नीतीश कुमार के समृद्ध बिहार के सपने को पूरा करना हमारा दायित्व : सम्राट चौधरी
जनता को संबोधित व प्रतिमा का अनावरण करते मुख्यमंत्री व अन्य मंत्री
बिहार के उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने झाझा में कहा कि नीतीश कुमार के समृद्ध बिहार के सपने को पूरा करना हमारी सरकार का मुख्य दायित्व है।
जमुई/झाझा : मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी रविवार को जमुई जिले के झाझा पहुंचे. उन्होंने बोड़वा बस स्टैंड के समीप लौहपुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की नवनिर्मित आदमकद प्रतिमा का अनावरण किया. इस दौरान आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने बिहार के विकास और स्वास्थ्य व्यवस्था को लेकर सरकार की प्राथमिकताएं गिनायीं.
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरदार वल्लभभाई पटेल ने जिस भारत का सपना देखा था, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जिस विकसित भारत का सपना देख रहे हैं और पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने जिस समृद्ध बिहार की कल्पना की थी, उसे पूरा करना सरकार का दायित्व है. उन्होंने कहा कि सरकार बिजली, परिवहन, सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य और उद्योग के क्षेत्र में लगातार काम कर रही है.
उन्होंने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने जिन क्षेत्रों के विकास की नींव रखी, उसे सरकार और तेजी से आगे बढ़ा रही है. उद्योग के क्षेत्र में भी लगातार काम किया जा रहा है. उन्होंने कहा कि जमुई की मंत्री श्रेयसी सिंह के माध्यम से भी पूरे बिहार में उद्योग को बढ़ावा देने का प्रयास किया जा रहा है.
100 से अधिक जगहों पर बनेंगे नये बस स्टैंड
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार ने पूरे बिहार में करीब 100 से अधिक स्थानों पर नये बस स्टैंड बनाने का निर्णय लिया है. जहां बस स्टैंड के लिए जमीन उपलब्ध है, वहां आधुनिक बस स्टैंड बनाने का काम किया जायेगा.
बेवजह रेफर किया तो होगी कार्रवाई
स्वास्थ्य व्यवस्था को लेकर मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार के विभाग संभालने के बाद सरकार के सामने अस्पतालों में मरीजों को रेफर करने की व्यवस्था को लेकर चुनौती थी. उन्होंने कहा कि सरकार ने तय किया है कि प्रत्येक जिले में 36 प्रकार के ऑपरेशन की सुविधा विकसित की जायेगी.
मुख्यमंत्री ने कहा कि इसके बावजूद यदि कोई डॉक्टर मरीज को बिना उचित कारण रेफर करता है, तो उसके खिलाफ कार्रवाई की जायेगी. सरकार का प्रयास है कि मरीजों को स्थानीय स्तर पर ही बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध हो.
सरदार पटेल के बताए रास्ते पर चलने का संकल्प
मुख्यमंत्री ने कहा कि देश के निर्माण का सपना अलग-अलग लोगों ने देखा था, लेकिन सरदार वल्लभभाई पटेल ने अखंड भारत के निर्माण का सपना देखा और उसे साकार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभायी. सरकार उनके बताए रास्ते पर आगे बढ़ने का काम कर रही है.
उन्होंने कहा कि जमुई से उनका पुराना लगाव रहा है और क्षेत्र के विकास के लिए सरकार लगातार काम कर रही है.
कार्यक्रम में जमुई जिले के प्रभारी मंत्री सह लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण मंत्री संजय सिंह, परिवहन मंत्री दामोदर रावत, स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार, उद्योग सह खेल मंत्री श्रेयसी सिंह सहित कई विधायक, जनप्रतिनिधि और कार्यकर्ता मौजूद थे.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए