ePaper

जमीन विवाद में व्यक्ति की पीट-पीटकर हत्या

Updated at : 26 Feb 2026 9:20 PM (IST)
विज्ञापन
जमीन विवाद में व्यक्ति की पीट-पीटकर हत्या

चकाई प्रखंड के चंद्रमंडी थाना क्षेत्र अंतर्गत बुधवाडीह गांव में पुराने जमीन विवाद की रंजिश को लेकर 52 वर्षीय द्वारिका प्रसाद यादव की पीट-पीटकर हत्या करने का मामला सामने आया है.

विज्ञापन

सरौन. चकाई प्रखंड के चंद्रमंडी थाना क्षेत्र अंतर्गत बुधवाडीह गांव में पुराने जमीन विवाद की रंजिश को लेकर 52 वर्षीय द्वारिका प्रसाद यादव की पीट-पीटकर हत्या करने का मामला सामने आया है. मृतक के पुत्र कुंदन यादव ने बताया कि बीते बुधवार की देर शाम बगल के गांव बर्नपुर निवासी एक व्यक्ति ने उनके पिता को चिकन पार्टी के बहाने बुलाया था. उसका घर उनके घर से लगभग आधा किलोमीटर की दूरी पर है. कुंदन के अनुसार, उसके पिता द्वारिका प्रसाद यादव और मंझले चाचा लालकिशोर यादव बाइक से वहां जा रहे थे. बाइक लाल किशोर यादव चला रहे थे, जबकि द्वारिका प्रसाद यादव पीछे बैठे थे. बताया जाता है कि रास्ते में बांस की बाड़ी में पहले से घात लगाये बैठे पांच-छह लोगों ने बाइक रोककर लाठी-डंडा, रॉड व कुदाल से हमला कर दिया. हमले के दौरान लालकिशोर यादव किसी तरह जान बचाकर भाग निकले, लेकिन द्वारिका प्रसाद यादव को गंभीर रूप से घायल कर दिया गया. उनके दोनों हाथ-पैर और सिर पर गंभीर चोटें आयीं. घायल अवस्था में परिजनों ने उन्हें इलाज के लिए देवघर सदर अस्पताल पहुंचाया, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गयी. कुंदन यादव ने बताया कि उनके चचेरे चाचा के साथ पिछले दो वर्षों से जमीन को लेकर विवाद चल रहा था. उन्होंने आरोप लगाया कि इलाज के दौरान उनके पिता ने हमलावरों में अपने चाचा का नाम लिया था. घटना की सूचना मिलते ही चंद्रमंडी थानाध्यक्ष गजेंद्र कुमार पुलिस बल के साथ गुरुवार सुबह देवघर पहुंचे और मामले की जांच शुरू कर दी. पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है. थानाध्यक्ष ने बताया कि यह मामला पुराने जमीन विवाद से जुड़ा प्रतीत होता है. मृतक के पुत्र के फर्द बयान पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गयी है तथा आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है. पुलिस ने जल्द ही मामले के खुलासे का दावा किया है.

विज्ञापन
PANKAJ KUMAR SINGH

लेखक के बारे में

By PANKAJ KUMAR SINGH

PANKAJ KUMAR SINGH is a contributor at Prabhat Khabar.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन