शिक्षा मंत्री के इस्तीफे और एनटीए भंग करने की मांग को लेकर भाकपा माले, आइसा व आरवाईए का प्रदर्शन

फोटो- प्रतिरोध सभा में शामिल भाकपा कार्यकर्ता व अन्य | Prabhat Khabar Network
जमुई में भाकपा माले, आइसा और आरवाईए ने केंद्र सरकार के खिलाफ प्रतिरोध सभा का आयोजन किया. उन्होंने शिक्षा मंत्री के इस्तीफे और एनटीए को भंग करने की मांग उठाई.
जमुई शहर के कचहरी चौक पर सोमवार को भाकपा माले, आइसा और आरवाईए के बैनर तले प्रतिरोध सभा का आयोजन किया गया. सभा में कार्यकर्ताओं ने दिल्ली के जंतर-मंतर पर आंदोलन कर रहे छात्रों के समर्थन में नारेबाजी करते हुए केंद्र सरकार के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया. कार्यक्रम की अध्यक्षता नौजवान सभा के जिला संयोजक राहुल यादव ने की.
शिक्षा व्यवस्था पर उठाए सवाल
सभा को संबोधित करते हुए भाकपा माले के जिला सचिव शंभू शरण सिंह ने कहा कि देश की शिक्षा व्यवस्था गंभीर संकट से गुजर रही है. उनका आरोप था कि छात्रों की समस्याओं का समाधान करने के बजाय उनकी आवाज को दबाया जा रहा है.
एनटीए भंग करने और शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग
Jamui Protest: पार्टी के राज्य कमेटी सदस्य बाबू साहब सिंह ने आरोप लगाया कि विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में लगातार कथित पेपर लीक और परीक्षा प्रणाली में भ्रष्टाचार से करोड़ों छात्र-युवाओं का भविष्य प्रभावित हुआ है. उन्होंने शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान से नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए इस्तीफे की मांग की. साथ ही राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (एनटीए) को भंग करने और नई शिक्षा नीति-2020 वापस लेने की मांग भी दोहरायी.
जंतर-मंतर के आंदोलन के समर्थन में जताया विरोध
नेताओं ने जंतर-मंतर पर प्रदर्शन कर रहे छात्र-युवाओं के समर्थन में अपनी एकजुटता व्यक्त की. उन्होंने आरोप लगाया कि शांतिपूर्ण प्रदर्शन करने वाले छात्रों के साथ बल प्रयोग उचित नहीं है. उनका कहना था कि छात्र निष्पक्ष परीक्षा व्यवस्था, रोजगार और अपने भविष्य की सुरक्षा की मांग कर रहे हैं.
आंदोलन तेज करने की चेतावनी
Jamui Protest: सभा को संबोधित करते हुए बासुदेव राय और जयराम तुरी ने कथित नीट पेपर लीक मामले की निष्पक्ष जांच, छात्रों की आत्महत्या के मामलों में जवाबदेही तय करने तथा शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग दोहराई. उन्होंने कहा कि यदि छात्रों की मांगों पर गंभीरता से विचार नहीं किया गया तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा.प्रतिरोध सभा में मो. हैदर, किरण गुप्ता, ब्रह्मदेव ठाकुर, दामोदर पासवान, संगीत कुमारी, सविता देवी, अनीता देवी सहित बड़ी संख्या में भाकपा माले, आइसा और आरवाईए के कार्यकर्ता मौजूद रहे.
और पढ़ें: लग्जरी कार से 127.5 लीटर विदेशी शराब बरामद, शातिर तस्कर गिरफ्तार
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar News Desk
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










