महनार रोड स्टेशन पर प्रसव पीड़ा से तड़पती महिला ने प्लेटफॉर्म के बाहर दिया बेटे को जन्म, दोनों स्वस्थ
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र महनार | Prabhat Khabar Network
महनार रोड रेलवे स्टेशन पर एक गर्भवती महिला को ट्रेन यात्रा के दौरान प्रसव पीड़ा हुई. स्टेशन पर यात्रियों की मदद से उतारे जाने के बाद, एंबुलेंस के आने से पहले ही महिला ने प्लेटफॉर्म के बाहर एक स्वस्थ पुत्र को जन्म दिया. स्वास्थ्य विभाग की टीम ने तुरंत पहुंचकर जच्चा-बच्चा को अस्पताल पहुंचाया, जहां दोनों की हालत स्थिर बताई जा रही है.
Hajipur News : हाजीपुर–बछवाड़ा रेलखंड के महनार रोड रेलवे स्टेशन पर गुरुवार को मानवता और तत्परता की मिसाल देखने को मिली. ट्रेन से सफर कर रही एक गर्भवती महिला को प्रसव पीड़ा होने पर स्टेशन पर उतारा गया. एंबुलेंस पहुंचने से पहले ही स्टेशन परिसर के बाहर महिला ने एक स्वस्थ पुत्र को जन्म दे दिया. सूचना मिलते ही स्वास्थ्य विभाग की टीम मौके पर पहुंची और जच्चा-बच्चा को सुरक्षित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाकर भर्ती कराया.
ट्रेन में शुरू हुई प्रसव पीड़ा, यात्रियों ने महनार स्टेशन पर उतारा
जानकारी के अनुसार, पहाड़पुर विशुनपुर पंचायत के सुरहा गांव निवासी ललिता देवी, पति मनोज पासवान, अपने ससुराल भगवानपुर से मायके सुरहा आने के लिए ट्रेन से यात्रा कर रही थीं. हाजीपुर से महनार के बीच यात्रा के दौरान उन्हें प्रसव पीड़ा शुरू हो गई. महनार रोड रेलवे स्टेशन पहुंचने पर यात्रियों की मदद से उन्हें ट्रेन से उतारा गया.
एंबुलेंस आने से पहले हुआ प्रसव
स्टेशन के बाहर महिला की हालत गंभीर हो गई. मौजूद लोगों ने तुरंत महनार सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र को सूचना देकर एंबुलेंस बुलाया, लेकिन उसके पहुंचने से पहले ही महिला ने खुले परिसर में एक स्वस्थ पुत्र को जन्म दे दिया.
स्वास्थ्य टीम ने पहुंचाया अस्पताल
सूचना मिलते ही एंबुलेंस और स्वास्थ्यकर्मी मौके पर पहुंचे. प्राथमिक देखभाल के बाद जच्चा-बच्चा को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, महनार लाया गया, जहां दोनों को भर्ती कर आवश्यक चिकित्सीय देखभाल उपलब्ध कराई गई.
जच्चा-बच्चा दोनों पूरी तरह स्वस्थ
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र की प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. पूनम सिन्हा ने बताया कि सूचना मिलते ही तत्काल एंबुलेंस भेजी गई थी. अस्पताल में महिला और नवजात को आवश्यक उपचार दिया गया. उन्होंने बताया कि जच्चा-बच्चा दोनों पूरी तरह स्वस्थ हैं. ड्यूटी पर तैनात चिकित्सक डॉ. प्रियरंजन ने बताया कि महिला पहाड़पुर विशुनपुर पंचायत के सुरहा गांव की रहने वाली है. दोनों की स्थिति सामान्य है और चिकित्सकीय निगरानी में रखकर देखभाल की जा रही है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar News Desk
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










