वैशाली में भारतमाला परियोजना के तहत निर्माणाधीन पुल का लॉन्चर गिरा, 6 कर्मचारी घायल; दो की हालत गंभीर
टूटा हुआ स्ट्रक्चर
वैशाली में भारतमाला परियोजना के तहत बन रहे एनएच-139डब्ल्यू फोरलेन पर निर्माणाधीन पुल का लॉन्चर गिरने से 6 कर्मचारी घायल हो गए. इनमें से दो की हालत गंभीर बनी हुई है. घटना के बाद ग्रामीणों ने सुरक्षा मानकों पर सवाल उठाए हैं.
Vaishali Bridge Launcher Dropped : वैशाली जिले के लालगंज थाना क्षेत्र में भारतमाला परियोजना के तहत बन रहे एनएच-139डब्ल्यू फोरलेन पर गुरुवार को हादसा हो गया. निर्माण कार्य के दौरान एक निर्माणाधीन पुल का भारी-भरकम लॉन्चर अचानक भरभरा कर गिर गया. हादसे में साइट पर काम कर रहे छह कर्मचारी घायल हो गए. इनमें दो की हालत गंभीर बताई जा रही है.
हादसे के बाद घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया
लॉन्चर गिरने के बाद निर्माण स्थल पर अफरा-तफरी मच गयी. मौके पर मौजूद सहकर्मियों और स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को आनन-फानन में लालगंज रेफरल अस्पताल पहुंचाया गया. अस्पताल में छह घायल कर्मचारियों का इलाज किया गया. गंभीर रूप से घायल दो कर्मचारियों को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया.

अस्पताल में जुटी परिजनों और ग्रामीणों की भीड़
घटना की जानकारी मिलने के बाद घायलों के परिजन और स्थानीय लोग भी अस्पताल पहुंच गये. अस्पताल परिसर में भी कुछ देर तक अफरा-तफरी का माहौल रहा. लोग घायलों की स्थिति की जानकारी लेने में जुटे रहे.
हाजीपुर में बाया नदी के स्लूइस गेट के पास पानी का रिसाव, विभाग ने तत्काल कराया दुरुस्त
ग्रामीणों ने सुरक्षा व्यवस्था पर उठाये सवाल
हादसे की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंच गये और हंगामा करने लगे. ग्रामीणों और परिजनों ने निर्माण स्थल पर सुरक्षा मानकों की अनदेखी का आरोप लगाया. उनका कहना था कि इतनी बड़ी राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजना में काम के दौरान पर्याप्त सुरक्षा उपकरण और तकनीकी सतर्कता होनी चाहिए.
अधिकारियों और ठेकेदार पर भी उठे सवाल
ग्रामीणों का आरोप है कि हादसे की जानकारी मिलते ही प्रोजेक्ट से जुड़े कई वरीय पदाधिकारी और ठेकेदार मौके से चले गये. इससे लोगों में और आक्रोश बढ़ गया. ग्रामीणों ने निर्माण कार्य में सुरक्षा व्यवस्था की जांच कराने और जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई की मांग की.
पुलिस और प्रशासन ने संभाली स्थिति
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय थाना पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे. पुलिस ने आक्रोशित ग्रामीणों को समझाकर स्थिति को नियंत्रित किया. अधिकारियों ने घटनास्थल का जायजा लिया और हादसे के कारणों की जांच शुरू की.
तकनीकी खामी या लापरवाही की होगी जांच
अधिकारी यह पता लगाने में जुटे हैं कि निर्माणाधीन पुल का लॉन्चर किस तकनीकी खामी या लापरवाही के कारण गिरा. हादसे के बाद निर्माण स्थल पर सुरक्षा मानकों को लेकर भी सवाल खड़े हो गये हैं. प्रशासन का कहना है कि जांच रिपोर्ट के आधार पर दोषियों के खिलाफ नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
गोपालगंज के हथुआ में डाकघर का जर्जर छत गिरा, बाल-बाल बचे कर्मी, टला हादसा
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए