दहेज हत्या के आरोप में 6 माह से जेल में बंद है पति, मायके से सकुशल बरामद हुई पत्नी, लापरवाह पुलिस पर सवाल
Published by : Prabhat Khabar Digital Desk Updated At : 09 Sep 2022 10:37 AM
एक युवक पिछले 6 महीने से पत्नी की हत्या के आरोप में जेल में बंद है. बुधवार को उसकी पत्नी अपने मायके से बरामद हुई. इस मामले में बिना जांच पड़ताल किये युवक को जेल भेजने वाली पुलिस अब पत्नी औऱ उसके मायके वालों के खिलाफ मुकदमा करने की बात कह रही है.
सीतामढ़ी. एक युवक पिछले 6 महीने से पत्नी की हत्या के आरोप में जेल में बंद है. बुधवार को उसकी पत्नी अपने मायके से बरामद हुई. इस मामले में बिना जांच पड़ताल किये युवक को जेल भेजने वाली पुलिस अब पत्नी औऱ उसके मायके वालों के खिलाफ मुकदमा करने की बात कह रही है.
मामला सीतामढी जिले के चोरौत थाने के जोगिया गांव की है. यहां के अरूण कुमार नाम के युवक को इसी साल 23 मार्च को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था. दरअसल उस युवक के खिलाफ ससुराल वालों ने केस दर्ज कराया था. ससुराल वालों ने आरोप लगाया था कि युवक ने दहेज के लिए अपनी पत्नी की हत्या कर दी है औऱ लाश भी गायब कर दिया है. पुलिस ने मामला दर्ज होने के बाद बगैर कोई छानबीन किये युवक को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया.
उधर, युवक के परिजन हत्या के झूठे मुकदमे से परेशान थे. उनका कहना था कि जिसकी हत्या की बात कही जा रही है, वह खुद घर छोड़ कर चली गयी थी. जेल गये युवक के परिजन महिला के बारे में पता लगाने में लगे. इसी बीच, उन्हें खबर मिली की महिला नेपाल स्थित अपने मायके में रह ही है. युवक के परिजनों ने पुलिस को इसकी जानकारी दी. इसके बाद पुलिस ने मायके में छापेमारी कर महिला को हिरासत में ले लिया है. पुलिस ने उसे स्थानीय न्यायालय में पेश किया है, जहां उसका बयान दर्ज किया गया है.
मामले के बारे में थाना अध्यक्ष जितेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि स्थानीय निवासी शशि कुमार अपनी पत्नी हीरा देवी की हत्या मामले में जेल में बंद है. मिली जानकारी के अनुसार, 7 महीने पहले नेपाल के महोत्तरी जिला के मटिहानी थाना क्षेत्र के वार्ड पांच निवासी विनोद नायक ने शिकायत दर्ज कराई थी. इसमें बताया गया था कि उनकी बेटी हीरा देवी को ससुराल वालों ने जलाकर मार डाला है.
उन्होंने ये भी बताया था कि महिला के शव को जला दिया गया है. महिला के पिता ने अपने दामाद शशि कुमार, उसके भाई संजय महतो और सास सुमित्रा देवी पर दहेज के लिए बेटी की हत्या करने का आरोप लगाया था. शिकायत पर कार्रवाई करते हुए आरोपी पति शशि कुमार को 6 महीने पहले गिरफ्तार कर लिया गया था.
इधर जांच के दौरान पुलिस को जब पता चला कि वह जीवित है, तो सभी आश्चर्य में पड़ गये. हीरा कुमारी अपने मायके नेपाल में पायी गई है. वही महिला के परिजनों से मिली जानकारी के अनुसार बाहर से कमा कर लौटने के दौरान महिला को मुजफ्फरपुर रेलवे स्टेशन पर उसके पति शशि कुमार ने छोड़ दिया था.
महिला अपनी सूझबूझ से परिजनों के पास नेपाल पहुंच गयी. बताया जा रहा है कि महिला मानसिक रूप से थोड़ी अस्वस्थ है. दोनों से एक साल का एक बेटा भी है. पुलिस अब महिला के घरवालों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने की बात कह रही है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar Digital Desk
यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










