जमुई के स्वच्छता कर्मियों ने उठाया मंदिर की सफाई का जिम्मा, लोगों को दिया संदेश
Published by : AMIT KUMAR SINH Updated At : 24 May 2026 9:20 AM
Jamui News : जमुई के प्रसिद्ध सरौन काली मंदिर में अब हर सप्ताह चलेगा सफाई अभियान. पंचायत के स्वच्छता कर्मियों ने मंदिर परिसर को स्वच्छ रखने का सामूहिक संकल्प लिया है.
जमुई से राहुल सिंह की रिपोर्ट : जमुई जिले के चकाई प्रखंड स्थित प्रसिद्ध सरौन काली मंदिर परिसर को स्वच्छ और व्यवस्थित रखने के लिए पंचायत के स्वच्छता कर्मियों ने सराहनीय पहल शुरू की है. स्वच्छता कर्मियों ने सामूहिक बैठक कर निर्णय लिया है कि आगामी वार्षिक पूजा तक प्रत्येक सप्ताह एक निर्धारित दिन मंदिर परिसर में विशेष सफाई अभियान चलाया जाएगा. इस पहल का उद्देश्य सिर्फ मंदिर की साफ-सफाई नहीं, बल्कि लोगों तक स्वच्छता का संदेश पहुंचाना भी है.
हर सप्ताह चलेगा सामूहिक सफाई अभियान
सरौन पंचायत के स्वच्छता पर्यवेक्षक काजल कुमार चौधरी ने बताया कि पंचायत में कार्यरत सभी स्वच्छता कर्मियों ने मिलकर मंदिर परिसर की नियमित सफाई का जिम्मा लिया है. तय किया गया है कि सप्ताह में एक दिन सभी कर्मी सामूहिक रूप से मंदिर परिसर की सफाई करेंगे, जबकि बाकी दिनों में संबंधित वार्ड के स्वच्छता कर्मी सफाई व्यवस्था बनाए रखेंगे.
श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखकर पहल
सरौन का काली मंदिर बिहार के साथ-साथ झारखंड और पश्चिम बंगाल के श्रद्धालुओं की भी आस्था का प्रमुख केंद्र माना जाता है. यहां प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोग पूजा-अर्चना के लिए पहुंचते हैं. वहीं वैशाख माह में आयोजित वार्षिक पूजा और मेले के दौरान हजारों श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ती है. ऐसे में मंदिर परिसर की स्वच्छता बनाए रखना बेहद जरूरी हो जाता है.सफाई के साथ लोगों को दिया जा रहा संदेश
स्वच्छता कर्मियों ने कहा कि इस अभियान का मुख्य उद्देश्य लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करना है. उनका मानना है कि धार्मिक स्थलों की सफाई केवल प्रशासन की नहीं, बल्कि समाज की भी जिम्मेदारी है. अभियान के दौरान मंदिर परिसर में विशेष साफ-सफाई की गई और लोगों से भी आसपास स्वच्छता बनाए रखने की अपील की गई.
स्थानीय लोगों ने की पहल की सराहना
पंचायतवासियों और स्थानीय श्रद्धालुओं ने स्वच्छता कर्मियों की इस पहल की जमकर सराहना की. लोगों ने इसे समाज के लिए प्रेरणादायक कदम बताते हुए कहा कि इससे स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ेगी और श्रद्धालुओं को बेहतर वातावरण मिलेगा.प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










