बिहार में जो युवक झगड़ा छुड़ाने गया उसे ही मौत के घाट उतारा, आक्रोशितों ने बीच सड़क पर किया हंगामा

बीच रोड पर हंगामा करते लोगों की तस्वीर
Bihar Crime: बिहार के जमुई जिले में एक झगड़े को खत्म करने पहुंचे युवक को ही मौत के घाट उतार दिया गया. इस घटना के बाद लोगों के बीच गुस्सा है. आक्रोशित लोगों ने बीच सड़क पर जमकर हंगामा किया. साथ ही आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग पर अड़े रहे.
Bihar Crime: जमुई जिले के रहने वाले निर्मल सिंह (38 साल) की मौत के बाद बुधवार सुबह लोगों में भारी आक्रोश देखने को मिला. आक्रोशित लोगों ने सुबह-सुबह सड़क जाम कर दिया. इस दौरान वे आरोपियों की गिरफ्तारी और मृतक के परिजन को नौकरी देने की मांग पर अड़े रहे.
क्या हुई थी पूरी घटना?
बताया जाता है कि बीते शनिवार को निमा रंग में रंजय सिंह और उसके भाई गोरे सिंह के बीच विवाद हो रहा था. इसी दौरान निर्मल सिंह बीच-बचाव करने पहुंचे. इसी दौरान रंजय सिंह और उसके बेटे लाली कुमार ने लोहे की रॉड से निर्मल सिंह के सिर पर हमला कर दिया, जिसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गए थे.
मौत के बाद गुस्साए लोगों ने किया खूब हंगामा
घटना के बाद उन्हें अस्पताल लाया गया. उनकी गंभीर स्थिति को देखकर सदर अस्पताल के डॉक्टर्स ने बेहतर इलाज के लिए पटना रेफर कर दिया. इसी दौरान बीते मंगलवार की देर रात उनकी मौत हो गई. मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया. आक्रोशित लोगों ने बुधवार सुबह सड़क जाम कर प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की. लोगों की मांग है कि आरोपियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार किया जाए और मृतक के आश्रित को सरकारी नौकरी दी जाए.
प्रशासन ने दिया आश्वासन
बताया जाता है कि मृतक निर्मल सिंह गैस एजेंसी में वाहन चालक के रूप में कार्यरत थे और अपने पीछे तीन छोटी-छोटी बेटियों को छोड़ गए हैं. बड़ी बेटी 8 साल की, जबकि अन्य दो बेटियां 5 और 3 साल की हैं. परिवार के सामने अब भरण-पोषण का गंभीर संकट खड़ा हो गया है. सूचना मिलने के बाद स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंचकर लोगों को समझाने-बुझाने में जुटी हुई है. प्रशासन की ओर से मामले में जल्द ही कार्रवाई का आश्वासन दिया गया है.
(जमुई से पंकज कुमार की रिपोर्ट)
Also Read: लहरिया कट बाइक चलाने से मना करने पर बदमाशों ने की फायरिंग और मारपीट, दो घायल
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Preeti Dayal
डिजिटल जर्नलिज्म में 3 साल का अनुभव. डिजिटल मीडिया से जुड़े टूल्स और टेकनिक को सीखने की लगन है. वर्तमान में प्रभात खबर डिजिटल में कंटेंट राइटर के पद पर कार्यरत हूं. बिहार की राजनीति और देश-दुनिया की घटनाओं में रुचि रखती हूं.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




