हाजीपुर में एक करोड़ की योजना से बन रहे सड़क का काम अब तक अधूरा, निर्माण अवधि भी खत्म; मेटल बिछाकर ठेकेदार हुआ गायब

Updated:
विज्ञापन

मेटल बिछी जर्जर सड़क

WhatsApp चैनल से जुड़ेंगूगल पर प्रभात खबर चुनें

पातेपुर में 1 करोड़ की लागत से बन रही 1.5 किमी सड़क पिछले एक साल से अधूरी पड़ी है. ठेकेदार ने मेटल बिछाकर काम बंद कर दिया, जिससे राहगीरों को भारी परेशानी हो रही है. कई लोग गिरकर घायल हो चुके हैं.

विज्ञापन

हाजीपुर के पातेपुर प्रखंड की भेरोखरा पंचायत में सतकुरवा दरगाह से हरपुर तक करीब डेढ़ किलोमीटर सड़क का निर्माण पिछले एक साल से अधूरा पड़ा है. ठेकेदार ने सड़क पर मेटल बिछाने के बाद काम बंद कर दिया और दोबारा लौटकर नहीं आया.

विज्ञापन

सड़क की हालत ऐसी है कि इस पर बाइक और साइकिल से चलना भी मुश्किल हो गया है. सड़क पर बिखरे मेटल के कारण आए दिन साइकिल और बाइक सवार गिरकर घायल हो रहे हैं.

फोटो -52- सड़क निर्माण के लगा बोर्ड | Prabhat Khabar Network
सड़क निर्माण के लगा बोर्ड

ठेकेदार की ओर से लगाए गए बोर्ड पर काम शुरू होने की तारीख 14 अगस्त 2025 और काम पूरा करने की तारीख 13 अगस्त 2026 दर्ज है. निर्धारित समय पूरा होने के बाद भी सड़क का निर्माण अधूरा है.

मुख्यमंत्री ग्राम संपर्क योजना से होनी थी सड़क

विभागीय अधिकारियों के अनुसार सतकुरवा दरगाह से हरपुर गांव तक सड़क का निर्माण मुख्यमंत्री ग्राम संपर्क योजना के तहत कराया जाना था. इसके लिए विभाग की ओर से 98.762 लाख रुपये की राशि स्वीकृत की गयी थी.

सड़क के पांच साल तक रखरखाव के लिए 9.273 लाख रुपये की भी स्वीकृति मिली है. स्थानीय विधायक सह बिहार सरकार के मंत्री लखेंद्र पासवान ने सड़क का शिलान्यास किया था.

इसके बाद संवेदक ने निर्माण कार्य शुरू कराया. करीब 600 मीटर सड़क की ढलाई भी करायी गयी. इसके बाद संवेदक ने काम बंद कर दिया. सड़क के बचे हिस्से पर सिर्फ मेटल डालकर छोड़ दिया गया.

राहगीरों को हो रही परेशानी

सड़क अधूरी रहने के कारण भेरोखरा पंचायत के लोगों को काफी परेशानी हो रही है. ग्रामीणों के अनुसार यह सड़क भेरोखरा पंचायत से हरपुर और पातेपुर मुख्यालय जाने के लिए प्रमुख मार्ग है.

सड़क पर मेटल बिछाकर छोड़ देने से लोगों का आवागमन मुश्किल हो गया है. ग्रामीणों का कहना है कि एक साल पहले निर्माण शुरू होने पर सड़क बनने की उम्मीद जगी थी. लेकिन निर्धारित समय बीतने के बाद भी काम पूरा नहीं हुआ.

ठेकेदार पर लगेगा जुर्माना, बरसात के बाद पूरा होगा काम

ग्रामीण कार्य विभाग के कार्यपालक अभियंता सुधीर कुमार ने बताया कि भेरोखरा पंचायत में करीब डेढ़ किलोमीटर सड़क का निर्माण अगस्त माह में ही पूरा होना था. ठेकेदार की लापरवाही के कारण काम अधूरा है.

उन्होंने कहा कि समय पर काम पूरा नहीं करने के कारण ठेकेदार पर जुर्माना लगाया जाएगा. बरसात के बाद हर हाल में सड़क का निर्माण पूरा कराया जाएगा. उन्होंने बताया कि अभी ठेकेदार को कुछ राशि का ही भुगतान किया गया है.

ग्रामीणों ने कार्रवाई की मांग की

समाजसेवी सीताराम राय ने कहा कि एक साल पहले सड़क निर्माण शुरू होने से लोगों को उम्मीद जगी थी. लेकिन समय पूरा होने के बाद भी सड़क नहीं बन सकी. विभाग को मामले पर ध्यान देना चाहिए था.

स्थानीय ग्रामीण शुक्कन राय ने कहा कि स्थानीय विधायक सिर्फ सड़क का शिलान्यास करते हैं. निर्माण पूरा हुआ या नहीं, इसे देखने के लिए एक बार भी क्षेत्र में नहीं आते हैं. सड़क पर पत्थर डालकर छोड़ देने से राहगीरों को काफी परेशानी हो रही है.

उन्होंने कहा कि ठेकेदार की लापरवाही को लेकर कई बार पदाधिकारियों से शिकायत की गयी है. इसके बावजूद अब तक सड़क का निर्माण पूरा नहीं हो सका है.

आपके शहर में

विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन