ePaper

जनता के दरबार में मुख्यमंत्री : पंजीयन शुरू, ‘जेकेडीएमएम’ एप से भी कर सकेंगे आवेदन

Updated at : 08 Jul 2021 7:12 AM (IST)
विज्ञापन
जनता के दरबार में मुख्यमंत्री : पंजीयन शुरू, ‘जेकेडीएमएम’ एप से भी कर सकेंगे आवेदन

बिहार में फिर से जनता के दरबार में मुख्यमंत्री कार्यक्रम 12 जुलाई से शुरू होने जा रहा है. यह कार्यक्रम प्रत्येक महीने के पहले, दूसरे और तीसरे सोमवार को सुबह 11 बजे से मुख्यमंत्री सचिवालय के संवाद कक्ष में होगा.

विज्ञापन

पटना. बिहार में फिर से जनता के दरबार में मुख्यमंत्री कार्यक्रम 12 जुलाई से शुरू होने जा रहा है. यह कार्यक्रम प्रत्येक महीने के पहले, दूसरे और तीसरे सोमवार को सुबह 11 बजे से मुख्यमंत्री सचिवालय के संवाद कक्ष में होगा. इस बार के पहले जनता दरबार में मुख्यमंत्री स्वास्थ्य, शिक्षा, कल्याण, विज्ञान ए‌वं प्रावैधिकी, श्रम संसाधन, सामान्य प्रशासन, कला संस्कृति एवं वित्त विभाग से संबंधित शिकायतें सुनेंगे.

इसमें शामिल होने के लिए कोई भी व्यक्ति मोबाइल एप ‘जेकेडीएमएम’ के माध्यम से भी किसी समस्या या शिकायत दर्ज करवा सकते हैं. इस एप को जेकेडीएमएम की वेबसाइट से डाउनलोड किया जा सकता है. आवेदन करने के लिए संबंधित लोगों को आधार संख्या और मोबाइल नंबर देना होगा.

अपना मोबाइल नहीं होने पर किसी परिचित का मोबाइल नंबर भी डाल सकते हैं. इस एप पर आवेदन जमा करने पर आवेदक को एक यूनिक संख्या उनके मोबाइल नंबर पर एसएमएस और इ-मेल पर भी प्राप्त हो जायेगी. इस यूनिक संख्या के माध्यम से आवेदक अपनी शिकायत की अपडेट स्थिति मोबाइल एप पर प्राप्त कर सकते हैं.

इसके बाद आवेदक को जनता के दरबार में शामिल होने की पूरी जानकारी उसके मोबाइल नंबर पर मिल जायेगी. इसके बाद वे इसमें शामिल हो सकेंगे. जिन लोगों के पास मोबाइल की सुविधा नहीं है. वैसे लोग अपने प्रखंड के बीडीओ या एसडीओ या डीएम कार्यालय जाकर अपनी शिकायत दर्ज करा सकते हैं. जहां से आवेदक की शिकायत को इस मोबाइल एप पर अपलोड किया जायेगा.

कोविड संक्रमण को ध्यान में रखते हुए इस कार्यक्रम में शामिल होने वाले लोगों का पहले आरटीपीसीआर कोविड टेस्ट कराया जायेगा. रिपोर्ट निगेटिव आने के बाद ही उन्हें इसमें शामिल होने की अनुमति मिलेगी. जनता के दरबार में पटना से दूर के जिलों से आने वाले लोगों के लिए अलग-अलग जिलों में ठहरने की व्यवस्था भी की गयी है.

इसमें अररिया एवं कटिहार के लोगों के लिए बेगूसराय में, किशनगंज एवं पूर्णिया वालों के लिए समस्तीपुर, सहरसा एवं सुपौल के आवेदकों के लिए मुजफ्फरपुर, भागलपुर एवं बांका जिले के लोगों के लिए नालंदा तथा पश्चिमी चंपारण एवं मधेपुरा से आने वालों के लिए वैशाली जिला में रात्रि विश्राम की व्यवस्था रहेगी. इसके बाद आवेदक अगले दिन सुबह पटना के लिए प्रस्थान करेंगे. सामान्य प्रशासन विभाग ने वेबसाइट पर भी इससे संबंधित विस्तृत विज्ञापन जारी किया है.

Posted by Ashish Jha

विज्ञापन
Prabhat Khabar News Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar News Desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन