ePaper

4.5 करोड़ की लागत से मॉडल रेलवे स्टेशन के विस्तार का काम शुरू

Updated at : 09 Jan 2026 9:39 PM (IST)
विज्ञापन
4.5 करोड़ की लागत से मॉडल रेलवे स्टेशन के विस्तार का काम शुरू

किऊल-झाझा रेल खंड पर स्थित मॉडल रेलवे स्टेशन जमुई पर यात्री सुविधाओं और माल ढुलाई व्यवस्था को सुदृढ़ व व्यवस्थित करने की दिशा में रेल विभाग ने एक बड़ी पहल की है.

विज्ञापन

-गुड्स वार्फ और नई रेल लाइन से बढ़ेगी व्यापारिक गतिविधि

शशि लाल, बरहट

किऊल-झाझा रेल खंड पर स्थित मॉडल रेलवे स्टेशन जमुई पर यात्री सुविधाओं और माल ढुलाई व्यवस्था को सुदृढ़ व व्यवस्थित करने की दिशा में रेल विभाग ने एक बड़ी पहल की है. स्टेशन के बुनियादी ढांचे को आधुनिक स्वरूप देने को लेकर विभाग द्वारा साढ़े चार करोड़ रुपये से अधिक की राशि स्वीकृत की गयी है. वर्षों से लंबित मांगों और स्थानीय जरूरतों को ध्यान में रखते हुए स्वीकृति मिलते ही निर्माण कार्य भी शुरू कर दिया गया है. इसमे प्लेटफाॅर्म, रेल लाइन, गुड्स वार्फ और अन्य आवश्यक ढांचागत सुविधाओं के विस्तार से स्टेशन की कार्यक्षमता को बढ़ाया जायेगा.

मालगाड़ी सेटिंग नेक व गुड्स वार्फ का होगा विस्तार

रेल सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, इस योजना के तहत दिल्ली एंड की ओर प्लेटफाॅर्म संख्या 1 पर स्थित मालगाड़ी सेटिंग यार्ड का विस्तार किया जायेगा. वहीं हावड़ा एंड की ओर प्लेटफाॅर्म संख्या 2 की तरफ एक नया गुड्स वार्फ विकसित किया जायेगा. इसके साथ-साथ लगभग एक किलोमीटर लंबी नई रेल पटरी भी बिछाई जायेगी तथा रास्ता भी बनाया जायेगा. इससे मालगाड़ियों की आवाजाही और संचालन पहले से अधिक सुचारू हो सकेगा. निर्माण कार्य के पहले चरण में प्लेटफाॅर्म संख्या दो की ओर आउटर सिग्नल के आगे भूमि चिह्नित कर मिट्टी भराई का कार्य तेज़ी से किया जा रहा है.

एक किलोमीटर नई रेल लाइन से बढ़ेगी परिचालन क्षमता

प्लेटफाॅर्म संख्या एक पर सेटिंग नेक का निर्माण किया जायेगा, जबकि प्लेटफाॅर्म संख्या दो पर आधुनिक गुड्स वार्फ तैयार होगा. यहीं मालगाड़ियों की सेटिंग के साथ पार्सल लोडिंग और अनलोडिंग की व्यवस्था की जायेगी. इस साइड भी एक अतिरिक्त रेल लाइन डाली जायेगी, जिससे ट्रैफिक प्रबंधन और अधिक बेहतर होगा.

मजदूरों के लिए भी बेहतर सुविधाएं

रेल विभाग ने विस्तार योजना में केवल ढांचागत विकास ही नहीं, बल्कि सेटिंग नेक में कार्यरत मजदूरों की सुविधाओं का भी विशेष ध्यान रखा है. यहां वेटिंग हॉल, शौचालय, पेयजल, शेड सहित सभी मूलभूत सुविधाओं का विस्तार किया जायेगा. इससे भीषण गर्मी, ठंड या बारिश में काम करने वाले श्रमिकों को राहत मिलेगी.

रेलवे क्रॉसिंग गेट पर जाम से मिलेगी बड़ी राहत

वर्तमान में प्लेटफाॅर्म संख्या एक पर स्थित सेटिंग यार्ड में मालगाड़ियों की आवाजाही के दौरान रेलवे क्रॉसिंग गेट को 40 से 45 मिनट तक बंद रखना पड़ता है. इस कारण दोनों ओर छोटे-बड़े वाहनों की लंबी कतारें लग जाती हैं. सबसे अधिक परेशानी स्कूल जाने वाले बच्चों, सरकारी कर्मचारियों और दैनिक यात्रियों को होती है. जिन्हें समय पर अपने गंतव्य तक पहुंचने में दिक्कतों का सामना करना पड़ता है. नई व्यवस्था लागू होने के बाद प्लेटफाॅर्म संख्या एक पर शटिंग नेक और प्लेटफाॅर्म संख्या दो पर गुड्स वार्फ के संचालन से रेलवे फाटक पर लगने वाले जाम से लोगों को बड़ी राहत मिलेगी.

कहते हैं स्टेशन प्रबंधक

जमुई रेलवे स्टेशन पर विस्तार कार्य शुरू हो चुका है. गुड्स वार्फ और शटिंग नेक निर्माण को लेकर मिट्टी भराई का काम तेजी से किया जा रहा है. निर्माण कार्य पूरा होने के बाद स्टेशन की सुविधाएं बढ़ेंगी और आम लोगों को काफी सहूलियत मिलेगी.

नीतीश कुमार, स्टेशन प्रबंधक

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

विज्ञापन
PANKAJ KUMAR SINGH

लेखक के बारे में

By PANKAJ KUMAR SINGH

PANKAJ KUMAR SINGH is a contributor at Prabhat Khabar.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन