हा, अपर समाहर्ता सह जिला लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी राजीव कुमार, अपर समाहर्ता (विशेष कार्यक्रम) तेज नारायण राय, जिला कला एवं संस्कृति पदाधिकारी चांदनी कुमारी सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे.
यह भी पढ़ें: कभी शराबियों की गली कहलाने वाली यह जगह, अब शिक्षा और कारोबार का नया हब बन गई है
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










