शिकायत पर भी नहीं जागा विभाग, ग्रामीणों को नहीं मिला पीने का शुद्ध पानी

बरहट प्रखंड की नुमर पंचायत अंतर्गत वार्ड संख्या 6 जावातरी गांव में लोगों को शुद्ध पेयजल उपलब्ध नहीं है.
बरहट . बरहट प्रखंड की नुमर पंचायत अंतर्गत वार्ड संख्या 6 जावातरी गांव में लोगों को शुद्ध पेयजल उपलब्ध नहीं है. जावातरी गांव के ग्रामीण बताते हैं कि यहां पीने के पानी की समस्या इतनी गंभीर हो चुकी है कि ठंड के मौसम में भी उन्हें पानी के लिए जद्दोजहद करनी पड़ती है. गांव की आबादी एक हजार से अधिक है. लेकिन योजना का लाभ कागजों तक ही सीमित रह गया है.
कई बार शिकायतें की गयीं, पर कार्रवाई शून्य
ग्रामीणों का कहना है कि इस समस्या को लेकर कई बार विभाग के टोल फ्री नंबर पर शिकायत दर्ज करायी गयीं. साथ ही स्थानीय पदाधिकारियों को भी अवगत कराया गया. बावजूद इसके आज तक न तो कोई जांच हुई और न ही समस्या के समाधान की दिशा में ठोस कदम उठाये गये. नतीजा यह है कि ग्रामीणों की परेशानी जस की तस बनी हुई है.
2019 में बना ढांचा, कुछ दिन तक ही चला पानी
भाजपा कार्यकर्ता शंकर दास, अशोक दास, ग्रामीण कामेश्वर कुमार, लाल बाबू, प्रेमजीत कुमार और विजय शंकर कुमार ने बताया कि वर्ष 2019 में नल-जल योजना के तहत बोरिंग कराकर स्ट्रक्चर बनाया गया था. इसके बाद घर-घर पाइपलाइन बिछाकर नल लगाये गये. शुरुआती कुछ दिनों तक पानी आया लेकिन उसके बाद अचानक आपूर्ति ठप हो गई.
नल टूटे पाइप बेकार, व्यवस्था चरमरायी
आज स्थिति यह है कि विभाग द्वारा लगाये गये कई घरों के नल टूट चुके हैं और पाइपलाइन बेकार पड़ी है. ग्रामीणों का कहना है कि बोरिंग में लगा मोटर चालू हालत में है. फिर भी घरों तक पानी नहीं पहुंच रहा. इससे साफ जाहिर होता है कि योजना के क्रियान्वयन में भारी लापरवाही और अनदेखी बरती गयी है.
बैठकों में उठी आवाज, नहीं मिला समाधान
ग्रामीणों ने बीस सूत्री की बैठक में भी पदाधिकारियों के समक्ष यह मुद्दा उठाया लेकिन वहां से भी केवल आश्वासन ही मिला. धरातल पर अब तक कोई सुधार नजर नहीं आया. जिससे ग्रामीणों का भरोसा व्यवस्था से उठता जा रहा है.
क्या कहते हैं पदाधिकारी
इस संबंध में पीएचईडी के कार्यपालक अभियंता प्रिंस कुमार ने बताया कि ग्रामीणों को पानी की सप्लाई क्यों नहीं हो रही है. इसकी जांच कराई जायेगी और जल्द से जल्द जलापूर्ति बहाल की जायेगी.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




