झाझा: श्रावणी मेला में श्रद्धालुओं के लिए चलेंगी कई स्पेशल ट्रेनें, बासुकीनाथ से पटना, गोरखपुर व नरकटियागंज के लिए रेलवे का बड़ा फैसला

Updated:
विज्ञापन

झाझा स्टेशन | Prabhat Khabar Network

विश्वप्रसिद्ध श्रावणी मेला के लिए रेलवे ने श्रद्धालुओं की सुविधा हेतु कई अनारक्षित मेला स्पेशल ट्रेनों का परिचालन शुरू किया है. बासुकीनाथ से पटना, गोरखपुर, आसनसोल से गोरखपुर और मधुपुर से नरकटियागंज के बीच विशेष ट्रेनें चलाई जा रही हैं, जिससे लाखों कावंरियों की यात्रा सुगम होगी.

विज्ञापन

विश्वप्रसिद्ध श्रावणी मेला के पावन अवसर पर बाबा बैद्यनाथ धाम और बासुकीनाथ धाम में जलार्पण करने आने वाले लाखों श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को ध्यान में रखते हुए पूर्व मध्य रेल एवं संबंधित रेलवे जोनों ने कई अनारक्षित मेला स्पेशल ट्रेनों के परिचालन का ऐलान किया है. हाजीपुर जोन के मुख्य जनसंपर्क पदाधिकारी (सीपीआरओ) एस. चंद्र के अनुसार श्रद्धालुओं की सुगम व सुरक्षित यात्रा के लिए बासुकीनाथ से पटना व गोरखपुर, आसनसोल से गोरखपुर तथा मधुपुर से नरकटियागंज के बीच विभिन्न तिथियों में विशेष ट्रेनें चलाई जा रही हैं.

बासुकीनाथ-पटना-बासुकीनाथ मेला स्पेशल का रूट और समय

रेल प्रशासन के अनुसार गाड़ी संख्या 03563 बासुकीनाथ-पटना अनारक्षित श्रावणी मेला स्पेशल का परिचालन 17 और 24 अगस्त को किया जा रहा है. यह ट्रेन बासुकीनाथ से शाम 04:45 बजे प्रस्थान कर देवघर, झाझा, किउल, मोकामा, बख्तियारपुर और फतुहा होते हुए देर रात 01:00 बजे पटना जंक्शन पहुंचेगी.

वापसी दिशा में गाड़ी संख्या 03564 पटना-बासुकीनाथ स्पेशल 18 और 25 अगस्त को पटना जंक्शन से देर रात 01:20 बजे खुलकर सुबह 06:00 बजे झाझा, 07:05 बजे जसीडीह और 07:18 बजे देवघर होते हुए सुबह 09:00 बजे बासुकीनाथ पहुंचेगी. इस ट्रेन में कुल 22 कोच (20 साधारण/शयनयान श्रेणी और 2 एसएलआर) शामिल रहेंगे.

बासुकीनाथ से गोरखपुर के बीच दो अलग-अलग रूटों पर स्पेशल ट्रेनें

कांवरियों की सुविधा के लिए बासुकीनाथ से गोरखपुर के बीच दो विशेष ट्रेनों की व्यवस्था की गई है. गाड़ी संख्या 03565 बासुकीनाथ-गोरखपुर स्पेशल 18 और 25 अगस्त को बासुकीनाथ से सुबह 10:30 बजे खुलकर झाझा, किउल, मोकामा, बख्तियारपुर, पटना, पाटलिपुत्र और छपरा होते हुए अगले दिन तड़के 03:30 बजे गोरखपुर पहुंचेगी. वापसी में गाड़ी संख्या 03566 गोरखपुर-जसीडीह स्पेशल 19 और 26 अगस्त को गोरखपुर से सुबह 06:10 बजे रवाना होकर शाम 06:45 बजे जसीडीह पहुंचेगी.

इसके अतिरिक्त गाड़ी संख्या 03569 बासुकीनाथ-गोरखपुर स्पेशल 17 और 24 अगस्त को बासुकीनाथ से दोपहर 03:05 बजे खुलकर देवघर, झाझा, किउल, बरौनी, शाहपुर पटोरी, हाजीपुर और सिवान के रास्ते अगले दिन सुबह 04:20 बजे गोरखपुर पहुंचेगी. वापसी में गाड़ी संख्या 03570/03571 गोरखपुर-मधुपुर स्पेशल 18 और 25 अगस्त को गोरखपुर से सुबह 06:30 बजे चलकर शाम 07:30 बजे मधुपुर पहुंचेगी.

आसनसोल-गोरखपुर मेला स्पेशल से सीमांचल व मिथिलांचल को राहत

गाड़ी संख्या 03571 आसनसोल-गोरखपुर स्पेशल 18 और 25 अगस्त को आसनसोल से सुबह 11:30 बजे खुलकर जसीडीह, झाझा, किउल, बरौनी, शाहपुर पटोरी और हाजीपुर होते हुए देर रात 01:30 बजे गोरखपुर पहुंचेगी.

वापसी में गाड़ी संख्या 03572 गोरखपुर-आसनसोल स्पेशल 19 और 26 अगस्त को गोरखपुर से सुबह 05:15 बजे प्रस्थान कर विभिन्न स्टेशनों पर रुकते हुए रात 09:00 बजे आसनसोल पहुंचेगी. यह ट्रेन भी 22 डिब्बों की संरचना के साथ संचालित होगी.

मधुपुर से नरकटियागंज के बीच चलेगी सीधी श्रावणी मेला स्पेशल

उत्तर बिहार और चंपारण क्षेत्र के कांवरियों के लिए गाड़ी संख्या 03567 मधुपुर-नरकटियागंज अनारक्षित स्पेशल 18 और 25 अगस्त को मधुपुर से देर रात 01:00 बजे खुलकर जसीडीह, झाझा, किउल, बरौनी, समस्तीपुर, मुजफ्फरपुर, बापूधाम मोतिहारी और बेतिया होते हुए दोपहर 12:25 बजे नरकटियागंज पहुंचेगी.

वापसी दिशा में गाड़ी संख्या 03568 नरकटियागंज-मधुपुर स्पेशल 18 और 25 अगस्त को नरकटियागंज से दोपहर 01:25 बजे प्रस्थान कर बेतिया, मोतिहारी, मुजफ्फरपुर, समस्तीपुर, बरौनी, किउल और झाझा होते हुए देर रात 02:15 बजे मधुपुर पहुंचेगी. सीपीआरओ ने बताया कि संबंधित सभी स्टेशनों के प्रबंधकों को इन ट्रेनों के सुगम परिचालन और यात्री सुविधाओं की निगरानी के निर्देश जारी कर दिए गए हैं.


विज्ञापन
ऋतांबर सिंह

लेखक के बारे में

By ऋतांबर सिंह

ऋतांबर सिंह प्रिंट माध्यम में 20 और डिजिटल माध्यम में पिछले 5 वर्षों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. झाझा (जमुई) क्षेत्र में काम कर रहे हैं. सामाजिक गतिविधि, खेल, इतिहास और राजनीतिक गतिविधियों की खबरों में रुचि रखते हैं.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन