गंगा-गंडक का घट रहा जलस्तर, फिर भी हाजीपुर के 6 प्रखंड और 2 नगर निकाय बाढ़ से प्रभावित; राहत एवं स्वास्थ्य सेवाएं लगातार जारी
हाजीपुर तेरसिया में बाढ़ का दृश्य
हाजीपुर में गंगा और गंडक नदी का जलस्तर कम होने के बावजूद छह प्रखंड और दो नगर निकाय बाढ़ से प्रभावित हैं. जिला प्रशासन प्रभावित क्षेत्रों में 274 नावों के माध्यम से राहत कार्य चला रहा है, जिसमें सामुदायिक रसोई, स्वास्थ्य शिविर और पशु चिकित्सा शामिल हैं. अब तक करीब तीन लाख लोगों को सहायता पहुंचाई जा रही है.
Hajipur Flood Affect : हाजीपुर में गंगा और गंडक नदी का जलस्तर लगातार घट रहा है. इसके बावजूद राघोपुर, हाजीपुर, महनार, देसरी, सहदेई बुजुर्ग और बिदुपुर सहित छह प्रखंड अब भी बाढ़ से प्रभावित हैं. इसके अलावा दो नगर निकाय क्षेत्र भी बाढ़ की चपेट में हैं.
प्रभावित इलाकों में लोगों के आवागमन और राहत कार्य के लिए फिलहाल 274 नावों का परिचालन किया जा रहा है. जिले में बाढ़ से प्रभावित आबादी करीब तीन लाख बतायी गयी है.
डीएम ने बाढ़ की स्थिति की दी जानकारी
बुधवार को डीएम वर्षा सिंह ने पुष्करणी सभागार में मीडिया प्रतिनिधियों के साथ आपदा संबंधी प्रेस वार्ता की. इस दौरान उन्होंने जिले में बाढ़ की वर्तमान स्थिति की जानकारी दी.
डीएम ने प्रभावित क्षेत्रों में जिला प्रशासन की ओर से चलाये जा रहे राहत, बचाव, स्वास्थ्य और पशु चिकित्सा कार्यों के बारे में भी जानकारी दी.

34 सामुदायिक रसोई और दो राहत शिविर संचालित
डीएम ने बताया कि बाढ़ प्रभावित लोगों को भोजन उपलब्ध कराने के लिए जिले में 34 सामुदायिक रसोई संचालित की जा रही हैं. इसके अलावा दो राहत शिविर भी चलाये जा रहे हैं.
एक राहत शिविर जीएबी कॉलेज और दूसरा गंगा ब्रिज, हाजीपुर में संचालित है. यहां जरूरतमंद प्रभावित लोगों को राहत उपलब्ध करायी जा रही है.
22 स्वास्थ्य शिविरों में 3 हजार मरीजों का इलाज
प्रभावित क्षेत्रों में स्वास्थ्य सुविधाओं के लिए 22 स्थायी स्वास्थ्य शिविर संचालित किये जा रहे हैं. आवश्यकता के अनुसार सात नाव एंबुलेंस भी चलायी जा रही हैं.
अब तक करीब 3,000 मरीजों का उपचार किया जा चुका है. प्रभावित लोगों के बीच जरूरी दवाओं का वितरण भी लगातार किया जा रहा है.
Power Supply: हाजीपुर में 33 केवी राघोपुर लाइन पर बाढ़ के कारण बढ़ा खतरा, रात 12 से सुबह 3 बजे तक ही रहेगी बिजली आपूर्ति
800 पशुओं का उपचार, 70 हजार किलो चारा वितरित
बाढ़ प्रभावित छह प्रखंडों में पशुओं के स्वास्थ्य और संरक्षण के लिए 10 पशु चिकित्सा शिविर संचालित किये जा रहे हैं. इन शिविरों में अब तक करीब 800 पशुओं का उपचार किया गया है.
प्रभावित पशुपालकों के बीच करीब 70,000 किलो पशु चारा भी वितरित किया जा चुका है. पशु चिकित्सा और उपचार के लिए पशुपालन विभाग की ओर से आठ एंबुलेंस वैन का परिचालन किया जा रहा है.
17 हजार से अधिक ड्राई राशन पैकेट बांटे गये
जिले में अब तक करीब 17 हजार 100 ड्राई राशन पैकेट वितरित किये जा चुके हैं. फिलहाल करीब 5,000 ड्राई राशन पैकेट का स्टॉक उपलब्ध है. जरूरत के अनुसार पैकेट तैयार कर प्रभावित परिवारों के बीच वितरित किये जा रहे हैं.
PHOTOS : गर्दनीबाग में दारोगा अभ्यर्थियों का धरना, हाथों में पोस्टर लेकर PET की तारीख जारी करने की मांग; आमरण अनशन की चेतावनी
इसके अलावा अब तक 5,000 मेडिकल किट भी वितरित किये जा चुके हैं. 5,000 मेडिकल किट अभी स्टॉक में उपलब्ध हैं. प्रभावित परिवारों के बीच करीब 12,000 हैलोजन टैबलेट का वितरण भी किया जा चुका है.
प्रशासन की राहत व्यवस्था जारी
जिला प्रशासन की ओर से बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में राहत और बचाव कार्य लगातार जारी है. जलस्तर घटने के बावजूद प्रभावित इलाकों में लोगों की जरूरत के अनुसार नाव, भोजन, स्वास्थ्य और पशु चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध करायी जा रही हैं.
प्रेस वार्ता में अपर समाहर्ता आपदा प्रबंधन वैशाली, अनुमंडल पदाधिकारी हाजीपुर और जिला जनसंपर्क पदाधिकारी सहित अन्य अधिकारी मौजूद थे.
हाजीपुर में दिनदहाड़े गोलीबारी: बाइक सवार दो बदमाशों ने की फायरिंग; घर के बाहर CCTV में कैद हुई वारदात, SP ने बताया प्रेम प्रसंग से जुड़ा है मामला
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए