हाजीपुर : तुलसी चौक पर पुलिस को देख भागने लगा युवक, 50 ग्राम ब्राउन शुगर के साथ धराया
हाजीपुर सदर थाना पुलिस ने तुलसी चौक के पास 50 ग्राम ब्राउन शुगर के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी पहले भी आर्म्स एक्ट के मामलों में जेल जा चुका है।
Hajipur Crime News : हाजीपुर सदर थाना पुलिस ने नशे के कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन नीलकंठ के तहत तुलसी चौक के समीप से 50 ग्राम ब्राउन शुगर के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार आरोपित की पहचान सदर थाना क्षेत्र के पानापुर गौरई निवासी सूरज कुमार के रूप में हुई है. गश्ती के दौरान पुलिस टीम को देखकर युवक भागने लगा, जिसे पुलिसकर्मियों ने पीछा कर पकड़ लिया. तलाशी लेने पर उसके पास से प्लास्टिक की थैलियों में छिपाकर रखा 50 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद हुआ.
आपके शहर में
पहले भी नशीले पदार्थ और आर्म्स एक्ट में जा चुका है जेल
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार सूरज कुमार का आपराधिक इतिहास रहा है. वह पूर्व में नशीले पदार्थों की खरीद-बिक्री और आर्म्स एक्ट से जुड़े मामलों में जेल जा चुका है. सदर थाना पुलिस ने उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट समेत अन्य संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की है. पुलिस अब बरामद ब्राउन शुगर की खेप के स्रोत और उसके संभावित खरीदारों का पता लगाने में जुटी है.
तस्करी नेटवर्क की तलाश में छापेमारी
सदर थानाध्यक्ष मुकेश कुमार ने बताया कि 50 ग्राम ब्राउन शुगर के साथ एक तस्कर को गिरफ्तार किया गया है. पुलिस आरोपित से पूछताछ के आधार पर हाजीपुर और आसपास के क्षेत्रों में सक्रिय नशा तस्करों के नेटवर्क की जानकारी जुटा रही है. इस धंधे से जुड़े अन्य लोगों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है. पूछताछ के बाद गिरफ्तार आरोपित को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में
By अभिषेक कुमार
अभिषेक कुमार 9 साल से पत्रकारिता कर रहे हैं. इनकी सबसे अच्छी पकड़ क्राइम और राजनीति की खबरों पर है.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए