सफलता का कोई शॉर्टकट नहीं होता : डीएम

Updated at : 06 Apr 2026 9:41 PM (IST)
विज्ञापन
सफलता का कोई शॉर्टकट नहीं होता : डीएम

प्रखंड स्थित उत्क्रमित उच्च विद्यालय गुगुलडीह के प्रांगण में सोमवार को मेधा सम्मान समारोह का आयोजन किया गया .

विज्ञापन

बरहट. प्रखंड स्थित उत्क्रमित उच्च विद्यालय गुगुलडीह के प्रांगण में सोमवार को मेधा सम्मान समारोह का आयोजन किया गया . समारोह का विधिवत शुभारंभ जिला अधिकारी श्री नवीन, अपर समाहर्ता रविकांत सिन्हा, जिलाशिक्षा पदाधिकारी दयाशंकर और जिला कार्यक्रम पदाधिकारी नितेश कुमार ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया. इसके पूर्व आगंतुक अतिथियों का स्वागत विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने पुष्प वर्षा कर एवं छात्रा सृष्टि, साक्षी, रिया और समीक्षा की टीम ने स्वागत गान के साथ किया. वहीं सोनाक्षी, रेशमी और उनकी टीम ने ऐसन आपन हो बिहार जैसे लोक गीतों की प्रस्तुति से पूरे माहौल को बिहार की गौरवशाली संस्कृति के रंग में सराबोर कर दिया. विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी ने अत्यंत व्यावहारिक बातों से बच्चों को अवगत कराया. उन्होंने कहा कि जिस प्रकार शरीर को स्वस्थ रखने के लिए प्रतिदिन भोजन आवश्यक है, ठीक उसी प्रकार बौद्धिक क्षमता और सफलता के लिए अध्ययन की निरंतरता अनिवार्य है. उन्होंने स्पष्ट किया कि सफलता का कोई शॉर्टकट रास्ता नहीं होता. यह अनुशासन, धैर्य और अटूट परिश्रम का प्रतिफल है. बिहार टॉपरों की सूची में 8वां स्थान पाने वाले शुभम कुमार की सराहना करते हुए डीएम ने कहा कि विपरीत परिस्थितियां ही मनुष्य के व्यक्तित्व को तराश कर उसे हीरा बनाती हैं.

सम्मान की कड़ी में मैट्रिक परीक्षा-2026 में प्रदेश स्तर पर 8वां स्थान (483/500 अंक) प्राप्त करने वाले शुभम कुमार आकर्षण का केंद्र रहे. उनके साथ ही इंटर साइंस के स्कूल टॉपर अमित कुमार, आर्ट्स टॉपर निशा कुमारी, पेंटिंग में राज्य स्तर पर द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाली सोनाक्षी कुमारी, मैथ्स ओलंपियाड में राज्य में छठा स्थान पाने वाली समीक्षा और आइआइटी-जैम में अखिल भारतीय स्तर पर 322वीं रैंक हासिल करने वाले अमन कुमार को प्रशस्ति पत्र और प्रतीक चिन्ह देकर सम्मानित किया गया. उन्होंने शिक्षकों के समर्पण की प्रशंसा करते हुए उन्हें समाज के निर्माण की धुरी बताया. उन्होंने शिक्षकों से अपील की कि वे बच्चों को किताबी ज्ञान से आगे ले जाकर व्यावहारिक कौशल में दक्ष बनाएं. कम अंक प्राप्त करने वाले छात्रों को ढांढस बंधाते हुए उन्होंने कहा कि दसवीं की परीक्षा केवल एक पड़ाव है, अंतिम मंजिल नहीं. यह अपनी कमियों को पहचानकर भविष्य की बड़ी जीत के लिए तैयारी करने का अवसर है.

ग्रामीणों ने नये स्कूल भवन निर्माण में होने वाली परेशानियों से कराया अवगत

शिक्षा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराते हुए जिलाधिकारी ने मध्य विद्यालय के भवन निर्माण में आ रही अड़चनों पर कड़ा रुख अख्तियार किया. उन्होंने दो टूक शब्दों में चेतावनी दी कि विद्यालय का निर्माण पुराने स्थान पर ही होगा और यदि कोई भी व्यक्ति इस विकास कार्य में बाधा डालने का दुस्साहस करेगा, तो उसे विकास विरोधी और सरकारी काम में बाधा मानकर उसके विरुद्ध तत्काल प्राथमिकी दर्ज कर कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी. उन्होंने पूर्वजों द्वारा दान की गई जमीन पर अवरोध पैदा करने की प्रवृत्ति को दुर्भाग्यपूर्ण बताया. समारोह के समापन पर विद्यालय के प्रधानाध्यापक ने जिला प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया. इस अवसर पर जिले के तमाम वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी, शिक्षक, अभिभावक, बच्चे और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे.

विज्ञापन
PANKAJ KUMAR SINGH

लेखक के बारे में

By PANKAJ KUMAR SINGH

PANKAJ KUMAR SINGH is a contributor at Prabhat Khabar.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन