नेगडिमोह में सड़क पर गिरने से युवक की मौत, पटना ले जाने के दौरान रास्ते में तोड़ा दम

Updated:
विज्ञापन

फोटो- रोते परिजन| Prabhat Khabar Network

जमुई के गिद्धौर थाना क्षेत्र में सड़क दुर्घटना ने एक परिवार को बिखेर दिया. नेगडिमोह गांव निवासी मुकेश मरांडी की बाईपास सड़क पर अचानक गिरने से सिर में गंभीर चोट लगने के बाद मौत हो गई. पटना ले जाने के दौरान रास्ते में ही उन्होंने दम तोड़ दिया, जिससे उनके पीछे पत्नी और तीन मासूम बच्चे बेसहारा रह गए हैं.

विज्ञापन

Jamui Road Accident: गिद्धौर (जमुई). गिद्धौर थाना क्षेत्र के पूर्वी गुगुलडीह पंचायत अंतर्गत नेगडिमोह गांव निवासी मुकेश मरांडी की सड़क दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल होने के बाद मौत हो गई. देर रात गुगुलडीह-केनुहट बाईपास सड़क पर अचानक गिरने से उनके सिर में गंभीर चोट लगी थी. परिजन उन्हें जमुई सदर अस्पताल ले गए, जहां प्राथमिक उपचार के बाद पटना रेफर कर दिया गया. पटना ले जाने के दौरान रास्ते में ही उन्होंने दम तोड़ दिया.

बाईपास सड़क पर अचानक गिरने से लगी गंभीर चोट

जानकारी के अनुसार मुकेश मरांडी, पिता तिलक मरांडी, देर रात गुगुलडीह-केनुहट बाईपास सड़क से गुजर रहे थे. इसी दौरान वह अचानक सड़क पर गिर गए. गिरने से उनके सिर में गंभीर चोट लगी और माथा फट गया. घटना के बाद आसपास के लोगों और परिजनों को इसकी जानकारी मिली.

जमुई सदर अस्पताल से पटना किया गया रेफर

परिजन आनन-फानन में घायल मुकेश मरांडी को जमुई सदर अस्पताल लेकर पहुंचे. वहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार किया. हालत गंभीर होने के कारण उन्हें बेहतर इलाज के लिए पटना रेफर कर दिया गया. परिजन उन्हें पटना लेकर जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही उनकी हालत बिगड़ गई और मौत हो गई.

मौत की खबर से गांव में पसरा मातम

मुकेश मरांडी की मौत की खबर मिलते ही नेगडिमोह गांव में शोक की लहर दौड़ गई. घटना से आहत परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. आसपास के ग्रामीण भी मृतक के घर पहुंचकर परिजनों को सांत्वना दे रहे हैं.

पीछे पत्नी और तीन बच्चों को छोड़ गये

Jamui Road Accident: मृतक अपने पीछे पत्नी फुलमंती देवी, 15 वर्षीय पुत्र आजाद मरांडी, 12 वर्षीय पुत्र ऋतिक कुमार मरांडी और 10 वर्षीय पुत्री शिला कुमारी को छोड़ गए हैं. परिवार के सदस्य की अचानक मौत से परिजनों के सामने आर्थिक और पारिवारिक संकट खड़ा हो गया है.


विज्ञापन
कुमार सौरभ

लेखक के बारे में

By कुमार सौरभ

कुमार सौरभ प्रिंट माध्यम में 15 और डिजिटल माध्यम में पिछले 5 वर्षों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. गिद्धौर (जमुई) क्षेत्र में काम कर रहे हैं. सामाजिक गतिविधि, खेल, इतिहास और राजनीतिक गतिविधियों की खबरों में रुचि रखते हैं.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन