हाजीपुर में दिनदहाड़े गोलीबारी: बाइक सवार दो बदमाशों ने की फायरिंग; घर के बाहर CCTV में कैद हुई वारदात, SP ने बताया प्रेम प्रसंग से जुड़ा है मामला
घटनास्थल का निरीक्षण करते ग्रामीण एसपी व अन्य
प्रेम प्रसंग के चलते लालगंज में एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है, जहाँ प्रेमी के घर पर दो बाइक सवार अपराधियों ने गोलीबारी की. इस पूरी घटना को घर में लगे CCTV कैमरे में कैद कर लिया गया है. पुलिस मामले की जांच में जुट गई है.
Hajipur Firing Case : लालगंज के कारतहाँ थाना क्षेत्र के भटौली भगवान पंचायत में बुधवार की दोपहर घर पर बाइक सवार दो अपराधियों ने गोलीबारी की. अचानक हुई फायरिंग से इलाके में डर फैल गया. गोलीबारी की पूरी वारदात घर में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई.
घटना की सूचना मिलते ही वैशाली के ग्रामीण एसपी सोनू कुमार राय, सदर एसडीपीओ टू गोपाल मंडल और कारतहाँ थानाध्यक्ष आदित्य कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. पुलिस ने घटनास्थल से दो खोखा बरामद किया है. घर में लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज भी पुलिस ने अपने कब्जे में ले ली है.
एफएसएल की टीम ने भी घटनास्थल पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी. पुलिस ने मामले में पूछताछ के लिए एक व्यक्ति को हिरासत में लिया है.
प्रेम प्रसंग से जुड़ा है पूरा मामला
जानकारी के अनुसार कारतहाँ थाना क्षेत्र के पातेपुर गांव निवासी बच्चा बाबू सहनी की विवाहिता बेटी संजना कुमारी का भटौली भगवान गांव निवासी महेश प्रसाद साह के पुत्र आदित्य कुमार के साथ प्रेम प्रसंग चल रहा था. बताया जाता है कि दोनों घर से फरार हो गए थे.
इस मामले में लड़की के पिता बच्चा बाबू सहनी ने कारतहाँ थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई थी. इसके बाद पुलिस ने दोनों को बरामद कर लिया था. दोनों को हाजीपुर न्यायालय में बयान के लिए भेजा गया था.
न्यायालय में लड़की ने प्रेमी के साथ रहने की जताई इच्छा
न्यायालय में लड़की ने अपने प्रेमी के साथ रहने की इच्छा जताई थी. इसके आधार पर पुलिस ने उसे प्रेमी के साथ जाने दिया. इसके बाद लड़की पक्ष के परिजनों द्वारा लड़के के परिवार पर लड़की को वापस सौंपने का दबाव बनाए जाने की बात सामने आई.
WATCH VIDEO: सम्राट चौधरी बांट रहे जमीन! अफवाह सुनकर बिहार के कोने-कोने से पटना पहुंचे गरीब, वीडियो में देखें CM सचिवालय के बाहर का नजारा
पहले भी थाना में दिया गया था आवेदन
लड़के के पिता महेश प्रसाद साह ने बताया कि लड़की पक्ष के लोग उन्हें डरा धमकाकर लड़की को सौंपने के लिए दबाव बना रहे थे. इस संबंध में उन्होंने कारतहाँ थाना में पहले दो बार आवेदन देकर पुलिस को जानकारी दी थी.
आवेदन में कथित तौर पर धमकी दिए जाने की बात भी कही गई थी. इसी बीच बुधवार की दोपहर महेश प्रसाद साह के घर पर गोलीबारी की घटना हो गई.
श्राद्ध कार्यक्रम के सामान के साथ घर पहुंचे थे परिजन
महेश कुमार साह ने बताया कि उनके घर में श्राद्ध कार्यक्रम चल रहा है. वे लोग लालगंज बाजार से श्राद्ध का सामान लेकर घर पहुंचे थे. घर में परिवार के दो-तीन लोग मौजूद थे. इसी दौरान एक टोटो चालक और एक मजदूर सामान घर में रख रहे थे. तभी बाइक सवार दो अपराधी वहां पहुंचे. दोनों ने पिस्टल से तीन राउंड फायरिंग की और पातेपुर की ओर फरार हो गए.
गोलीबारी में गृहस्वामी और परिवार के अन्य सदस्य बाल-बाल बच गए. घटना में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है. पूरी वारदात घर में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई.
अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी
घटना के बाद पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर अपराधियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए छापेमारी शुरू कर दी है. पुलिस आसपास के इलाकों में भी जांच कर रही है. घटनास्थल से बरामद खोखे को जांच के लिए भेजने की प्रक्रिया की जा रही है.
ग्रामीण एसपी ने बताया प्रेम प्रसंग से जुड़ा है मामला
घटनास्थल पर पहुंचे वैशाली के ग्रामीण एसपी सोनू कुमार राय ने बताया कि कारतहाँ थाना क्षेत्र के भटौली भगवान गांव में महेश कुमार साह के घर पर बुधवार की दोपहर बाइक सवार दो अपराधियों ने गोलीबारी की है.
उन्होंने बताया कि प्रारंभिक जांच में घटना का संबंध पातेपुर गांव निवासी बच्चा बाबू सहनी की बेटी के प्रेम प्रसंग से जुड़ा पाया गया है. इस संबंध में पहले कारतहाँ थाना में प्राथमिकी दर्ज हुई थी.
फिलहाल अपराधियों की पहचान नहीं हो सकी है. पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है. पीड़ित परिजन की ओर से आवेदन करने के बाद प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी.
आयकर विभाग द्वारा बेगूसराय सदर अस्पताल में TDS-TCS सेमिनार का आयोजन, लोगों को नए नियमों-रिटर्न दाखिल करने की दी गई जानकारी
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए